JHARKHAND NEWS : छात्र आंदोलन पर इंडिया गठबंधन सख्त,मुख्य सचिव से मुलाकात, 48 घंटे में कार्रवाई की मांग
रांची: छात्र आंदोलन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों की मांगों और आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
आंदोलन में छात्रों और असामाजिक तत्वों को अलग करने की मांग
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से होने वाले छात्र आंदोलन का सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों और असामाजिक तत्वों की अलग-अलग पहचान कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
नेताओं ने मुख्य सचिव को आंदोलन से जुड़े वीडियो फुटेज भी सौंपे, ताकि पूरे मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा सके। उनका आरोप है कि कुछ राजनीतिक तत्व छात्र आंदोलन को भटकाने और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
सीआईडी जांच में तेजी और 48 घंटे में कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने छात्र आंदोलनों से जुड़े मामलों में सीआईडी जांच में तेजी लाने की मांग की। खासकर सीजीएल परीक्षा समेत परीक्षा से जुड़े मामलों में पारदर्शी और निर्णायक कार्रवाई की मांग की गई।
संबंधित मामलों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी
गठबंधन नेताओं ने कहा कि संबंधित मामलों में जांच एजेंसियां पहले से कार्रवाई कर रही हैं और कई आरोपियों से पूछताछ व गिरफ्तारी भी हुई है। उन्होंने मुख्य सचिव से मांग की कि अगले 48 घंटे में अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।नेताओं ने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो,उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही छात्रों के भविष्य के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।