JHARKHAND NEWS : बढ़ती महंगाई के विरोध में JMM का राज्यव्यापी प्रदर्शन,केंद्र पर निशाना
झारखंड न्यूज:देशभर में बढ़ती महंगाई के विरोध में गुरूवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राज्यव्यापी प्रदर्शन किया है.इसी कड़ी में तमाम जिलों में व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.
केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
धनबाद जिला समिति के नेतृत्व में रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई गई.
व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों मेंवृद्धि का विरोध
जेएमएम नेताओं ने कहा कि व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालकों और छोटे दुकानदारों पर सीधा असर पड़ रहा है. इसका बोझ आखिरकार आम लोगों पर भी पड़ता है. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और आम जनता लगातार आर्थिक दबाव झेल रही है.
गिरिडीह में भी प्रदर्शन
गिरिडीह में भी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ टवर चौक पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष संजय सिंह, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
आम जनता पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से मध्यम वर्ग,रेस्तरां, छोटे होटल व्यवसायियों, फुटपाथ दुकानदारों और बाहर रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों पर सीधा असर पड़ रहा है. उन्होंने केंद्र सरकार पर आम जनता पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया है. जेएमएम नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं हुआ तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
पाकुड़ मेंकेंद्र सरकार के खिलाफ हल्लाबोल
इधर पाकुड़ में पार्टी नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार को देश की आम जनता से कोई मतलब नहीं है. देश में लगातार महंगाई बढ़ रही और दूसरी ओर केंद्र सरकार द्वारा छोटे सिलेंडर और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि कर रही है. जिससे आम जनता त्राहिमाम है.

वहीं,धरना प्रदर्शन में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दाम वापस लेने की मांग की. साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा.