रांची : JSLPS और IIM कोलकाता के बीच MOU,ग्रामीण महिला उद्यमियों को मिलेगा उद्योग प्रबंधन का प्रशिक्षण
रांची: झारखंड में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) और IIMCIP कोलकाता के बीच MOU हुआ है, जिसका उद्देश्य सखी मंडल से जुड़ी महिलाओं को उद्योग प्रबंधन में दक्ष बनाना है.
उद्यमिता को मिलेगा नया आयाम
इस पहल के तहत ग्रामीण महिला उद्यमियों को व्यवसाय की बारीकियों और बाजार की मांग के अनुरूप अपने उद्यम को विकसित करने की ट्रेनिंग दी जाएगी. यह योजना तीन वर्षों की अवधि में लागू की जाएगी.
24 जिलों में लागू होगी योजना
IIMCIP कोलकाता इनक्यूबेटर की भूमिका निभाते हुए राज्य के सभी 24 जिलों और 264 प्रखंडों में सखी मंडल से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण देगा. इससे महिलाओं को प्रतिस्पर्धी बाजार में अपने व्यवसाय को स्थापित करने में मदद मिलेगी.
50 हजार महिलाओं की होगी पहचान
योजना के पहले चरण में करीब 50 हजार ग्रामीण महिला उद्यमियों की पहचान की जाएगी. इनमें से 500 सर्वश्रेष्ठ महिलाओं का चयन कर उन्हें समग्र उद्यम और व्यापार प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा.
1 करोड़ टर्नओवर का लक्ष्य
इस योजना के तहत 150 चयनित महिला उद्यमियों को इनक्यूबेशन तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षित कर उनके व्यवसाय को सालाना 1 करोड़ रुपये के टर्नओवर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
फ्री इनक्यूबेशन और फंडिंग का प्रावधान
महिलाओं को निःशुल्क इनक्यूबेशन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही इक्विटी फंड, चैलेंज फंड और सॉफ्ट लोन के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
स्थानीय इनक्यूबेटर भी होंगे विकसित
योजना की अवधि पूरी होने के बाद भी महिलाओं को सहायता मिलती रहे, इसके लिए राज्य के प्रत्येक प्रमंडल में स्थानीय इनक्यूबेटर विकसित किए जाएंगे.
इनके बीच हुआ समझौता
यह MOU JSLPS के COO विष्णु परिदा और IIMCIP कोलकाता के CEO डॉ. विवेक कुमार रॉय के बीच हस्ताक्षरित हुआ. इस अवसर पर डॉ. गौरव कपूर, नितिश कुमार सिन्हा, तुमुल तरण, धीरज पांडेय और निशांत देव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
रांची से संवाददाता राहुल कुमार की रिपोर्ट