TRE-4 अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर : अधियाचना की जांच के दौरान मिली त्रुटियां,BPSC अब शिक्षा विभाग को भेजेगा औपचारिक पत्र
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। आयोग को शिक्षा विभाग से प्राप्त अधियाचना (रिक्विजिशन) की जांच के दौरान कुछ त्रुटियां मिली हैं। इन कमियों को दूर कराने के लिए बीपीएससी अब शिक्षा विभाग को औपचारिक पत्र भेजेगा। आयोग रोस्टर, आरक्षण और रिक्तियों से संबंधित बिंदुओं में आवश्यक संशोधन करने का अनुरोध करेगा।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग ने कुल 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना आयोग को भेजी थी। प्रारंभिक जांच में कुछ तकनीकी और प्रशासनिक विसंगतियां सामने आई हैं। आयोग का मानना है कि इन त्रुटियों को विज्ञापन जारी करने से पहले ठीक करना आवश्यक है, ताकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संपन्न हो सके तथा भविष्य में किसी प्रकार का कानूनी विवाद न हो।
बीपीएससी ने स्पष्ट किया है कि संशोधित रोस्टर और रिक्ति विवरण प्राप्त होने के बाद ही TRE-4 भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा। शिक्षा विभाग से संशोधित अधियाचना मिलने के बाद आयोग अंतिम परीक्षण करेगा और सभी बिंदु सही पाए जाने पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।
सूत्रों के अनुसार, आयोग और शिक्षा विभाग दोनों का प्रयास है कि संशोधन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाए। यदि विभाग समय पर संशोधित अधियाचना भेज देता है, तो अगस्त के अंतिम सप्ताह तक TRE-4 का विज्ञापन जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।
लाखों अभ्यर्थी इस भर्ती की अधिसूचना का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अब सबकी नजर शिक्षा विभाग द्वारा त्रुटियों के शीघ्र सुधार और बीपीएससी की अगली कार्रवाई पर टिकी है। विज्ञापन जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा भी आयोग द्वारा की जाएगी।