नशा मुक्ति युवा विकसित भारत संकल्प अभियान : मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर और समाज को नशामुक्त बनाने की अपील की
पटना:बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। पटना के लोक भवन में आयोजित "नशा मुक्ति युवा विकसित भारत संकल्प अभियान" कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने माना कि शराबबंदी के बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे शराब पीते हैं। हालांकि,उन्होंने कहा कि इस कानून से बिहार के लोगों को बड़ा फायदा हुआ है.
पटना के लोक भवन में आयोजित नशा मुक्ति युवा विकसित भारत संकल्प अभियान में राज्यपाल औरमुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें मालूम है कि आजकल बिहार के कई लोग देवघर, बनारस और कुशीनगर जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में शराबबंदी नहीं है, इसलिए कुछ लोग पूजा के साथ-साथ शराब पीने भी चले जाते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू है, लेकिन कुछ लोग चोरी-छिपे शराब पीते हैं,बावजूद शराबबंदी कानून से राज्य के लोगों, खासकर गरीब परिवारों और महिलाओं को काफी लाभ मिला है।