पटना में DRI की बड़ी कार्रवाई : नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस से नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार,प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद
पटना: डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की पटना क्षेत्रीय इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस से एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से 2.949 किलोग्राम मेथाक्वालोन नामक प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 29.49 लाख रुपये बताई गई है। डीआरआई ने मादक पदार्थ के साथ ट्रॉली बैग और पैकिंग सामग्री भी जब्त कर ली है।
डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि असम के कामाख्या से नई दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक जाने वाली ट्रेन संख्या 12505 नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस के जरिए मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर 1 अगस्त की सुबह पाटलिपुत्र रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर पहुंची ट्रेन के एच-1 कोच की सीट संख्या-9 पर यात्रा कर रही नाइजीरिया के डेल्टा स्टेट निवासी प्रेशियस ओघेनेमारो ओमोएफे को हिरासत में लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसके ट्रॉली बैग में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। एनडीपीएस अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई। ट्रॉली बैग के निचले हिस्से से भूरे रंग के टेप में लिपटे दो पैकेट बरामद हुए। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में इनमें मेथाक्वालोन होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ के दौरान महिला ने पैसों के लालच में मादक पदार्थ की तस्करी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर चिकित्सीय परीक्षण के बाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम), पटना की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। डीआरआई अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे गिरोह की भूमिका की जांच में जुटी है।