राहुल के गद्दार वाले बयान पर सियासत : पीएम मोदी को 80% आबादी का आशीर्वाद मिलने पर कांग्रेस चिंतित-आदित्य साहू
रांची:राहुल गांधी का प्रधानमंत्री के खिलाफ एक बयान ने एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जिस तरह से प्रधानमंत्री को देश का गद्दार कहा है, उसके बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया दी जा रही है. राहुल गांधी की टिपण्णी ने देशभर में हलचल मचा दी है.
'प्रधानमंत्रीके जनकल्याणकारी योजनाओं पर कई गरीब परिवार निर्भर'
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी सहित पूरा कांग्रेस इस बात से चिंतित है कि देश का एक गरीब परिवार से निकला हुआ व्यक्ति आज 140 करोड़ जनता के दिलों पर राज कर रहा है. अपने 12 साल के प्रधानमंत्री कार्यकाल में नरेंद्र मोदी ने अपने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, शोषित, वंचित, महिलाओं, युवा, किसान, बुजुर्गों का खोया हुआ आत्मसम्मान और उनका हक और अधिकार दे रहे है.
'देश की जनता नेराहुल गांधी को नाकार चुकी'
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पूर्वज स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू, स्वर्गीय इंदिरा गांधी, इनके पिताजी राजीव गांधी और इनके द्वारा जो भी प्रधानमंत्री बनाए जाते थे, इनके इशारे पर ही पूरे देश को चलाने का काम करते थे, लेकिन जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के रूप में,एक सेवक के रूप में काम कर रहे हैं, तब से जब-जब भी राहुल गांधी और कांग्रेस को अवसर मिलता है वह प्रधानमंत्री को अपमानित करने का काम करते है. देश की जनता ने न सिर्फ राहुल गांधी बल्कि पूरे कांग्रेस को नकारने का काम किया है. वहीं, 80% आबादी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद देती है.
'राहुल गांधीराष्ट्रपतिको भी अपमानित करने से नहीं चूके'
आदित्य साहू ने कहा कि राहुल गांधी कई बार देश से बाहर जाकर भारत के 140 करोड़ जनता को अपमानित कर देश को बदनाम करने का काम करते हैं. राहुल गांधी न सिर्फ प्रधानमंत्री बल्कि देश के सर्वोच्च पद पर पदस्थापित महामहिम राष्ट्रपति को भी अपमानित करने से नहीं चूकते हैं.
'प्रधानमंत्री को जनता का आपारआशीर्वाद'
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को गरीबों से चिढ़ है क्योंकि वे राजघराना के लोग हैं. सोने की थाली और चम्मच से खाने वाले इनको गरीब व्यक्ति जब कभी भी संवैधानिक पद पर पदस्थापित होते हैं तो इन्हें नागवार गुजरता है. इसलिए बार-बार इस प्रकार के भाषा को प्रकट कर के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति को और पूरे देश को ये अपमानित करने का काम करते हैं. इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वो कम है. कांग्रेस जितनी गालियां प्रधानमंत्री को देती है, उतना ही देश की जनता प्रधानमंत्री को श्रद्धा भाव से उनको आशीर्वाद देने का काम करती है. वहीं, देश की जनता कांग्रेस को नकार रही है.