Hindi News / 590.05 करोड़ की लागत से बनेगा 16 मंजिला अत्याधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स

पटना को मिलेगा नया मेगा मार्केट हब : 590.05 करोड़ की लागत से बनेगा 16 मंजिला अत्याधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स

Edited By:  |
patna ko milega nya mega market hub

पटना: राजधानी पटना के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र पटना जंक्शन स्थित न्यू मार्केट का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। पटना नगर निगम ने न्यू मार्केट एरिया डेवलपमेंट प्लान में बड़ा बदलाव करते हुए तीन जी+3 भवनों की जगह अब 16 मंजिला अत्याधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 590.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य न्यू मार्केट को महानगरों की तर्ज पर विश्वस्तरीय व्यावसायिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।

प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में फाइव स्टार होटल, आधुनिक शॉपिंग मॉल, फूड कोर्ट, मल्टीप्लेक्स, बेसमेंट पार्किंग और अत्याधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पटना जंक्शन आने वाले यात्रियों और शहरवासियों को खरीदारी, ठहरने और मनोरंजन की सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। साथ ही क्षेत्र में पार्किंग की समस्या भी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।

परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में मौजूदा दुकानदारों और वेंडरों का पुनर्वास कर नया वेंडर ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके बाद पुराने ढांचे को हटाकर मुख्य बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू होगा। अंतिम चरण में परिसर के आसपास प्लाजा, सार्वजनिक सुविधाएं और आकर्षक ओपन स्पेस विकसित किए जाएंगे।

नगर निगम के अनुसार परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार हो चुका है और सर्वे का काम भी शुरू कर दिया गया है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि इस परियोजना से पटना को आधुनिक पहचान मिलेगी। साथ ही दुकानों के लीज रेंट, पार्किंग शुल्क, विज्ञापन, लाइसेंस शुल्क और अन्य स्रोतों से नगर निगम की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह परियोजना राजधानी के शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।