'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प' : पीएम ने की शुरूआत,बिहार के राज्यपाल और सीएम ने दिया संदेश
पटना: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प' अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लोक भवन में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बिहार सरकार ने युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा गया कि नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत और समृद्ध बिहार की सबसे मजबूत नींव हैं। इसी सोच के साथ बिहार सरकार राज्य में नशामुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) करेगी। इस साझेदारी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं तक जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है।
सरकार का मानना है कि नशीले पदार्थों की लत केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। इसलिए जनभागीदारी के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है।
'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प' अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को 'नशा मुक्त भारत' और 'विकसित भारत @2047' के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। बिहार सरकार का विश्वास है कि यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, खेल और सामाजिक विकास में अपनी ऊर्जा लगाएगा, तो राज्य के साथ-साथ देश भी विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।