Hindi News / नगर निगम का बड़ा एक्शन,तीन आउटसोर्सिग एजेंसियों पर 22.65 करोड़ की पेनाल्टी

पटना में निगम कर्मियों की हड़ताल जारी : नगर निगम का बड़ा एक्शन,तीन आउटसोर्सिग एजेंसियों पर 22.65 करोड़ की पेनाल्टी

Edited By:  |
patna mein nigam karmchariyon ki hadtal jari

पटना: राजधानी पटना में नगर निगम कर्मियों की हड़ताल के बीच बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर पटना नगर निगम ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं करने और पर्याप्त सफाईकर्मी व ड्राइवर उपलब्ध नहीं कराने के आरोप में तीन आउटसोर्सिंग एजेंसियों पर कुल 22.65 करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगाई गई है। निगम ने संबंधित एजेंसियों को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो उनके अनुबंध रद्द करने के साथ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

कार्रवाई की जद में आई एजेंसियों में मॉर्यन कार्स ऑटो सर्विसेज एलएलपी, वर्चुअस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और एम4 सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर आगे भी प्रतिदिन पेनाल्टी लगाई जाएगी, ताकि सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो।

शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगम ने वैकल्पिक इंतजाम भी किए हैं। सभी 75 वार्डों को आकस्मिक निधि से 10-10 हजार रुपये, यानी कुल 7.5 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही प्रत्येक वार्ड में कम से कम 20 अतिरिक्त सफाईकर्मियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर जेसीबी, हाइवा, ट्रैक्टर और डंपर किराये पर लेकर कचरा उठाने और सफाई कार्य जारी रखने को कहा गया है।

नगर निगम के अनुसार 30 और 31 जुलाई को मानवबल की भारी कमी के कारण यह कार्रवाई की गई। निगम का कहना है कि राजधानी में सफाई व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।