बिहार में 21 IAS का तबादला : पटना डीएम बने कुंदन कुमार,10 साल बाद आनंद किशोर परीक्षा समिति से हटे
BIHAR NEWS: बिहार में 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है. जिसमें पटना सहित 11 जिलों के डीएम बदले गए. पटना, नालंदा, जहानाबाद, रोहतास, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, खगड़िया, बांका, गोपालगंज , किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली के डीएम समेत 21 अफसरों को स्थानांतरित कर दिया गया.
डाॅ. त्यागराजन एसएम को मिली बड़ी जिम्मेदारी
पटना के जिलाधिकारी डाॅ. त्यागराजन एसएम को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष के रूप में पदस्थापित किया गया है. वहीं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है. त्यागराजन स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव के प्रभार में भी रहेंगे. नालंदा के डीएम कुंदन कुमार को वहां से स्थानांतरित करते हुए पटना का जिलाधिकारी बनाया गया है.
खगड़िया डीएम बने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में विशेष सचिव
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव राबर्ट एल चोंग्थू को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में पदस्थापित किया गया है. खगड़िया के डीएम नवीन कुमार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है.
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष पद से मुक्त हुए डाॅ.चंद्रशेखर सिंह
मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के रूप में पदस्थापित किया गया है. सामाजिक सुरक्षा निदेशक धर्मेंद्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम का अध्यक्ष बनाया गया है. इस व्यवस्था के बाद डाॅ. चंद्रशेखर सिंह इस पद से मुक्त हो जाएंगे.
रोहतास की डीएम उदिता सिंह नालंदा डीएम के रूप में हुई पदस्थापित
स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव छिरिड़ वाई भूटिया को जहानाबाद के जिला अधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है. रोहतास की डीएम उदिता सिंह का नालंदा के डीएम के रूप में पदस्थापित किया गया है. पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. निबंधक महानिरीक्षक सह उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल को बांका का डीएम बनाया गया है.
अलंकृता पांडेय बनीं भागलपुर की डीएम
जहानाबाद की डीएम अलंकृता पांडेय को भागलपुर का डीएम बनाया गया है. राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का डीएम बनाया गया है. कंफेड के निदेशक समीर सौरभ को गोपालगंज के डीएम के रूप में पदस्थापित किया गया है. निदेशक कृषि सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण का डीएम बनाया गया है. वित्त विभाग के विशेष सचिव मुकेश कुमार लाल फिलहाल कृषि निदेशक के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे. जहानाबाद की उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति को निदेशक समेकित बाल विकास सेवाएं बनाया गया है.
प्राथमिक शिक्षा के निदेशक विक्रम विरक खगड़िया के नए डीएम होंगे
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक नवीन कुमार को किशनगंज का डीएम बनाया गया है. प्राथमिक शिक्षा के निदेशक विक्रम विरक खगड़िया के नए डीएम होंगे. मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव के रूप में तैनात दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास का डीएम बनाया गया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष कार्य अधिकारी चंद्रिमा अत्री को निदेशक समाज कल्याण विभाग बनाया गया है.