बाबूलाल मरांडी का प्रहार : कांग्रेस समाज को बांटने की राजनीति कर रही,बोले-“फूट डालो और राज करो” वाली नीति से प्रेरित
रांची:बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में रविवार को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रेस वार्ता पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच आज भी अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” वाली नीति से प्रेरित है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अंग्रेजों ने देश पर शासन करने के लिए समाज को विभाजित किया था और आज भी कांग्रेस उसी रास्ते पर चल रही है.
बाबूलाल मरांडी नेमहात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के बाद गांधी जी ने कांग्रेस को विसर्जित करने की बात कही थी, लेकिन अब कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए समाज को बांटने की राजनीति कर रही है. नेता प्रतिपक्ष ने हाल के दिनों में आदिवासी समाज को लेकर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर भी सवाल उठाए है. उन्होंने कहा कि सरना, सनातन और हिंदू सभी एक ही सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े हैं और सभी प्रकृति पूजक हैं. उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में अनेकता में एकता की परंपरा रही है और इसे तोड़ने की कोशिश की जा रही है.
इसके साथ ही उन्होंने धर्मांतरण के मुद्दे को भी उठाया. कहा कि हिंदू बनने की कोई व्यवस्था नहीं होती, जबकि दूसरे धर्मों में धर्मांतरण की व्यवस्था है. नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया है कि आदिवासी क्षेत्रों में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है.
नेता प्रतिपक्ष ने PESA कानून का भी जिक्र करते हुए कहा कि पारंपरिक व्यवस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की गई है. साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि आदिवासी समाज से जुड़े धार्मिक स्थलों और उनकी जमीनों को संरक्षित किया जाए. उनका आरोप था कि भू-माफिया धार्मिक जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.