हेमंत सरकार ने दी सौगात : गांव के सर्वांगीण विकास के बगैर झारखंड का विकास अकल्पनीय-शिल्पी नेहा तिर्की
रांची: हेमंत सरकार की पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर विधानसभा क्षेत्र की जनता को सौगात दी है. क्षेत्र की जनता से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में स्थानीय विधायक सह मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की लगातार कदम बढ़ा रहीं हैं.रविवार को विधायक योजना मद से मांडर के गड़मी में जन उपयोगी अवसंरचना का सौंदर्यीकरण, शेड निर्माण, प्रयोगो मुस्लिम कब्रिस्तान में जनाजा शेड का निर्माण, लोयो नीचे टोली में मकतब का निर्माण और उचरी में पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इस मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जनता को संबोधित भी किया.
इस मौके पर शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि हर एक योजना की अपनी उपयोगिता और अपना महत्व है. गांवों के सर्वांगीण विकास के बगैर झारखंड का विकास अकल्पनीय है. सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है. इसी दिशा में सरकार लगातार आगे बढ़ी रही हैं. आज जिन योजनाओं की आधारशिला रखी गई है वो तमाम योजनाएं जनता के सम्मान, सुविधा, शिक्षा और सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि हम जाति-धर्म या वर्ग के आधार पर योजना का निर्धारण नहीं करते हैं बल्कि,जनता की आवश्यकता के आधार पर योजनाओं की प्राथमिकता तय करते है.
मंत्री ने कहा कि गड़मी गांव में शेड निर्माण से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबकि प्रयागो गांव में कब्रिस्तान शेड निर्माण से धार्मिक एवं मानवीय आवश्यकताओं की पूर्ति होगी. लोयो निचेटोली में मकतब निर्माण से बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर प्रदान होंगे और उचरी गांव में पीसीसी पथ निर्माण कार्य पूर्ण होने आवागमन पहले से ज्यादा सुगम और सुलभ हो जाएगा. गांव के किसानों और ग्रामीणों को कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी.
मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि योजनाएं समय सीमा के अंदर पूर्ण हो इस पर सामाजिक निगरानी जरूरी है. किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शिलान्यास कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, विधानसभा युवा अध्यक्ष हुसैन अंसारी, युवा अध्यक्ष आजाद अंसारी, पंचायत अध्यक्ष जाहिद अंसारी सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.