रांची : CIP में सुरक्षाकर्मियों को नौकरी से हटाए जाने का मामला पकड़ा तूल,अनिश्चितकालीन आंदोलन पर बैठे सभी सुरक्षाकर्मी

Edited By:  |
ranchi

रांची: केंद्रीय मानसिक चिकित्सा संस्थान (CIP), कांके में वर्षों से कार्यरत 156 सुरक्षाकर्मियों को नौकरी से हटाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. नौकरी से निकाले गए सुरक्षाकर्मी अपनी अविलंब बहाली की मांग को लेकर सीआईपी सुरक्षाकर्मी अधिकार संघर्ष समिति के बैनर तले CIP कैंपस के अन्दर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर बैठ गए.

सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि वे पिछले दो दशक से संस्थान में सेवा दे रहे थे और अपने पूरे कार्यकाल में उनके विरुद्ध कभी कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हुई. इसके बावजूद 27 जनवरी 2026 को उन्हें SIS सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से यह सूचना दी गई कि सभी 156 सुरक्षाकर्मियों को नौकरी से निकाल दिया गया है. उन्हें बताया गया कि अब उनकी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है.इसके तुरंत बाद फिर संस्थान में होमगार्ड की तैनाती कर दी गई. जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह फैसला पहले से तय था.

वहीं, सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि सभी प्रभावित परिवार सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से आते हैं और रोजगार छिन जाने से उनके सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सभी 156 सुरक्षाकर्मियों की बहाली और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.