

मंगलवार, 15 सितंबर 2026
Liveसुपौल: बड़ी खबर बिहार के सुपौल से है जहां सदर थाना क्षेत्र के बीना पंचायत स्थित धरनीपट्टी वार्ड नंबर 14 निवासी दो चचेरे भाइयों की सोमवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. हादसा लौढ़ पंचायत के सरही मालिकाना स्थित स्कूल के समीप हुआ.बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से किसी जरूरी काम से सुपौल की ओर आ रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.मृतकों की पहचान धरनीपट्टी वार्ड नंबर 14 निवासी कुंदन कुमार (20),पिता स्वर्गीय उपेंद्र यादव और अखिलेश कुमार (24),पिता राजेंद्र यादव के रूप में हुई है. दोनों आपस में चचेरे भाई थे. टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े. दुर्घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी.हादसा इतना भीषण था कि अखिलेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं,गंभीर रूप से घायल कुंदन कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था,लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही धरनीपट्टी गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक के साथ आक्रोश है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए.सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. दो चचेरे भाइयों की असमय मौत से पूरे गांव में गम का माहौल है.सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--
सुपौल: जिले के मरौना प्रखंड क्षेत्र की गनोरा पंचायत में इस बार स्वतंत्रता दिवस का आयोजन कुछ अलग अंदाज में होगा. पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार ने छात्राओं को पंचायत के कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था से जोड़ने के लिए अनोखी पहल की है. पंचायत स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा सोनी कुमारी को एक दिन के लिए पंचायत का मुखिया बनाया गया है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सोनी कुमारी पंचायत में राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी देंगी. साथ ही ग्रामसभा में महिलाओं की समस्याओं और उनकी जरूरतों को सामने रखने की जिम्मेदारी भी निभाएंगी.इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ महिलाओं को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर देना है. मुखिया जितेंद्र कुमार के अनुसार,पंचायत में लंबे समय से काम करने के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि कई महिलाएं अपनी मूलभूत समस्याओं को खुलकर पंचायत प्रतिनिधियों के सामने नहीं रख पाती हैं. इसी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने प्रतियोगिता आयोजित कर छात्राओं को पंचायत की जिम्मेदारी समझने और महिलाओं की आवाज सुनने का अवसर देने का निर्णय लिया.54छात्राओं ने दी परीक्षा,सोनी रहीं अव्वलमुखिया जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में पंचायत की कुल54छात्राओं ने हिस्सा लिया. परीक्षा के बाद प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सोनी कुमारी का चयन एक दिन की मुखिया के रूप में किया गया. सोनी ने इस जिम्मेदारी को लेकर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि इस पहल से उन्हें बहुत कुछ सीखने का मौका मिला है. पंचायत की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका विशेष ध्यान महिलाओं से जुड़ी समस्याओं पर रहेगा.सोनी स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के साथ ग्रामसभा में भी शामिल होंगी. यहां वे महिलाओं से उनकी समस्याएं और सुझाव जानेंगी. इन समस्याओं को पंचायत स्तर पर समेकित कर भविष्य की योजनाओं में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा.दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं छात्राओं को भी प्रशासनिक भूमिकाइस प्रतियोगिता में केवल प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा को ही मौका नहीं दिया गया है. द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली सुरची कुमारी और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आरती कुमारी को भी पंचायत के प्रशासनिक कामकाज को समझने का अवसर दिया जाएगा. दोनों छात्राओं को अलग-अलग जिम्मेदारियों और पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यों की जानकारी दी जाएगी.मुखिया ने बताया कि छात्राओं को यह समझाया जाएगा कि पंचायत में विकास योजनाओं को लागू करने में पंचायत सचिव,पंचायत रोजगार सेवक,विकास मित्र,किसान सलाहकार,आवास सहायक और स्वच्छता पर्यवेक्षक जैसे कर्मियों की क्या भूमिका होती है. पंचायत में किस स्तर पर कौन-सा काम होता है और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया क्या है,इसकी जानकारी भी छात्राओं को दी जाएगी.गलतियों को पहचानने और सुधार का भी मिलेगा मौकाइस पहल का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि छात्राओं को पंचायत के कामकाज को केवल देखने का मौका नहीं मिलेगा,बल्कि वे मौजूदा व्यवस्था को समझकर उसमें सुधार की संभावनाएं भी तलाशेंगी. मुखिया जितेंद्र कुमार ने कहा कि छात्राओं को बताया जाएगा कि पंचायत स्तर पर काम करते समय किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और उन्हें किस तरह दूर किया जा सकता है.छात्राएं पंचायत में चल रही योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को समझेंगी. इसके बाद वे अपनी समझ के आधार पर सुझाव देंगी. इसका उद्देश्य बच्चों में प्रशासनिक सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है.महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकतामुखिया जितेंद्र कुमार ने कहा कि पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान उन्हें यह महसूस हुआ कि महिलाओं की कई ऐसी समस्याएं हैं,जिन्हें वे पुरुष जनप्रतिनिधियों के सामने सहजता से नहीं रख पातीं. ऐसे में एक छात्रा के माध्यम से महिलाओं को अपनी बात रखने का अवसर देने की पहल की गई है.उनका मानना है कि जब महिलाएं अपनी समस्याएं किसी महिला या लड़की के सामने रखेंगी तो वे ज्यादा सहज महसूस करेंगी. ग्रामसभा में सामने आने वाली समस्याओं को पंचायत की योजनाओं से जोड़कर आगे कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा.आसपास के जिलों में भी चर्चागनोरा पंचायत की यह पहल अब सुपौल जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बन गई है. आमतौर पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जनप्रतिनिधि या अधिकारी ध्वजारोहण करते हैं,लेकिन यहां प्रतियोगिता के माध्यम से एक छात्रा को एक दिन के लिए पंचायत की मुखिया की भूमिका देना महिला नेतृत्व और छात्राओं के सशक्तीकरण की दिशा में अलग प्रयास माना जा रहा है.पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि इससे छात्राओं को न केवल सरकारी व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिलेगा,बल्कि उनमें नेतृत्व,निर्णय लेने और समाज की समस्याओं को समझने की क्षमता भी विकसित होगी. स्वतंत्रता दिवस पर सोनी कुमारी के हाथों होने वाला ध्वजारोहण इसी पहल का प्रतीक बनेगा.सुपौल से विष्णु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट--
सुपौल: बड़ी खबर सुपौल से है जहां जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के माकैर गड़िया स्थित एनएच-27 पर शनिवार सुबह कांवरियों से भरी बस कंटेनर से टकरा गई. दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया,लेकिन बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं. कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार, बस बाबा नगरी देवघर से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रही थी. माकैर गड़िया के समीप एनएच-27 पर बस के आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया. पीछे चल रही बस के चालक को वाहन संभालने का पर्याप्त समय नहीं मिला और बस कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.बस के खलासी ने बताया कि वाहन में करीब 75 कांवरिया सवार थे. अचानक कंटेनर के ब्रेक लगाने के कारण चालक हादसे को टाल नहीं सका. हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं और केवल कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं. किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की. सूचना मिलने पर भपटियाही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.इस दौरान स्थानीय लोगों ने एनएच-27 की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि पिछले दो-तीन महीनों से सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है. जगह-जगह बने गड्ढों और अधूरे निर्माण कार्य के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं. लोगों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.सुपौल से बिष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--
सुपौल: जिले के किशनपुर अंचल अंतर्गत मौजहा पंचायत के वार्ड14स्थित पचगछिया गांव में कोसी नदी का भीषण कटाव लगातार जारी है. नदी की तेज धारा के कारण शुक्रवार को एक सरकारी जल नल योजना के लिए बने मिनी पानी टंकी सहित चदरायुक्त भवन भी कटकर कोसी नदी में समा गया. यह जल नल योजना के तहत स्थापित था. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.ग्रामीणों का कहना है कि कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट आते ही कटाव की रफ्तार और तेज हो जाती है. नदी लगातार आबादी की ओर बढ़ रही है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं किया गया तो कई और घर, सरकारी संपत्तियां और कृषि भूमि नदी में समा सकती है.ग्रामीण रामकुमार, रामेश्वर कुमार, कृष्ण कुमार, रघुनाथ शाह, बुलेटिन यादव, सीताराम यादव, उपेंद्र यादव, धनीलाल यादव और जयराम यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अधिकारी लगातार स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं, लेकिन अब तक कटाव रोकने के लिए कोई ठोस या प्रभावी कार्य शुरू नहीं किया गया है. इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी बढ़ रही है.ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से अविलंब कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य नहीं कराया गया तो गांव के कई परिवार बेघर हो सकते हैं और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा.वहीं, किशनपुर के प्रभारी अंचलाधिकारी जियाउल कमर ने बताया कि अब तक कटाव की चपेट में आकर 15 घर नदी में विलीन हो चुके हैं. प्रभावित परिवारों का प्रतिवेदन तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देश के अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
सुपौल:जिले के ललितग्राम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) नहीं होने के कारण यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है.इससे हर दिन सैकड़ों यात्रियों की जान जोखिम में रहती है. स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या की ओर रेल प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है,लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन बेपरवाहस्टेशन पर ट्रेन के आने और जाने के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है. बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांग यात्रियों को पटरियां पार करने में काफी परेशानी होती है. कई बार लोग जल्दबाजी में ट्रैक पार करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. यात्रियों का कहना है कि एक छोटी सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.रेल प्रशासन से फुटओवर ब्रिज की मांगस्थानीय यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज की तत्काल आवश्यकता है. उनका कहना है कि रोजाना ट्रैक पार करना मजबूरी बन गया है और कई बार लोग हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं। यात्रियों ने रेल प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है।स्टेशन पर महिलाओं के लिए शौचालय तक नहींसिर्फ सुरक्षा ही नहीं, स्टेशन पर महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है. इससे महिला यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है. महिलाओं का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. अलग शौचालय नहीं होने से उनकी सुविधा और गरिमा दोनों प्रभावित होती हैं.स्टेशन पर व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने की मांगस्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं किसी भी रेलवे स्टेशन की प्राथमिक जिम्मेदारी होती हैं. इसके बावजूद ललितग्राम स्टेशन पर आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है. लोगों ने रेल प्रशासन से फुटओवर ब्रिज निर्माण और महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने की मांग की है. अब देखना होगा कि रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है।
सुपौल: बड़ी खबर सुपौल से है जहां सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड-8में सात वर्षीय बच्ची की कुदाल से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची,स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.जानकारी के अनुसार,परसरमा गांव निवासी शंभू शाह अपनी सात वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी के साथ गांव से दूध लेकर घर लौट रहे थे. बताया गया कि शंभू शाह आगे चल रहे थे,जबकि उनके पीछे प्रीति हाथ में दूध की बोतल लेकर आ रही थी. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक राजू शाह अचानक कुदाल लेकर पहुंचा और बच्ची पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,आरोपी ने बच्ची पर कई बार कुदाल से वार किया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना इतनी वीभत्स थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गए. कुछ ही देर में पूरे गांव में हत्या की खबर फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए.ग्रामीणों का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया. इससे गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर को घेर लिया और उसमें आग लगा दी. सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में ले लिया.घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य और नमूने एकत्र किए,ताकि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा सके. पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि सात वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए हैं. पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट-
सुपौल:कोसी रेंज के डीआईजी डॉ.कुमार आशीष ने रविवार को जिले के भीमनगर स्थित इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने एसएसबी की 45वीं वाहिनी के अधिकारियों और जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा पर चौकसी बढ़ाने,तस्करी रोकने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर चर्चा की.बैठक में सीमा क्षेत्र में होने वाली तस्करी, अवैध आवाजाही, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गई.डीआईजी ने कहा कि भारत-नेपाल की खुली सीमा को देखते हुए पुलिस और एसएसबी के बीच बेहतर समन्वय और नियमित सूचना आदान-प्रदान बेहद जरूरी है. उन्होंने अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए.डीआईजी ने सीमा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया. उन्होंने सीमावर्ती थानों और एसएसबी के बीच समन्वय को और मजबूत कर अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने की बात कही.बैठक के बाद डीआईजी ने एसएसबी द्वारा स्थापित थर्मल स्कैनर पॉइंट का निरीक्षण किया. उन्होंने उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और सीमा पर तैनात जवानों से निगरानी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि थर्मल स्कैनर जैसी आधुनिक तकनीक सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि इंडो-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए एसएसबी के कमांडेंट, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ हर महीने बैठक आयोजित की जाती है. इन बैठकों में सीमा सुरक्षा, चौकसी, तैनाती और समन्वय की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं,ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सके.मौके पर एसएसबी 45वीं वाहिनी वीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह, सेकेंड इन कमांड जगदीश कुमार शर्मा, डिप्टी कमांडेंट सौरव सुमन, वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
सुपौल: जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही वार्ड संख्या-4 में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई.पति परदूसरी शादी करने का आरोपमहिला का आरोप है कि करीब 10 वर्ष पहले मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर ने दिल्ली-गुरुग्राम में उससे प्रेम विवाह किया था. दंपती का एक 12 वर्षीय बेटा है. विवाहिता का कहना है कि उसके पति ने बाद में दूसरी शादी कर ली और उसे छोड़ दिया.पुलिस अधिकारियों परठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोपमहिला का आरोप है कि न्याय की मांग को लेकर वह कई बार स्थानीय थाना और पुलिस अधिकारियों के पास गई, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लगातार उपेक्षा से परेशान होकर उसने अपने बेटे के साथ टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया.जब तकDM-SP ने आश्वासन नहीं दिया,महिला अपने जिद पर रहीटावर पर मौजूद महिला ने साफ कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) मौके पर नहीं पहुंचेंगे और उसे न्याय का भरोसा नहीं देंगे,तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी. महिला की इस जिद के कारण प्रशासन की चिंता बढ़ गई और पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाने का प्रयास करते रहे.आस-पास के इलाके मेंभारी भीड़ जुट गईघटना के कारण आस-पास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने टावर के आस-पास लोगों को दूर रहने की अपील की. काफी समझाने के बाद महिला मोबाइल टावर से नीचे उतरी.
सुपौल: जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पतरघट्टी वार्ड-5 में शनिवार को जेवरात चोरी मामले की जांच करने गई पुलिस टीम पर कथित आरोपित के परिजनों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार के साथ मारपीट की गई,जबकि उन्हें बचाने के दौरान होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में लोहे की रॉड लगने से गहरी चोट आई,जिसके बाद उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया गया. जानकारी के अनुसार,करीब एक सप्ताह पहले नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-18 निवासी राकेश भगत के घर से जेवरात चोरी हो गए थे. आरोप है कि परिवार का एक सदस्य,जो स्मैक का आदी बताया जाता है,घर से गहने चुराकर अपने कुछ साथियों के साथ बेच दिया और रुपये खर्च कर दिए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पतरघट्टी निवासी अनिरुद्ध यादव के पुत्र आकाश कुमार की कथित संलिप्तता की जानकारी मिलने पर एसआई विजय कुमार पुलिस टीम के साथ पूछताछ के लिए उसके घर पहुंचे. बताया जाता है कि जब पुलिस आकाश कुमार को थाने ले जाने लगी,तभी आकाश,उसके भाई आशीष तथा अन्य परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस दौरान एसआई विजय कुमार के साथ मारपीट की गई और उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया. घायल होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव ने बताया कि एसआई पर दो बार रॉड से हमला किया गया. पहली बार रॉड उन्हें लगी,जबकि दूसरी बार एसआई को बचाने के प्रयास में रॉड उनके सिर पर लग गई,जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस एक महिला अनीता देवी को पूछताछ के लिए थाने लाई थी,लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया.वहीं, पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--
सुपौल: बड़ी खबर सुपौल से है जहां जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह कोसी नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग नदी में बह गए. घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और नदी में डूब रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.जानकारी के अनुसार,बनेनिया घाट से दर्जनों ग्रामीण नाव पर सवार होकर नदी पार स्थित पलार क्षेत्र में मूंग तोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान कोसी नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग नदी में बह गए.प्रत्यक्षदर्शियों और बचाई गई महिलाओं ने बताया कि नाव पर उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे. नदी के बीच पहुंचने के बाद अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वो पलट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए नदी में डूब रहे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया. ग्रामीणों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.नाव पर कुल कितने लोग सवार थे,इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है. प्रशासन भी यात्रियों की वास्तविक संख्या का पता लगाने में जुटा हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही सरायगढ़-भपटियाही अंचल प्रशासन सक्रिय हो गया. अंचलाधिकारी (सीओ),भपटियाही थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार दुबे तथा अन्य अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. फिलहाल हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. प्रारंभिक तौर पर नाव पर अधिक लोगों के सवार होने की बात कही जा रही है.
सुपौल : बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव शुक्रवार को सुपौल पहुंचे. उपमुख्यमंत्री के आगमन पर जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया.कार्यक्रम में मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास की बदौलत ही उन्हें बिहार का उपमुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि जदयू संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के कारण ही सुपौल समेत पूरे बिहार में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य,सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर योजनाएं चलाई जा रही हैं,जिनका सीधा लाभ आम लोगों को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इसमें कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. अपने संबोधन में उन्होंने जदयू कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में संगठन को और मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को बताना उनकी जिम्मेदारी है. कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला. मौजूद नेताओं ने उपमुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की. मौके पर सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत,निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव,पिपरा विधायक रामविलास कामत,जदयू जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव,जगदीश यादव,नंदकिशोर प्रसाद सिंह,गगन ठाकुर,राजा हुसैन,ओम प्रकाश यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे.उपमुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विकास और संगठन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की, जिससे पूरे परिसर में राजनीतिक माहौल गर्म रहा.
पटना:बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव गुरुवार को सुपौल पहुंचे. जिले के निर्मली स्थित कोसी निरीक्षण भवन में बतौर डिप्टी सीएम पहली बार आगमन पर एमडीए कार्यकर्ताओं व नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से बिजली और ईंधन की अनावश्यक खपत रोकने की अपील करते हुए ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया. निरीक्षण भवन पहुंचने पर उन्होंने दिन में जल रहे एलईडी बल्ब और चल रहे पंखों को बंद करवाया तथा कहा कि बिना जरूरत बिजली खर्च करना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि लोगों को बिजली के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के प्रति भी जागरूक होना चाहिए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जेडीयू,भाजपा,लोजपा सहित एनडीए घटक दल के कार्यकर्ता,जनप्रतिनिधि और आम लोग मौजूद रहे. इस अवसर पर सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत,निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव,लौकहा विधायक सतीश कुमार साह,पूर्व एमएलसी हारून रसीद,मधुबनी के जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार साह,नगर पंचायत निर्मली के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि जगरनाथ कामत समेत कई नेता उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास,जनसमस्याओं और सरकार की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई. डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार सरकार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने की अपील की.वहीं,निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं पर काम चल रहा है. स्थानीय लोगों ने भी इस दौरान कोसी क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याओं को नेताओं के समक्ष रखा. इस मौके पर जेडीयू जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव,जीवनेश्वर साह,रामचंद्र यादव,नथुनी मंडल,अमरदेव कामत,किशोरी साह,अभिषेक पंसारी,भोला मंडल,लक्ष्मी नारायण यादव,रंजीत नायक,जगरनाथ कामत,मनोज राम,धर्मेंद्र कुमार साह और प्रमोद यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट-
सुपौल: बड़ी खबर बिहार के सुपौल से है जहां सदर थाना क्षेत्र के गोपालपुर सिरे पंचायत के वार्ड संख्या02में कोसी नदी में नहाने के दौरान 4 मासूम बच्चियां डूब गई,जिनमें से 3 की दर्दनाक मौत हो गई. वहींएक बच्ची अब भी लापता है.बताया जा रहा है कि सभी बच्चियां कोसी नदी के किनारे खेलते-खेलते पानी में उतर गई. इसी दौरान अचानक गहराई में चली जाने से सभी डूबने लगी. मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया,जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद 3 बच्चियों को नदी से बाहर निकाला गया,लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी.मृतकों में पप्पू राम की12वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी,प्रमोद सादा की12वर्षीय पुत्री सुनीता कुमारी तथा ललित सादा की10वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी शामिल है. वहीं बच्चा लाल सादा की10वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश लगातार जारी है.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया . इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और हर आंख नम है.मामले में अंचल अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मृत बच्चियों के परिजनों को सरकारी सहायता के रूप में चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है. साथ ही एनडीआरएफ की टीम की मदद से लापता बच्ची की तलाश जारी है.
सुपौल : बड़ी खबर सुपौल से है जहां जिले के भपटियाही पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है. इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है.जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफारी गाड़ी (बीआर 11 टी 2074) में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही भपटियाही थाना की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एनएच-27 पर सरायगढ़ स्थित विश्वकर्मा धर्मकांटा के पास वाहन का पीछा कर उसे घेर लिया. तलाशी के दौरान गाड़ी से 11 बोरे में रखी कुल 1320 बोतल नेपाली ‘दिलवाले’ शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 396 लीटर बताई जा रही है.इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में संलिप्त निर्मली थाना क्षेत्र के मझारी निवासी रघुवीर कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है.इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई भी की. गुप्त सूचना के आधार पर भपटियाही थाना क्षेत्र के लौकहा पालर में तेजू मुखिया के घर के सामने झाड़ियों में छिपाकर रखी गई शराब को बरामद किया गया. यहां से 8 बोरे में कुल 720 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई,जिसकी कुल मात्रा 216 लीटर है. पुलिस ने आशंका जताई है कि यह शराब भी तस्करी के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी.भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बुधवार दोपहर बताया कि दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है. उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--
सुपौल: बड़ी खबर बिहार के सुपौल से है जहां जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्दना पंचायत वार्ड संख्या 2 में मंगलवार को अहले सुबह भीषण आग लग गई. आग लगने से 8 परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा इलाका धू-धू कर जलने लगा,जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए,वहीं घरों में रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया.इस अगलगी की घटना में गीता देवी,दुखनी देवी,शकली देवी,प्रमोद रजक,हरिनंदन रजक और रंजन देवी समेत अन्य पीड़ित परिवारों का सबकुछ जलकर खाक हो गया. घर में रखे कपड़े,अनाज,जेवर,नगद राशि,जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात और एक बाइक भी आग में नष्ट हो गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है.पीड़िता गीता देवी ने बताया कि उनके पति विनय रजक कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज बीकानेर में चल रहा है. इलाज के लिए बड़ी मुश्किल से जुटाए गए पैसे भी घर में रखे थे,जो इस आग में जल गए. इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और उनके सामने अब इलाज के साथ-साथ जीवनयापन का भी संकट खड़ा हो गया है.घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया. फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया,लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं,अग्निपीड़ितों ने सरकार से जल्द मुआवजा और सहायता की मांग की है,ताकि वे फिर से अपना जीवन पटरी पर ला सकें.इधर,त्रिवेणीगंज की सीओ प्रियंका सिंह ने बताया कि अग्निपीड़ित आठ परिवारों के बीच पॉलिथीन सहित अन्य राहत सामग्री वितरित की गई है. अग्निपीड़ितों को सरकारी स्तर से मिलने वाली सभी लाभ दिए जाएंगे.सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--
सुपौल: बिहार केमुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा पर मंगलवार को सुपौल के निर्मली पहुंचे जहां उन्होंने निर्मली रिंग बांध का निरीक्षण किया. उन्होंने जिले में 569 करोड़ की लागत से 213 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.मुख्यमंत्री ने समृद्ध यात्रा के क्रम में मंगलवार को निर्मली रिंग बांध का जायजा लिया. रिंग बांध का जायजा लेने के बाद वो अनुमंडल कार्यालय निर्मली मैदान पहुंचे.वहां उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया. इसके बाद वो जिले में 569 करोड़ की लागत वाली 213 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया.कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ मंच पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, ऊर्जा, मद्य निषेध, योजना-विकास एवं वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, निर्मली विधायक अनिरूद्ध प्रसाद यादव, लौकहा विधायक सतीश कुमार साह सहित अन्य मौजूद थे. उन्होंने 20 साल के कार्यकाल में बिहार के विकास पर विस्तार से संबोधित किया.
सुपौल :जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कार्यरत आवास कर्मियों ने लंबित मानदेय के विरोध में तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरु कर दिया है. ग्रामीण आवास सहायक,ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक,लेखा सहायक एवं कार्यपालक सहायक के रूप में कार्यरत कर्मियों का विगत आठ माह से मानदेय भुगतान नहीं हुआ है,जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है. शुक्रवार को दूसरे दिन कर्मियों का कहना है कि लगातार आठ महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है. परिवार का भरण-पोषण,बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो रहा है. मानदेय लंबित रहने के कारण दशहरा,दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व भी वे ठीक से नहीं मना सके. कर्मियों ने इसे विभागीय उदासीनता बताते हुए कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण योजना को जमीन पर उतारने वाले ही आज उपेक्षा के शिकार हैं. प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर दिनांक 26 फरवरी 2026 से तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है. दूसरे दिन प्रखंड कार्यालय परिसर में कर्मियों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और शीघ्र मानदेय भुगतान की मांग उठाई. उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. कार्य बहिष्कार में महेश कुमार,बबलू कुमार,ओमप्रकाश,आनंद कुमार,केश कुमार,अश्विनी कुमार,शशिभूषण,प्रभाष कुमार,रणधीर कुमार,रविशंकर,संजू कुमार,चित्ररंजन,निरंजन राम,बिरेंद्र कुमार,बसवीर साधार,रविंद्र कुमार,मिथलेश कुमार,राकेश कुमार,सूर्यभूषण मणि सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे. जिलाध्यक्ष राजकिशोर कुमार ने कहा कि आठ माह से मानदेय लंबित रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने सरकार से अविलंब बकाया भुगतान कर कर्मियों को राहत देने की मांग की है.
सुपौल : बड़ी खबर बिहार के सुपौल से है जहां जिले के निर्मली नगर के वार्ड संख्या 1 स्थित नाग मंदिर के पास मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्वे अमीन विक्रम कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार मरौना अंचल क्षेत्र के खोरमा गांव निवासी रिटायर्ड दफादार जय नारायण यादव से जमीन सर्वे के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी. सर्वे अमीन विक्रम कुमार पर आरोप है कि वो रिटायर्ट दफादार जय नारायण यादव से कुल 50 हजार रुपये की मांग की थी. शिकायतकर्ता ने रकम दो किश्तों में देने की बात कही थी. तय योजना के तहत मंगलवार को पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लेकर नाग मंदिर के पास बुलाया गया था. इससे पहले जय नारायण यादव ने पूरे मामले की शिकायत निगरानी विभाग में दर्ज कराई थी. शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी विभाग पटना की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही सर्वे अमीन ने रिश्वत की रकम ली तोनिगरानी टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया. निगरानी विभाग पटना के पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी सर्वे अमीन विक्रम कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पटना ले जाया जा रहा है,जहां आगे की पूछताछ और कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि निर्मली नगर के वार्ड 1 स्थित बद्री नारायण साह के मकान में किराए पर कमरा लेकर आरोपी सर्वे अमीन रह रहा था,वहीं पर रुपये लेकर रिटायर्ड दफादार को बुलाया था. इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति है. स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--
सुपौल: इस वक्त की बड़ी खबरसुपौल से है जहां जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के नेमनवा चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 327ए पर गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ है. दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना को लेकर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटना स्थल पर जुट गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा. वहीं,मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच-327ए पर यातायात बाधित हो गया. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सामान्य कराया. फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. घायलों के बारे में भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मृतक और घायलों की शिनाख्त कराने में जुटी है तथा उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है. थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.