जमशेदपुर : कोल्हान यूनिवर्सिटी की ओर से लागू क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ छात्रों का विरोध
जमशेदपुर:जिले के ग्रेजुएट कॉलेज में कोल्हान यूनिवर्सिटी द्वारा लागू किए गए क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ छात्रों का विरोध तेज हो गया है.सेमिनार में पहुंचे विश्वविद्यालय अधिकारियों को छात्रों ने मांग पत्र सौंपकर व्यवस्था वापस लेने की मांग की है. छात्रों का कहना है कि इस सिस्टम से पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विषयों की पढ़ाई भी बंद कर दी गई है.
जमशेदपुर के ग्रेजुएट कॉलेज में आयोजित सेमिनार उस वक्त विरोध प्रदर्शन में तब्दिल हो गया, जब छात्रों ने कोल्हान विश्वविद्यालय के क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी. सेमिनार में पहुंचे विश्वविद्यालय अधिकारियों को छात्रों ने मांग पत्र सौंपते हुए क्लस्टर व्यवस्था वापस लेने की मांग की. छात्रों का नेतृत्व कर रहे युवा जेडीयू के प्रदेश कार्यकारी सदस्य हेमंत पाठक ने कहा कि झारखंड सरकार की आड़ में कोल्हान विश्वविद्यालय ने क्लस्टर सिस्टम लागू किया है,जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
आरोप है कि छात्रों को दूसरे कॉलेजों में भेजा जा रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्रों ने यह भी कहा कि कई विषयों की पढ़ाई बंद कर दी गई है, जिसके कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बंद किए गए विषयों को फिर से शुरू करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा.