रांची पुलिस का कार्रवाई : छात्रों को नशीली दवाईयां बेचने के आरोप में एक गिरफ्तार,प्रतिबंधित दवाईयां बरामद
रांची: जिला प्रशासन ने युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागर पर बड़ी कारवाई की है. लालपुर थाना क्षेत्र में अवैध तरीके से स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को नशीली दवाईयां बेचने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है. आरोपी के पास से प्रतिबंधित दवाईयां बरामद.
लालपुर थाना पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि अनिल रजक नाम का व्यक्ति छात्रों को अपना शिकार बनाकर नशीले टैबलेट और अवैध कफ सिरप की सप्लाई कर रहा है. इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से 18 बोतल भरा हुआ अवैध कफ सिरप और 75 पीस नशीली दवाई बरामद की. यह साफ संकेत है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा था.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है, ताकि इस अवैध नेटवर्क के अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके. पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.