BIHAR NEWS : 'मिशन निपुण' के पांच वर्ष होने पर विद्यालयों में मनाया जाएगा पठन पर्व
पटना:बिहार शिक्षा विभाग ने 1 से 7 जुलाई तक राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में पठन पर्व मनाने का आदेश दिया है. यह पर्व मिशन निपुण के 5 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में मनाया जाएगा. शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी डीईओ, डीपीओ (समग्र शिक्षा) और बीईओ के पास पत्र भेजकर इसे मनाने का आदेश दिया है.
पत्र में कहा गया है कि इस कार्यक्रम के तहत दूसरी कक्षा के सभी बच्चे रोजाना 15 मिनट तक अपनी पसंदीदा भाषा; हिन्दी, उर्दू, बांग्ला, मैथिली या अंग्रेजी में कहानी, कविता या अनुच्छेद का जोर-जोर से वाचन करेंगे. सामग्री का चयन बच्चों की आयु व कक्षा के अनुरूप स्कूल के शिक्षक करेंगे. पठन सामग्री का चयन सिलेबस के अलावा स्कूल की लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों एवं अन्य पठन सामग्रियों से किया जाएगा.
'पठन पर्व' को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उच्चतर कक्षाओं के विद्यार्थी छोटे बच्चों को जरूरत के अनुसार वाचन में सहयोग प्रदान करेंगे. साथ ही,जो बच्चे किसी कारणवश स्कूल में उपस्थित नहीं हो सकेंगे,उनके लिए घर से ही सहभागिता की व्यवस्था की गई है. स्कूल के शिक्षक अपने पोषण क्षेत्र के बच्चों के अभिभावकों को व्हाट्सएप के माध्यम से कहानियां,कविताएं एवं अन्य पठन सामग्री उपलब्ध कराएंगे और जरूरी दिशा-निर्देश साझा करेंगे.