बक्सर सांसद सुधाकर सिंह का बेतुका बयान : दोनों डिप्टी सीएम को बताया रावण का अवतार, CM नीतीश के साथ-साथ पीके और BJP पर भी कसा तंज

KAIMUR : बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के साथ-साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। इस दौरान उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी भी की और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को रावण का अवतार करार दिया।
विरोधियों पर तीखा प्रहार करते हुए बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि जो नए लोग हैं, वो चुनावी बरसाती मेंढक हैं। उनके लिए रामगढ़ में कुछ नया लगता होगा। हमारे लिए तो किसानों के घर में हम लोगों का भोजन होता है, नाश्ता होता है। जो लोग चुनौती पेश कर रहे हैं, वे फिर मुंह की खाएंगे। चुनाव में फिर 20,000 से अधिक मतों से हारेंगे।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को 'शोले' फिल्म का 'गब्बर' बताया था। सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि एक बात बहुत साफ है। रावण के दशहरा में पुतला दहन के दिन नीतीश कुमार ने धनुष और तीर इसलिए फेंक दिया क्योंकि उनको समझ में आ गया कि मेरे दाएं और बाएं भाजपा वाले रावण ही खड़े हैं, नकली रावण को मारने से काम नहीं चलेगा। असली रावण जो भाजपा में है, इन लोगों को मारने की जरूरत है।
कैमूर के पत्रकार के भाई की गोली मारकर अपराधियों द्वारा हत्या करने के मामले में सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि इस राज्य में किस दिन हत्याएं नहीं हो रही हैं। दर्जनों हत्याएं हो रही हैं, फिर भी इस राज्य के मुख्यमंत्री माफी नहीं मांगेंगे क्योंकि वह गृहमंत्री भी हैं तो कभी वो माफी नहीं मांगेंगे। उनका दिमाग नहीं काम कर रहा है। उनकी पार्टी वालों को माफी मांगना चाहिए। उनके साथ रहने वाले मंत्रियों को माफी मांगनी चाहिए, जो हालात हैं, अभी इससे भी बदतर स्थिति होगी।
(कैमूर से अजय कुमार सिंह की रिपोर्ट)