चाईबासा : बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में योगाभ्यास,योग स्वस्थ,संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार-डीसी
चाईबासा:12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया.कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की.
'योगमन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम'
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का अमूल्य उपहार है,जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है. उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है. वर्तमान समय में बढ़ती भागदौड़, तनावपूर्ण जीवनशैली एवं विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ जीवन का सबसे सरल, सुलभ एवं प्रभावी उपाय बनकर उभरा है. डीसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए जाने के बाद इसकी लोकप्रियता निरंतर बढ़ी है. उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं.
'अनेक समस्याओं का समाधान योग के माध्यम से संभव'
जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने अपने संबोधन में कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाता है. उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण उत्पन्न हो रही अनेक समस्याओं का समाधान योग के माध्यम से संभव है.उन्होंने महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
'योग अनुशासन, संयम एवं सकारात्मक सोच का प्रतीक'
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि योग अनुशासन, संयम एवं सकारात्मक सोच का प्रतीक है. योग हमें अपने शरीर एवं मन को समझने और जीवन में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है.
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी एवं अपर उपायुक्त श्री किस्टो कुमार बेसरा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण का संकल्प लिया.





