Hindi News / 135 संदिग्धों पर EOU की कड़ी नजर,धांधली रोकने पर फोकस

बिहार में नीट-यूजी परीक्षा से पहले हाई अलर्ट : 135 संदिग्धों पर EOU की कड़ी नजर,धांधली रोकने पर फोकस

Edited By:  |
bihar mein neet-ug pariksha se pehle high alert

पटना: 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा को लेकर बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है. परीक्षा में किसी भी प्रकार की धांधली, पेपर लीक या संगठित गड़बड़ी को रोकने के लिए ईओयू ने विशेष कोषांग का गठन किया है. साथ ही पिछले वर्षों में परीक्षा धांधली और पेपर लीक मामलों में सामने आए 135 आरोपितों का विस्तृत डेटाबेस तैयार कर उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है.

ईओयू के अनुसार डेटाबेस में आरोपितों के नाम, पते, तस्वीरें और उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी शामिल की गई है. यह सूची राज्य के सभी जिलों को भेज दी गई है और स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया गया है कि इन लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए. सूची में कई चर्चित आरोपितों के नाम भी शामिल हैं,जिनमें कुछ फिलहाल जमानत पर बाहर हैं.

परीक्षा से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है. साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम संदिग्ध पोस्ट, फर्जी दावों और पेपर लीक से जुड़ी अफवाहों पर नजर बनाए हुए है.

ईओयू ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि पेपर लीक, परीक्षा में पास कराने या प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर फैलाए जा रहे किसी भी संदेश या दावे पर भरोसा न करें। साइबर अपराधी इस तरह की अफवाहों के जरिए ठगी कर सकते हैं.

किसी भी संदिग्ध गतिविधि, फर्जी सूचना या ठगी के प्रयास की जानकारी मिलने पर तुरंत ईओयू को सूचित करने की अपील की गई है. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और विशेष शिकायत नंबर भी जारी किए गए हैं. बिहार में नीट-यूजी परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं.