कशिश न्यूज़ ने किया 'स्वस्थ बिहार 2024' का आयोजन : बिहार-झारखण्ड के नामी डॉक्टर्स का हुआ जुटान, स्वास्थ्य मंत्री ने बताया - कैसे सुधरी स्वास्थ्य व्यवस्था

Edited By:  |
Kashish News organized Swasth Bihar 2024 Kashish News organized Swasth Bihar 2024

PATNA : कशिश न्यूज़ की तरफ से 'स्वस्थ बिहार 2024' का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य के क्षेत्र के दिग्गज शामिल हुए। मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार में हुए काम का जिक्र किया। मंगल पाण्डेय ने कहा कि दुनिया का दूसरा और एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल पटना में बन रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा कि 5462 बेड वाले अस्पताल के पहले फेज का फरवरी 2025 में PMCH के स्थापना के 100 साल पूरे होने पर लोकार्पण होगा। इसके निर्माण पर 5500 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। मंगल पाण्डेय ने दावा किया कि अभी बिहार में 11 हज़ार स्वास्थ्य केंद्र कार्यरत हैं। वहीं, स्वास्थ्य सेवा की चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 2017 में जहां बिहार में 6 सरकारी और 3 निजी मेडिकल कॉलेज थे, वो संख्या बढ़कर अब 12 सरकारी और 9 निजी मेडिकल कॉलेज तक पहुंच चुकी है।

वहीं, 13 जगहों पर मेडिकल कॉलेज बनाने का काम हो रहा। मंत्री ने ये भी बताया कि IGIMS को पिछले 7-8 साल में बढ़ावा दिया गया है और 15 अगस्त के पहले रीजनल आई सेंटर का उद्घाटन होगा। 190 करोड़ की लागत से बना ये पूर्वी भारत का सबसे बड़ा आंखों का अस्पताल होगा। वहीं, 300 करोड़ की लागत से मुजफ्फरपुर के SKMCH में कैंसर अस्पताल का निर्माण हो रहा है। मंत्री ने बाल हृदय योजना योजनाओं का भी जिक्र किया, जिससे राज्य की जनता को फायदा हुआ है।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सीपी ठाकुर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आरएन सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शांति राय, IMA के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सहजानंद सिंह और बिहार IMA के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सहित कई डॉक्टर और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े दूसरे लोग मौजूद रहे।