अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : सीएम सम्राट चौधरी ने किया योग,बोले-स्कूल,कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को जोड़ा जाएगा
पटना: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए. इस मौके पर सम्राट चौधरी ने योगाभ्यास किया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और पूर्व मंत्री मंगल पांडेय समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं. लोगों से नियमित योग करने की अपील भी की.

नरेंद्र मोदी केनेतृत्व में योग को मिली वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली और संयुक्त राष्ट्र की ओर से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की गई. उन्होंने कहा कि आज दुनियाभर में करोड़ों लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सीएम का बड़ा ऐलान
वहीं, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अगले शैक्षणिक सत्र से बिहार के सभी स्कूल और कॉलेजों के पाठ्यक्रम (सिलेबस) में योग को भी आधिकारिक रूप से जोड़ा जाएगा . मुख्यमंत्री ने कहा कि पीटी और अन्य गतिविधियों की तरह योग को भी शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाएगा, ताकि छात्र स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं.
'बिहार की धरती से फैला योग'
सीएम सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि बिहार की धरती से योग फैला है. दुनिया के लोग आज भी मुंगेर की धरती पर आते हैं, और यहां से जाकर दुनियाभर में योग फैलाते हैं. सरकार योग पर एक बड़ा बजट खर्च करती है. सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार चाहती है कि आप स्वस्थ रहें और आपके जीवन में खुशहाली रहे.