Hindi News / गैंगस्टर अखिलेश सिंह का नेटवर्क सक्रिय,कारोबार और कनेक्शन पर हुए नए खुलासे

JHARKHAND NEWS : गैंगस्टर अखिलेश सिंह का नेटवर्क सक्रिय,कारोबार और कनेक्शन पर हुए नए खुलासे

Edited By:  |
jharkhand news

रांची: झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह एक बार फिर सुर्खियों में है. विक्रम शर्मा की हत्या के बाद उसके गिरोह में बड़े बदलाव हुए हैं और अब उसके नेटवर्क, कारोबार और राजनीतिक संबंधों को लेकर नए खुलासे सामने हुए है. जानकारी के अनुसार, गिरोह की संरचना में बदलाव करते हुए अखिलेश सिंह ने अपने रियल एस्टेट कारोबार को संभालने के लिए नए लोगों को आगे बढ़ाया है.

गिरोह में बदलाव और नई जिम्मेदारियां

कागजी दस्तावेजों के मुताबिक, गुरुग्राम के एक नामी मॉल और रियल एस्टेट से जुड़े बड़े कारोबार की जिम्मेदारी अब अशोक सिंह राघव को दी गई है. माना जा रहा है कि राघव के साथ कुछ अन्य युवाओं को भी नोएडा, गुरुग्राम और बनारस जैसे शहरों में फैले नेटवर्क को संभालने की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. यह भी उल्लेखनीय है कि अखिलेश सिंह को वर्ष 2017 में गुरुग्राम में उसके मॉल के पास से ही गिरफ्तार किया गया था.

नेताओं से कनेक्शन पर चर्चा

वहीं, उसके राजनीतिक कनेक्शन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के एक प्रभावशाली मंत्री के साथ उसके करीबी संबंध रहे हैं और दिल्ली-एनसीआर के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में किसी बड़े नेता की साझेदारी की बात सामने आ रही है. इससे पहले कोलकाता के एक वरिष्ठ राजनेता के साथ भी उसकी साझेदारी की खबरें सामने आई थीं, जिस पर इनकम टैक्स विभाग ने बेनामी संपत्ति के संदेह में जांच शुरू की थी.

जेल में बंद, लेकिन नेटवर्क सक्रिय

फिलहाल अखिलेश सिंह दुमका जेल में बंद है, लेकिन इसके बावजूद उसका नेटवर्क सक्रिय है. गिरोह के सदस्य दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में अपने कारोबार को नए सिरे से विस्तार देने की योजना बना रहे हैं.

करोड़ों के साम्राज्य पर नई रणनीति

बताया जा रहा है कि करोड़ों के रियल एस्टेट साम्राज्य को अब नई रणनीति के तहत दिल्ली और नोएडा जैसे हाई-प्रोफाइल इलाकों में आगे बढ़ाया जाएगा. कुल मिलाकर, जेल में रहने के बावजूद अखिलेश सिंह का प्रभाव और नेटवर्क बना हुआ है, जो आने वाले समय में और बड़े खुलासों की ओर इशारा करता है.