

मंगलवार, 15 सितंबर 2026
Live
पूर्णिया:जिलेमें घरेलू विवाद ने एक परिवार की जिंदगी तबाह कर दी। के.हाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर में एक बैंककर्मी ने अपनी शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि वारदात के दौरान उनका नौ साल का बेटा भी मौके पर मौजूद था।महिला की पहचान 36 वर्षीय शालिनी कुमारी के रूप में हुई है। वह अररिया जिले के रानीगंज क्षेत्र की रहने वाली थीं और श्रीनगर स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। शालिनी अपने पति और बच्चों के साथ पूर्णिया के रेणु नगर स्थित किराए के मकान में रहती थीं।बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान बैंककर्मी पति ने पिस्टल से पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने से शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।परिजनों के अनुसार, वारदात से पहले आरोपी पति ने कथित तौर पर कहा था कि 'आज सब खेल खत्म कर देंगे।' इसके बाद उसने पत्नी पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।सूचना मिलने पर के. हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।पुलिस घरेलू विवाद के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मासूम बेटे के सामने हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
बिहार के पूर्णिया जिले में रविवार सुबह दर्दनाक हादसे में तीन सहोदर भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना कसबा प्रखंड की कुल्लाखास पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित आलम नगर में हुई। तीनों भाई घर के पास धार में जाल से मछली पकड़ने गए थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, आलम नगर निवासी अलांगीर के चार बेटे घर के समीप गोदाम के पीछे मछली पकड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान तीन भाई पानी में डूब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। आनन-फानन में तीनों को धार से बाहर निकालकर गांव लाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।एक ही परिवार के तीन भाइयों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार में एक साथ तीन मौतों से कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।बताया जा रहा है कि तीनों भाई सामान्य रूप से मछली पकड़ने के लिए घर के पास ही गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।स्थानीय स्तर पर घटना की जानकारी संबंधित प्रशासन को भी दी गई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
पूर्णिया : बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश शनिवार को पूर्णिया के बीकोठी प्रखंड के ओरलाहा गांव पहुंचे. यहां उन्होंने सबसे पहले निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. मंत्री दीपक प्रकाश ने सीधे पंचायत भवन पहुंचे, जहां की व्यवस्था देखकर वह काफी नाराज नजर आए. जांच के दौरान पंचायत भवन में कई महत्वपूर्ण अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले.निरीक्षण के बाद मंत्री ओरलाहा गांव स्थित खेल मैदान पहुंचे,जहां आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने भाग लिया. समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र एवं बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की.पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट-
पूर्णिया : बड़ी खबर पूर्णिया से है जहां बायसी थाना के मल्हरिया गांव में धार में डूबने से 2 चचेरी बहन की मौत हो गई. घटना से इलाके में सनसनी है. वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.बताया जा रहा है कि मृतका शकीरा और फरीदा दोनों बहन अपने दो अन्य सहेलियों के साथ घास काटने गई थी. तभी बीच धार में अधिक पानी होने के कारण दोनों बहने डूब गई. जब उनकी सहेलियों ने दोनों बहनों को डूबते देखा तो उसने शोर मचाया. इसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और काफी तलाश के बाद दोनों का शव बरामद हुआ. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मौके पर हजारों लोगों की भीड़ उमड पड़ी. जिला परिषद अध्यक्ष वहीदा सरवर समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे.सरपंच मोहम्मद निजाम और जिला परिषद अध्यक्ष वहीदा सरवर ने कहा कि चार लड़कियां घास काटने गई थी जिसमें दो चचेरी बहनें फरीदा और शगीरा की डूबने से मौत हो गई. उन्होंने कहा कि यहां सड़क नहीं रहने के कारण लोग धार पार करके दूसरी तरफ जाते हैं. जिस कारण अक्सर दुर्घटना होती है. बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं. उन्होंने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की. वहीं मृतका फरीदा की मां ने कहा कि उनकी बेटियां घास काटने गई थी. लेकिन अब वह कभी वापस नहीं आ पाएगी. यह कह वह दहाड़ मारकर रोने लगी. घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है.पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट-
पूर्णिया: बड़ी खबर बिहार के पूर्णिया से है जहां स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU)ने गुरुवार को बड़ी भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE)समेत 3 लोगों को10हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत के सत्यापन के बाद की गई.एसवीयू के अनुसार,शिकायतकर्ता राजेश कुमार साह ने आरोप लगाया था कि बिजली विभाग के जेई भारत मलिक ने उनके घर बिजली कनेक्शन लगाने के लिए20से25हजार रुपये की मांग की थी. शिकायत की जांच के दौरान यह आरोप सही पाया गया. इसके बाद जेई ने अपने सहयोगी तकनीशियन ग्रेड-3पंकज कुमार मेहता के माध्यम से15हजार रुपये की मांग की,जिसमें पहले5हजार रुपये लिए गए और शेष10हजार रुपये देने को कहा गया.शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसवीयू ने जाल बिछाया. टीम ने जेई भारत मलिक,तकनीशियन ग्रेड-3पंकज कुमार मेहता तथा तकनीशियन ग्रेड-3आशुतोष कुमार पांडेय को10हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि रिश्वत की राशि आशुतोष कुमार पांडेय के माध्यम से ली जा रही थी.इस मामले में स्पेशल विजिलेंस यूनिट थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित2018)तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. एसवीयू ने भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के लिए अपना हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है.संजय कुमार की रिपोर्ट--
पूर्णिया: शुभम कुशवाहा पर हुए जानलेवा हमला मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पूर्णिया पुलिस ने इस बहुचर्चित मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने शूटर समेत चार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. एसएसपी डॉक्टर शौर्य सुमन ने बताया कि पिछले दिनों नेवालाल चौक के पास बहुचर्चित सूरज बिहारी की हत्या हुई थी.सूरज बिहारी के भाई उदय बिहारी ने शुभम कुशवाहा को मारने के लिए 6 लाख रुपए की सुपारी दी थी. एसएसपी ने बताया कि इस मामले में दो शूटर को असम से गिरफ्तार किया गया है. साथ ही दो अन्य को भी दबोच लिया गया है.गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्टॉल, पांच कारतूस और पांच मोबाइल बरामद किया गया है.पूर्णियाएसएसपी ने बताया कि दो अन्य आरोपी फरार है. जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी. बीते 24 जुलाई को नेवालाल चौक के पास 6 अपराधियों ने वार्ड पार्षद रेखा देवी के बेटे शुभम कुशवाहा और उसके मामा सागर को गोली मार दी थी. जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल है. शुभम कुशवाहा पर भी कई तरह के आरोप हैं. गिरफ्तार आरोपियों में दो मधेपुरा के और दो पूर्णिया जिले का रहने वाला है.
पूर्णिया: सांसद पप्पू यादव के समर्थक और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पूर्णिया के आर.एन साह चौक पर सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पुतला फूंक कर विरोध जताया. इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने भगवा गमछा पहन कर खुद को सनातनी बता रहे थे. बता दें कि नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कथित हमले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा आज फूट पड़ा.पूर्णिया के कांग्रेस जिला अध्यक्ष अफरोज आलम ने बताया कि जिस तरह से पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को मारने की साजिश चल रही है, इसका हम सब विरोध करते हैं और पप्पू यादव को सुरक्षा देने,इसकी जांच करने और दोषियों को सजा देने की भी मांग करते हैं. वहीं, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने बताया कि हम सभी सनातनी हैं.सनातन और भगवा रंग पर बीजेपी का कॉपीराइट नहीं है और सनातन का अपमान होगा तो सांसद और उनके कार्यकर्ता नहीं सहेंगे. राजेश यादव ने कहा कि अगर सरकार नहीं चेती तो पूरा बिहार और देश जलेगा
पूर्णिया : सांसद पप्पू यादव पर प्रेस वार्ता के दौरान हुए कथित हमले के विरोध में समर्थक और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पूर्णिया के आर एन साह चौक पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पुतला फूंक कर विरोध दर्ज किया है. इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने भगवा गमछा पहन कर खुद को सनातनी बता रहे थे. पूर्णिया के कांग्रेस जिला अध्यक्ष अफरोज आलम ने बताया कि जिस तरह से पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को मारने की साजिश चल रही है इसका हम सब विरोध करते हैं और पप्पू यादव को सुरक्षा देने, इसकी जांच करने और दोषियों को सजा देने की भी मांग करते हैं.वहीं सांसद के प्रवक्ता राजेश यादव ने बताया कि हम सभी सनातनी हैं. सनातन और भगवा रंग पर भाजपा का कॉपीराइट नहीं है और सनातन का अपमान होगा तो सांसद और उनके कार्यकर्ता नहीं सहेंगे. राजेश यादव ने कहा कि अगर सरकार नहीं चेती तो पूरा बिहार और देश जलेगा.
पूर्णिया:बड़ी खबरपूर्णिया से है जहां स्पेशल निगरानी यूनिट ने वैसा प्रखंड के बीडीओ और उसके निजी सहायक को 46 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है.मामले में स्पेशल निगरानी टीम के डीएसपी कृष्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि बीडीओ राजकुमार चौधरी को बेसा प्रखंड के सरकारी आवास पर 46000 रुपए घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है. तलाशी के दौरान उनके सरकारी आवास से 125000 रुपए और कुछ कागजात भी बरामद किए गए हैं. इसका सत्यापन किया जा रहा है. इसके बाद उसे रोटा थाना लाया गया. जहां कागजी प्रक्रिया की गई. निगरानी डीएसपी ने कहा कि वादी ने स्पेशल निगरानी विभाग में शिकायत किया था कि उन्हें टेंडर राशि के भुगतान के एवज में उनसे रुपये मांगा जा रहा है. जब इसकी जांच की गई तो मामला सही पाया गया. तब निगरानी विभाग की विशेष टीम आज बेसा प्रखंड कार्यालय पहुंची जहां अपने आवास पर बीडीओ राजकुमार चौधरी 46000 रुपए घूस ले रहे थे. उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया. आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है.पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट--
पूर्णिया: सांसद पप्पू यादव सोमवार को औचक निरीक्षण करने जीएमसीएच यानी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. निरीक्षण के बाद पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यहां की हकीकत का साफ देखने को मिला. आलम यह है कि अस्पताल में मरीज का सही तरीके से इलाज नहीं होता है. हड्डी के कई मरीज एक माह से कच्चा प्लास्टर लगाकर चल रहे हैं. कई बार मरीजों को बिना जरुरत के भी रेफर कर दिया जाता है. उन्होंने कहा कि वह 1 घंटे से यहां मौजूद है, लेकिन सुपरिटेंडेंट कहीं नजर नहीं आए. सांसद पप्पू यादव ने जीएमसीएच की अव्यवस्था पर गहरा नाराजगी जताई और इन्हें जल्द दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया है.
पूर्णिया: जिले के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के कृत्यानंदनगर, मीरगंज, नगर पंचायत धमदाहा एवं नीरपुर में आयोजित सहयोग शिविर में मंत्री लेसी सिंह ने लोगों की समस्यायों से अवगत हुई. मंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अंदर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की 30 दिनों के अंदर निष्पादन के निर्देशमंत्री लेसी सिंह ने शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकार और प्रशासन को सीधे गांव-गांव तक पहुंचाना है,ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर ना लगाने पड़े. उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की 30 दिनों के अंदर सुनवाई और निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. मंत्री ने कहा कि यदि किसी मामले का समय पर समाधान नहीं होता है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश परसहयोग शिविर में मिल रहा लाभउन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर राज्यभर में प्रत्येक माह के दूसरे, तीसरे एवं चौथे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं,ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान भी हो सके.मंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण शिविर के दौरान मंत्री लेसी सिंह एवं जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने मीरगंज एवं धमदाहा नगर पंचायत और नीरपुर पंचायत के कसमरा गांव में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों का बारीकी से अवलोकन कर उनके निष्पादन की प्रगति की जानकारी ली और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया.
पूर्णिया : साल 2020 में पूर्णिया के सरसी में विधानसभा चुनाव के दौरान दिनदहाड़े हुए बहुचर्चित बेनी सिंह हत्याकांड मामले में सोमवार को कोर्ट ने दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला दिया है.पूर्णिया सिविल कोर्ट के एडीजे 2 न्यायाधीश ने सरसी में 2020 में विधानसभा चुनाव के दौरान बेनी सिंह हत्या मामले में दो अभियुक्त पुकेश सिंह और कंगना सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई है. इसके अलावा कोर्ट ने दोनों अभियुक्तों को ₹25000 जुर्माने भी देने का आदेश दिया है. इस बाबत वादी पक्ष के वकील हीरालाल साह ने कहा कि इस मामले में कोर्ट ने सभी पक्षों की सुनवाई करते हुए पुनकेश सिंह और कंगना सिंह को आजीवन कारावास के साथ₹25000 की जुर्माने की सजा सुनाई है. वहीं इसी मामले में एक दूसरा भी केस चल रहा है जिसमें चार अन्य अभियुक्त हैं. इसका अभी हियरिंग चल रहा है. यह उस समय की बहुत चर्चित घटना थी. उन्होंने कोर्ट से यह भी आग्रह किया है कि मृतक बेनी सिंह की पत्नी काफी कम उम्र की हैं. उनको उचित कंपनसेशन भी मिले. पूर्णिया से अमित कुमार की रिपोर्ट-
पूर्णिया/पटना : जल संसाधन विभाग ने पूर्णिया जिले के कनकई नदी के दाहिने तट पर मालोपाड़ा डुमरिया गांव में चल रहे कटाव निरोधक कार्य की स्थिति स्पष्ट की है.विभाग के अनुसार, वर्ष2026की बाढ़ पूर्व तैयारी योजना के तहत कराया गया कटाव निरोधक कार्य पूरी तरह सुरक्षित है.मुख्य अभियंता के कार्यालय से जारी प्रतिवेदन में बताया गया है कि कटाव निरोधक कार्य के लगभग15 से20 मीटर डाउनस्ट्रीम (U/S) हिस्से में कटाव के कुछ निशान दिखाई दिए हैं.इस हिस्से को भी बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कर सुरक्षित कर लिया जाएगा.विभाग ने कहा है कि स्थल पर लगातार निगरानी और चौकसी बरती जा रही है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
पूर्णिया : सांसद पप्पू यादव शनिवार को पूर्णिया कोर्ट स्टेशन परिसर में एटीएम टिकट मशीन एवं महिला और पुरुष प्रतीक्षालय का उद्घाटन किया. इस मौके पर सांसद पप्पू यादव ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा पीएमसीएच के अधीक्षक पर की गई कार्रवाई की प्रशंसा की.उन्होंने कहा कि 90% प्रिंसिपल और अधीक्षक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं. दुर्भाग्य है कि आईएमए जैसी संस्था ऐसे लोगों को बचाव के लिए सामने आ खड़ी हुई है जो उनकी मानसिकता को भी दर्शाता है.वहीं भरत तिवारी एनकाउंटर पर पप्पू यादव ने कहा कि बिहार ही नहीं यूपी और अन्य राज्यों में जाति की राजनीति हो रही है और चुन चुन कर ब्राह्मण का एनकाउंटर हो रहा है. उन्होंने कहा कि बिहार में अब तक इस सरकार में सात एनकाउंटर हुए हैं. सब की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए.पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट--
पूर्णिया : जिले के टाउन हॉल में गुरुवार को भाजपा द्वारा संविधान हत्या दिवस मनाया गया. इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे,सदर विधायक विजय खेमका,एमएलसी अनिल ठाकुर समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे.इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि 25 जून 1975 को इंदिरा गांधी की सरकार में आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या कर दी गई थी. इसको वे लोग आज पूरे देश में संविधान हत्या दिवस के रूप में मना रहे हैं. उन्होंने कहा कि आपातकाल में विपक्षी नेताओं, प्रेस मीडिया सब पर सेंसर लग गया था. कोई कुछ बोल नहीं सकता था. कई नेताओं और पत्रकारों को तो जेल में डाल दिया गया था. उस दिन लोकतंत्र की हत्या कर दी गई थी. जिस कारण आज इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाया जाता है.पूर्णिया से अमित कुमार की रिपोर्ट--
पूर्णिया : बड़ी खबर बिहार के पूर्णिया से है जहां डगरवा थाना क्षेत्र के दोघड़िया टोला में पानी से भरे गड्ढे में ट्रैक्टर पलट जाने से 3 मजदूरों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई.घटना के संबंध में मृतक के परिजन अंजर आलम ने कहा कि दूसरे ट्रैक्टर को निकालने के लिए यह ट्रैक्टर लेकर नसीम जा रहा था. नसीम को ट्रैक्टर चलाने भी नहीं आता था. उस ट्रैक्टर पर उसका 10 वर्षीय भतीजा तोफिक और अब्दुल हुसैन भी सवार था. जैसे ही ट्रैक्टर दोघड़िया के पास पहुंचा कि वह पानी भरे गड्ढे में पलट गया जिसमें दबकर तीनों मजदूरों की मौत हो गई. घटना के बाद तीनों को स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. वहीं परिजनों ने शव के पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया और उन्होंने थाना को लिखित आवेदन देकर किसी तरह की कार्रवाई से इनकार किया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही डगरवा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई.पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट--
पूर्णिया: केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह शुक्रवार को पूर्णिया में विश्वास विकास व जनकल्याण के लिए समर्पित मोदी सरकार के 12 साल कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे. वहीं संवाददाताओं से बात करते हुए ललन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार विकसित भारत 2047 के विजन पर कार्य कर रही है. 2014 से पहले की सरकार में कई घोटाले हुए लेकिन इन 12 वर्षों में मोदी सरकार पर एक भी आरोप नहीं लगा. पहले की सरकार रिमोट से चला करती थी. लेकिन अब निर्णय सरकार लेती है. आज देश सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन रहा है.ललन सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य,इंफ्रास्ट्रक्चर,विदेश नीति,रक्षा जैसे मामलों में देश आज अव्वल मुकाम पर है. भारत के शौर्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एयर स्ट्राइक,सर्जिकल स्ट्राइक,ऑपरेशन सिंदूर में देश के शौर्य को लोग देख चुके हैं.टीएमसी और शिवसेना में टूट के बाद बिहार में राजद के टूट को लेकर उन्होंने कहा कि क्या राजद अब कोई पार्टी बची है. राजद खुद ब खुद विलुप्त हो रहा है. पार्टी स्वत:समाप्त हो रहा है और एक सीट के चलते किसी तरह नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी बची है.लालू यादव द्वारा नीतीश कुमार पर आवास खाली करने के आरोप पर ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार अब सरकार में हैं जो ऐसा लालू जी बोल रहे हैं. वह कहीं पर निगाहें कहीं पर निशाना लगा रहे हैं. वहीं राज्यसभा चुनाव में झारखंड में निर्दलीय प्रत्याशी की जीत पर कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाए गए आप पर जवाब देते हुए ललन सिंह ने कहा कि यह उनका मामला है. इसमें एनडीए कहीं नहीं है. अगर और भी लोग एनडीए में आना चाहे तो उनका स्वागत है.पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट--
पूर्णिया : शारदीय (खरीफ) महाअभियान जिला कार्यशाला का सोमवार को पूर्णिया के प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया. इस मौके पर कृषि विभाग के वरीय अधिकारी के साथ-साथ अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर की कृषि विभाग के कर्मी के साथ-साथ बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक उपस्थित थे. कार्यशाला में जिलाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्ट्रेशन में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में बताते हुए जिला अधिकारी ने कहा कि कृषि में नवाचार, नई तकनीक का प्रयोग, आधुनिक कृषि, सरकार की योजनाएं और पोषक तत्व प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यशाला रखी गई है. इसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर ग्रासरूट पर जाकर किसानों को कृषि में बेहतर प्रबंधन करने हेतु बताया जा रहा है जिससे कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी.पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट--
पूर्णिया:जिले में करोड़ों रुपए के फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है. एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी ने महज एक दिन के लिए किराए में ऑफिस खोलकर सैकड़ों लोगों के साथ करोड़ों रुपए की ठगी कर ली है. जब लोगों को पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गये. लिहाजा लोगों ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करवाई है. इससे पहले कंपनी के एजेंट ने ग्रामीण इलाके में घूम-घूम कर सिर्फ पूर्णिया जिले में 300 से अधिक लोगों से खाता खुलवाने के नाम पर पांच हजार रुपये लिया और उन्हें आश्वासन दिया कि उसे 1 लाख 60,000 रुपए लोन दिया जाएगा.खाता खुलवाने के नाम पर फर्जीवाड़ापीड़ित दर्जनों महिलाओं का कहना है कि राहुल कुमार और मिथुन कुमार नाम के शख्स उनके घर पर पहुंचे और उन लोगों से खाता खुलवाने के नाम पर पांच-पांच हजार रुपया लिये. ये बोलकर लिए कि दूसरे दिन उनके खाते में 1 लाख 60,000 रुपए आ जाएगा, लेकिन जब रुपये नहीं आया तो लोगों ने फोन करना शुरू किया तो कंपनी वाले ने फोन नहीं उठाया. जब कार्यालय पहुंचा तो देखा कि जीरो माइल पर स्थित कार्यालय में ताला लगा था. जिसके बाद महिलाओं ने वहां जमकर हंगामा किया, फिर मकान मालिक को पकड़ कर सदर थाना ले गया. जहां उन्होंने आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई.करोड़ों रुपए लूटने के बाद सभी पदाधिकारी फरारमहिलाओं ने बताया कि उन लोगों को सरकारी बैंक का झांसा देकर करोड़ों रुपए लूटने के बाद सभी पदाधिकारी फरार हो गए. वहीं, जिस किराए के मकान में इन लोगों ने ऑफिस खोला था उसके मालिक माहिर अख्तर ने कहा कि बेगूसराय निवासी राहुल कुमार 31 मई को उनसे किराए पर कमरा लिया था. जिसका उन्होंने एग्रीमेंट भी बनाया था, जिसमें 22 हजार मासिक किराया देने और 1 लाख एडवांस देने की बात हुई, लेकिन उन्होंने एडवांस की राशि नहीं दी. माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के नाम परलोन देने की बात पर ठगीपांच जून को जब सैकड़ों महिलाएं आकर शटर तोड़ने लगे तो वह नीचे आए तो महिलाओं ने बताया कि सहायता माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर उन लोगों को लोन देने के बात कहकर सभी से पांच हजार रुपये खाता खुलवाने के नाम पर लिया गया. करीब 400 लोगों से खाता खुलवाया गया. उन्होंने कहा कि 3 जून को इन लोगों ने ऑफिस खोलकर उद्घाटन किया और उसी शाम ऑफिस बंद कर सब फरार हो गया.एक दिन के लिए ऑफिस खोला गया उसी दिन शाम तक सभी फरारफिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं, सदर एसडीपीओ वन अभिनव पाराशर ने कहा कि यह पूरी तरह ठगी का मामला है. एक दिन के लिए ही ऑफिस खोला गया और उसी दिन कई लोगों से पैसे लेकर कंपनी भाग गई. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है. जल्द ही कार्रवाई होगी.