रांची में NSUI की पीसी : NEET पेपर लीक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग,उग्र आंदोलन की चेतावनी
रांची: देशभर में NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों में बढ़ते आक्रोश के बीच NSUI ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा हमला बोला है. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को NSUI नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि NEET परीक्षा में हुई अनियमितताओं ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भविष्य संकट में डाल दिया है. संगठन ने इसे छात्रों के सपनों के साथ सीधा खिलवाड़ बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की है.
प्रदेश NSUI अध्यक्ष विनय उरांव ने कहा कि देश में इस समय सबसे बड़ी समस्या छात्रों की है. उन्होंने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में गड़बड़ी ने 22 लाख से अधिक परिवारों को चिंता में डाल दिया है. उन्होंने कहा कि छात्र पढ़ाई करना चाहते हैं, ना कि सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन.
NSUI संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा.