रांची के लिवि रेस्टुरेंट में लगी आग : किचन, डांस फ्लोर और फर्नीचर जलकर राख, बाल-बाल बचे कर्मचारी
रांची: लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित “लिवि रेस्टुरेंट” में भीषण आग लग गई. आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने रेस्टुरेंट के अंदरूनी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थी कि रेस्टुरेंट का किचन, डांस फ्लोर और अंदर मौजूद फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गया. घटना के वक्त कुछ कर्मचारी रेस्टुरेंट के अंदर ही सो रहे थे. धुआं और आग फैलते देख कर्मियों ने किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई. हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग लगने की वजह फिलहाल शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच में जुटे गई है. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुई है, लेकिन आग की वजह से रेस्टुरेंट को भारी नुकसान पहुंचा है. फिलहाल पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.