Hindi News / लखनऊ और कोलकाता एयरपोर्ट पर डायवर्ट,तेज आंधी-तूफान ने बढ़ाई परेशानी

पटना में कई विमान प्रभावित : लखनऊ और कोलकाता एयरपोर्ट पर डायवर्ट,तेज आंधी-तूफान ने बढ़ाई परेशानी

Edited By:  |
pstna mein kai viman prabhawit

पटना:राजधानी में शुक्रवार सुबह आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का असर जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विमान परिचालन पर साफ देखने को मिला. खराब मौसम, कम विजिबिलिटी और तेज हवाओं के कारण कई विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ प्रभावित हुई. स्थिति इतनी खराब हो गई कि चार विमानों को पटना में उतारने के बजाय लखनऊ और कोलकाता एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा.

मौसम सामान्य नहीं होने के कारण कईफ्लाइटडायवर्ट

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1346 काफी देर तक पटना एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाती रही, लेकिन मौसम सामान्य नहीं होने के कारण उसे लखनऊ भेज दिया गया. वहीं, इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6245 को कोलकाता डायवर्ट किया गया. चंडीगढ़ और दिल्ली से आने वाली अन्य उड़ानों को भी खराब मौसम के कारण लखनऊ भेजना पड़ा.

कई यात्री घंटों डिपार्चर एरिया में इंतजार करते रहे

लगातार बारिश और तेज हवा के कारण दिल्ली, हैदराबाद, भुवनेश्वर समेत कई शहरों के लिए उड़ानें घंटों देरी से संचालित हुईं. एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई और करीब 600 से ज्यादा यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई यात्री घंटों तक डिपार्चर एरिया में अपनी फ्लाइट का इंतजार करते रहे.

एयरपोर्ट पर स्थिति सामान्य करने की कोशिश जारी

एयर इंडिया और इंडिगो की कई फ्लाइट्स निर्धारित समय से एक से चार घंटे की देरी से रवाना हुईं. पटना से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट का समय भी दोबारा तय करना पड़ा. एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार मौसम सामान्य होने के बाद धीरे-धीरे विमान परिचालन को पटरी पर लाया गया. फिलहाल एयरपोर्ट पर स्थिति सामान्य करने की कोशिश जारी है.