रांची के SIRD में कार्यशाला : तकनीक से काम आसान पर इंसान की जगह नहीं ले सकती AI-दीपिका पांडेय सिंह
रांची:रांची के हेहल स्थित SIRD सभागार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की जानकारी और क्षमता विकास को लेकर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला काी शुरूआत राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया.
तकनीक इंसान की जगह नहीं ले सकती-मंत्री
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आधुनिक दौर में तकनीक एक महत्वपूर्ण साधन है. जो काम को आसान बनाती है, लेकिन वह कभी भी मनुष्य की जगह नहीं ले सकती. उन्होंने कहा कि AI को समझना और उसका सही उपयोग करना समय की जरूरत है.
SHG दीदियों तक पहुंचे AI,तभी होगी सफलता
मंत्री ने कहा कि आज भले ही अधिकारी और कर्मचारी AI का प्रशिक्षण ले रहे हैं, लेकिन जिस दिन स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी दीदियां इसका उपयोग करने लगेंगी, तभी यह पहल सही मायने में सफल मानी जाएगी.
AI से डरने का नहीं,अपनाने की जरूरत
उन्होंने स्पष्ट कहा कि AI से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसकी अच्छाइयों को अपना कर कार्य को सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है. साथ ही उन्होंने तकनीक के दुरुपयोग से सावधान रहने की भी सलाह दी.
जिला और प्रखंड स्तर तक पहुंचेगा प्रशिक्षण
मंत्री ने जानकारी देते हुए कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में जिला और प्रखंड स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग तकनीक से जुड़ सके.
450 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण श्रृंखला के तहत कुल 6 कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 450 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है. वर्तमान कार्यशाला में 60 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं.
देशभर के विशेषज्ञ दे रहे प्रशिक्षण
इस प्रशिक्षण में देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञ और अग्रणी तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधि AI प्लेटफॉर्म्स और टूल्स के उपयोग की जानकारी दे रहे हैं. प्रशिक्षण में डेटा समझ, डेटा फोरकास्टिंग, सर्वे और डेटा कलेक्शन, संचार प्रक्रिया में सुधार सहित कई अहम पहलुओं पर फोकस किया जा रहा है.
AI सपोर्ट सेल के सहयोग से पहल
यह पूरी पहल ग्रामीण विकास विभाग के AI सपोर्ट सेल के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य JSLPS टीम को अधिक दक्ष, तेज़ और टेक्नोलॉजी-रेडी बनाना है.
इस मौके पर JSLPS के CEO अनन्य मित्तल सहित विष्णु परिदा, राकेश कुमार, अमीन रहमान, नियति मर्चेंट, विनोद पांडेय, एस दास और अन्य विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
रांची से संवाददाता राहुल कुमार की रिपोर्ट