Hindi News / आजसू पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से की शिकायत,दोषियों को कड़ी सजा देने...

विष्णुगढ़ दुष्कर्म मामला : आजसू पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से की शिकायत,दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग

Edited By:  |
vishnugadh dushkarm mamla

रांची:विष्णुगढ़ के कुसुंभा गांव में बच्ची के साथ हुई जघन्य दुष्कर्म और हत्या मामला राजनीतिक रूप ले लिया है. मामले को लेकर आजसू पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत की है. 25 मार्च को हुई इस बर्बर घटना ने राज्य की जनता को झकझोर कर रख दिया है. पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने राष्ट्रीय महिला आयोग को आवेदन देकर शिकायत की है.

आजसू पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया है. पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी तरह खड़ी है और न्याय की लड़ाई में लगातार उनके साथ रहने का भरोसा दिया है.

आयोग ने इस प्रकरण में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जिम्मेदारी अवर सचिव शिवानी तोमर को सौंपी है.आजसू पार्टी ने इस जघन्य अपराध को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाने की मांग की है ताकि दोषियों को शीघ्र कड़ी से कड़ी सजा मिल सके.

संजय मेहता ने सख्त लहजे में कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले ऐसे जघन्य अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

आजसू पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि इस मामले में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. पार्टी ने कहा कि पूरे झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान के लिए पार्टी निरंतर संघर्षर करेगी. किसी भी कीमत पर दोषियों को बचने नहीं दिया जाएगा. राज्य में लचर कानून व्यवस्था पर पार्टी ने चिंता व्यक्त की है.

संजय मेहता ने बताया कि यह घटना बेहद ही बर्बरतापूर्ण है. आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के साथ परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी प्रयासरत है. राज्य में गिरती कानून व्यवस्था पर पुलिस प्रशासन को सोचने की जरूरत है. सरकार कानून व्यवस्था संभालने में फेल हो गयी है.