बजट सत्र : सदन में विपक्ष का जोरदार हंगामा,राज्य की विधि व्यवस्था पर हुई तीखी बहस
रांची :झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में सदन की कार्यवाही हंगामे के साथ शुरू हुई. सदन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में बिगड़ती विधि व्यवस्था और हालत को लेकर सरकार पर सवाल खड़ा किए. सदन के अंदरपक्ष-विपक्ष के विधायकों में जमकर तीखी बहस हुई. विपक्षी विधायक वेल में आकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. आजसू विधायक निर्मल महतो वेल में रिपोर्टिंग टेबल को थपथपाने लगे. इस पर विधायक निर्मल महतो को मार्शल आउट किया गया.
राज्य में अधिकारी बेलगाम
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की विधि व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए सरकार से जवाब मांगा. उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इसे अबुआ सरकार कहा जाता है, लेकिन यह बबुआ सरकार है. इस पर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई. बाबूलाल ने पाकुड़ और गिरिडीह की घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं. इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक की ओर से खूब हंगामा हुए. विपक्ष की ओर से राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर काफी देर तक चर्चा हुई.
संसदीय कार्य मंत्री का पलटवार
सदन में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने पलटवार करते हुए कहा कि सदन नियमों से चलता है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही को बाधित करना विपक्ष की मंशा है. राधा कृष्ण किशोर नेकहा कि संसदीय व्यवस्था का ख्याल रखना चाहिए,विधायक निर्मल महतो को जवाब के दौरान वेल में आकर रिपोर्टिंग टेबल नहीं थपथपाना चाहिए था.