बकरीद पर रांची पुलिस अलर्ट मोड पर : सुरक्षा में 500 अतिरिक्त जवानों की रहेगी तैनाती,कंट्रोल रूम से सीधे निगरानी
रांची:राजधानी में बकरीद त्योहार को लेकर रांची पुलिस अलर्ट मोड पर है. शहर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने को लेकर रांची पुलिस शांति समिति की बैठक भी की है. बैठक में अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है. त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में 500 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी. इसके साथ ही पूरे शहर की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है, जहां से संवेदनशील इलाकों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जाएगी.
संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी से निगरानी
शहर के सभी संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों को चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है. इन जगहों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा ड्रोन कैमरों के जरिए भी भीड़भाड़ वाले इलाकों और मस्जिदों के आस-पास की गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाएगी. इसमें कुछ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया जाएगा जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे.
त्योहार के दिन मांस की दुकानों पर रहेगा प्रतिबंध
शांति समिति की बैठक और प्रशासनिक दिशा निर्देश अनुसार, बकरीद के दिन शहर के निर्धारित सार्वजनिक स्थानों और खुले में मीट की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की पवित्रता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उस दिन मांस की दुकानें बंद रहेंगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों और अवैध रूप से मीट बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कंट्रोल रूम रहेगा 24 घंटे एक्टिव
बकरीद त्योहार में होने वाले हर गतिविधियों की नजर सीधे कंट्रोल रूम से की जाएगी. यहां मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों की तैनाती रहेगी जो हर गतिविधियों पर नजर रखेंगे.किसी भी आपातकालीन स्थिति या सूचना पर तुरंत कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम और दंगा नियंत्रण वाहनों को तैयार रखने की बात कही गई है. फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स और इंस्टाग्राम पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. जो व्यक्ति पुराने वीडियो भेजकर गुमराह फैलाने का काम करेंगे उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अफवाहों पर न दें ध्यान,पुलिस की अपील
रांची पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें. प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया या स्थानीय स्तर पर फैलने वाली किसी भी संदिग्ध खबर की पुष्टि पहले स्थानीय पुलिस या कंट्रोल रूम से कर लें. भ्रामक खबरें या अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों की भी मदद ली जा रही है.
सिटी एसपी का बयान
रांची सिटी एसपी पारस रणा ने बताया कि बकरीद त्योहार को लेकर पुलिस अपनी ओर से पूरी तैयारी कर ली है. कई संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे. वहीं, शरारती तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. धार्मिक स्थलों पर पीसीआर की मूवमेंट और तेज की जाएगी. सभी पीसीआर वाहनों में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई है.