TRE-4 पर बड़ा अपडेट : 27 जुलाई तक BPSC को जाएगी अधियाचना,अगस्त में 20 हजार से अधिक शिक्षकों की बहाली का विज्ञापन संभव
पटना: बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर नई समय-सीमा साझा करते हुए बताया कि शिक्षा विभाग 27 जुलाई तक बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेजने की तैयारी में है। इसके बाद अगस्त 2026 में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी होने की संभावना है।
अंतिम चरण मेंTRE-4 की तैयारियां
शिक्षा मंत्री ने बताया कि TRE-4 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। अधिकांश जिलों से रोस्टर क्लियरेंस प्राप्त हो चुका है और केवल दो जिलों की प्रक्रिया शेष है। विभागीय समीक्षा पूरी होने के बाद अधियाचना मुख्यमंत्री के अनुमोदन के लिए भेजी जाएगी, जिसके बाद इसे बीपीएससी को सौंप दिया जाएगा।
भर्ती का इंतजार कर रहेअभ्यर्थियों का इंतजार खत्म
उन्होंने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राज्य के सरकारी विद्यालयों में 20 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को भी अवसर मिलेगा।
शिक्षकों के स्थानांतरण कीप्रक्रिया भी होगी शुरू
शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उनके अनुसार, ऑनलाइन ट्रांसफर की प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू की जाएगी। विभाग ने इसके लिए आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं, ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
अगस्त में विज्ञापन जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना
TRE-4 को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद भर्ती प्रक्रिया की स्पष्ट समय-सीमा सामने आने से उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिली है। यदि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधियाचना समय पर बीपीएससी को भेजी जाती है, तो अगस्त में विज्ञापन जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इससे राज्य में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।