छात्र आंदोलन पर गरजे तेजस्वी : विदेश से लौटने पर बोले-गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया तो होगा बड़ा आंदोलन
पटना: करीब 24 दिनों के विदेश दौरे के बाद रविवार को पटना लौटे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने छात्र आंदोलन, पेपर लीक, कानून-व्यवस्था और अपने बड़े भाई तेज प्रताप यादव के मामले को लेकर सरकार को घेरा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो विपक्ष राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करेगा।
छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करने का आरोप
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के छात्र लंबे समय से अपने भविष्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि हजारों छात्र-छात्राओं पर एफआईआर दर्ज की गई है और कई को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिवान में छात्रों पर एके-47 से फायरिंग हुई, जिसमें तीन छात्र घायल हुए। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी उन्होंने की।
तेजस्वी का सरकार पर निशाना
पेपर लीक के मुद्दें पर तेजस्वी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों में बिहार की लगभग हर बड़ी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हुआ है। उनके अनुसार इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है।
सम्राट सरकार मेंकानून-व्यवस्था की स्थिति खराब
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि राज्य में भ्रष्टाचार, अपराध और राजनीतिक दबाव में प्रशासन काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही है। विपक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में राज्यभर में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।