रांची : राज्यभर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ी किल्लत,कई पेट्रोल पंपों पर मची होड़
रांची: ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच राज्यभर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर संशय गहरा गया है. राज्य में फिलहाल पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति चेन बाधित हो गई है. पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है. राजधानी रांची में पेट्रोल की कमी साफ दिखाई दे रही है. शहर के कई ऐसे पेट्रोल पंप है जो ड्राई हो चुके हैं, तो कहीं पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने को लेकर नोटिस चिपका दिया गया है. कई ऐसे भी पेट्रोल पंप है जहां वाहन चालकों की लंबी कतार लगी हुई है.
रांची, धनबाद, देवघर समेत विभिन्न जिलों में स्थित पेट्रोल पंपों पर आम लोगों की भीड़ उमड़ रही है. ज्यादातर पेट्रोल पंप पर आलम ये है कि तय सीमा में यानी दोपहिया को 100 और चार पहिया को 500 रुपये का ही पेट्रोल-डीजल देने की पहल की गई है.
रांची में कई जगहों पर लोगों को मजबूरन प्रीमियम पेट्रोल-डीजल लेना पड़ रहा है, जबकि कई पंपों में पेट्रोल और डीजल पूरी तरह खत्म हो गए हैं. प्रशासन तेल की कमी नहीं होने का कर रहा दावा, लेकिन पंप संचालक की मानें तो रोटेशन पर आपूर्ति हो रही है। वहीं दूसरी ओर पंप संचालक यह भी बता रहे हैं कि तेल की वास्तविक कमी से ज्यादा अफवाह हालात बिगाड़ रहे हैं।