बिहार बोर्ड मैट्रिक रिजल्ट-2026 : लड़कियों ने मारी बाजी,जमुई की पुष्पांजलि और वैशाली की सबरीन बनीं टॉपर
पटना :बिहार बोर्ड 10वीं का रिजल्ट रविवार को घोषित हो गया है. बिहार बोर्ड मैट्रिक के नतीजे ऑफिशियल वेबसाइट result.biharboardonline.orgऔर matricbiharboard.com पर चेक कर सकते हैं. आखिरकार मैट्रिक के छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है. बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में 10वीं का रिजल्ट जारी किया है. इस साल भी छात्राओं का दबदबा साफ देखने को मिला. कुल 81.79 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है.
बिहार बोर्ड मैट्रिक परिणाम- 2026 में जमुई जिले के सिमुलता आवासीय विद्यालय की पुष्पांजलि कुमारी और वैशाली की सबरीन प्रवीन ने 492 यानी 98.4% संयुक्त रूप से राज्यभर में पहला स्थान प्राप्त किया है. दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है. जबकि, दूसरे स्थान पर बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना ने 97.8% लाकर राज्य का नाम रौशन किया है. वहीं, तीसरे स्थान पर बक्सर की अनुपा कुमारी और बेगूसराय का ओम कुमार ने 97.6% दर्ज किया है.
इस साल भी बिहार बोर्ड ने मार्च में रिजल्ट घोषित करने का रिकॉर्ड बनाया है. सभी सफल छात्रों को बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बधाई दी है.टॉपर्स की सूची में भी लड़कियों की संख्या अधिक रही, जिससे यह स्पष्ट है कि शिक्षा के क्षेत्र में बेटियां लगातार आगे बढ़ रही हैं.वहीं, फेल छात्रों को स्क्रूटनी और कंपार्टमेंट का मौका दिया गया है. बिहार बोर्ड 10वीं की परीक्षा में असफल होने वाले स्टूडेंट्स 01 से 07 अप्रैल 2026 के बीच कंपार्टमेंट परीक्षा का फॉर्म भर सकेंगे.