एक्शन में CBI : वित्तीय अनियमितता मामले में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में दी दबिश, अहम दस्तावेज खंगाल रही टीम
रांची:वित्तीय अनियमितता मामले में सीबीआई की टीम आज एक्शन मोड में है. जिले के मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में मंगलवार को सीबीआई टीम ने दबिश दी. सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई विश्वविद्यालय में वर्षों पहले हुए वित्तीय अनियमितताओं और नियुक्तियों में गड़बड़ी के मामलों को लेकर कर रही है. सीबीआई की टीम यूनिवर्सिटी कैंपस में विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाल रही. सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छापेमारी जारी है. सीबीआई की पूरी टीम यूनिवर्सिटी कैम्पस में मौजूद है.
गंभीर आरोपों के बाद हो रही कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, करीब छह वाहनों में सवार सीबीआई अधिकारी यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचे और प्रशासनिक भवन समेत कई विभागों में जांच करने लगे.वित्तीय लेन-देन और फंड के उपयोग से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. सीबीआई की टीम यूनिवर्सिटी के संबंधित अधिकारियों से पूछताछ भी कर रही है. हालांकि. अभी तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह कार्रवाई किस विशेष मामले को लेकर की जा रही है, लेकिन माना जा रहा है कि वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े गंभीर आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई. फिलहाल कैंपस में हलचल का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पूरा मामला कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक गड़बड़ियों से जुड़ा हुआ है.
रांची से नैय्यर की रिपोर्ट