

गुरुवार, 24 सितंबर 2026
Liveबेरमो : बड़ी खबर बेरमो से है जहां केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की धनबाद टीम ने शुक्रवार को सीसीएल कथारा एरिया के गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में दो लिपिकों को 18 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया.बताया जा रहा है कि धनबादCBI की टीमने शुक्रवार को गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची. टीम ने कार्रवाई करते हुए सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को कथित 18000 रुपये घूस की राशि के साथ पकड़ा. बताया गया कि मामला परियोजना के सर्वे विभाग से करीब सात माह पूर्व सेवानिवृत्त हुए जनता नगर निवासी रसूल जमा के बकाया भुगतान से जुड़ा है. सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान लंबित था. आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और जल्द भुगतान कराने के एवज में दोनों लिपिकों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी. महीनों तक कार्यालय का चक्कर लगाने के बाद परेशान रसूल जमा ने मामले की शिकायत धनबादCBI से शिकायत किया. शिकायत मिलने के बादCBI ने प्रारंभिक स्तर पर मामले की पुष्टि की और इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई. शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता द्वारा कथित तौर पर18 हजार रुपये दिए गए, पहले से मुस्तैदCBI टीम ने दोनों लिपिकों को पकड़ लिया. अचानक हुईCBI की कार्रवाई से परियोजना कार्यालय में खलबली मच गई. कार्रवाई पूरी करने के बादCBI टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ धनबाद ले गई. मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है.बेरमो से पंकज कुमार की रिपोर्ट-
बोकारो: जिले में होमगार्ड और चौकीदार के रिक्त पड़े 189 पदों पर जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर युवाओं ने 28 जुलाई को आंदोलन कर डीसी को ज्ञापन सौंपा. उस समय डीसी ने 45 दिनों के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया था,लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने पर युवाओं ने एक बार फिर बोकारो डीसी अजयनाथ झा से उनके कार्यालय में मुलाकात की. इस दौरान डीसी ने आश्वासन दिया कि दुर्गा पूजा और दीपावली के बीच 189 रिक्त पदों पर बहाली के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा.डीसी से मिलने पहुंचे युवाओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में युवा इस बहाली की तैयारी कर रहे हैं. बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। युवाओं ने मांग की कि बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल सके.
बोकारो:जिले के लोगों के लिए बेहद अच्छी खबर है. सेक्टर-6 के शास्त्री चौक से तेलमच्चो तक जाने वाली सड़क अब फोरलेन होगी. केंद्र सरकार की CRIF योजना के तहत करीब 5.965 किलोमीटर लंबी सड़क के फोरलेन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. इस सड़क के निर्माण पर करीब 56 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. शिलान्यास कार्यक्रम में धनबाद के बीजेपी सांसद ढुल्लू महतो और बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह मौजूद रहीं.शिलान्यास के मौके पर सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि सड़क का निर्माण केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई राशि से किया जा रहा है. जिसमें राज्य सरकार का भी सहयोग है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केंद्र सरकार की ओर से बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया जाएगा.वहीं,बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए वह लंबे समय से प्रयासरत थी और अब उनके प्रयास को सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि सड़क बनने से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी.लंबे समय से जर्जर पड़ी सेक्टर-6 शास्त्री चौक से तेलमच्चो तक की सड़क से गुजरने वाले लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. सड़क के फोरलेन बन जाने के बाद यातायात सुगम होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.करीब 5.965 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 56 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी. दावा है कि सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद बोकारो से रांची की दूरी करीब 15 किलोमीटर तक कम हो जाएगी.फिलहाल,सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बोकारो:चास नगर निगम कार्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कार्यालय की टेबल के दराज में जरूरी कागजात की जगह शराब की बोतल रखी हुई है. वहीं,कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर को कथित तौर पर शराब की बोतल लेते हुए देखा जा रहा है. वीडियो में कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ दो अन्य लोग भी बैठे नजर आ रहे हैं. कशिश न्यूज इस वीडियो या खबर की पुष्टि हम नहीं करता है.वीडियो सामने आने के बाद चास नगर निगम में हड़कंप मच गया.वीडियो को लेकर नगर आयुक्त संजीव कुमार ने संज्ञान लेते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर अशोक दास के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबित करने की बात कही है. साथ ही पूरे मामले की जांच कराने की भी बात कही है.वहीं,चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान ने वायरल वीडियो को नगर निगम कार्यालय का होने से इनकार किया है.ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर वायरल वीडियो कहां का है और इसमें नजर आ रहे दो अन्य लोग कौन हैं.सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में कार्यालय के अंदर का दृश्य दिखाई दे रहा है.टेबल के दराज को खोला जाता है, जिसमें जरूरी दस्तावेजों की जगह शराब की बोतल नजर आती है.इसके बाद कंप्यूटर ऑपरेटर को शराब की बोतल लेते हुए देखा जा सकता है.वीडियो में उसके साथ दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद हैं.वीडियो सामने आने के बाद चास नगर निगम के नगर आयुक्त संजीव कुमार ने मामले का संज्ञान लिया है. उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटर अशोक दास के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबित करने की बात कही है.साथ ही पूरे मामले की जांच कराने की बात कही गई है,ताकि वायरल वीडियो की सच्चाई और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके.
बेरमो: झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. मंगलवार को करगली गेट स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा नगर कार्यालय में नगर अध्यक्ष दीपक कुमार महतो के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. सभा का माहौल बेहद गमगीन और भावुक रहा. दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कई लोगों की आंखें नम हो गई. हर चेहरे पर मायूसी और दिल में उनके असमय चले जाने का दर्द साफ नजर आया.श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन सिर्फ एक जनप्रतिनिधि का जाना नहीं,बल्कि झारखंड ने एक मिलनसार,नेकदिल और जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाने वाले नेता को खो दिया है.उनका असमय निधन परिवार, संगठन और प्रदेश के लिए गहरा सदमा है,जिसकी भरपाई आसान नहीं.वक्ताओं ने कहा कि कुछ लोग अपने पद से नहीं, बल्कि अपने किरदार, व्यवहार और लोगों के प्रति अपनापन से दिलों में जगह बनाते हैं. सुदिव्य कुमार सोनू भी ऐसे ही व्यक्तित्व के धनी थे.उनकी यादें हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी. उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस मुश्किल घड़ी में सब्र और हिम्मत देने की कामना की. तस्वीर पर फूल चढ़ते रहे, आंखों से आंसू निकलते रहे.शब्द कम पड़ गए, मगर दिल का दर्द बहुत कुछ कह गया.सूदिव्य सोनू आज हमारे बीच नहीं हैं,लेकिन उनकी यादें और जनसेवा की उनकी छाप हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी.
बोकारो: जिले के सरकारी विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाला मध्यान भोजन यानी मिड डे मील बंद होने का मामला सामने आया है. चास नगर निगम क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कमलडीह में मिड डे मील बंद होने की जानकारी सामने आई. स्कूल में सूचना बोर्ड पर 11 अगस्त से मध्यान भोजन बंद होने की सूचना लिखी गई है.बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से राशि उपलब्ध नहीं कराया गया है. इसका असर स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं पर भी पड़ रहा है. बच्चे स्कूल से घर जाकर खाना खाने को मजबूर हैं.हालांकि,जब इस मामले में बोकारो के जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल चौबे से बातचीत की गई तो उन्होंने मिड डे मील बंद होने की बात से साफ इनकार किया. उनका कहना है कि सभी विद्यालयों को राशि उपलब्ध करा दी गई है.ऐसे में अब सवाल उठता है कि आखिर सही कौन बोल रहा है? स्कूल में बच्चों को मिड डे मील बंद होने की जानकारी क्यों दी गई और अगर राशि उपलब्ध करा दी गई है तो भोजन क्यों नहीं मिल रहा?अब इस मामले में विभाग और विद्यालय प्रबंधन के दावे आमने-सामने हैं.एक तरफ स्कूल में मिड डे मील बंद होने की सूचना, दूसरी तरफ शिक्षा विभाग का दावा कि राशि उपलब्ध करा दी गई है.अब देखना होगा कि इस पूरे मामले की हकीकत क्या है और आखिर बच्चों को मध्यान भोजन क्यों नहीं मिल रहा.
बोकारो:राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है. चास प्रखंड स्थित पिंडराजोरा के राजकीय बुनियादी विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. नौनिहालों का भविष्य अंधकारमय है. हालात ऐसे हैं कि स्कूल में बच्चे तो रोज पहुंच रहे हैं, लेकिन कई कक्षाओं में पढ़ाने वाला कोई शिक्षक ही नहीं है. आलम ये है कि छात्र बिना पढ़ाई के ही घर लौटने को मजबूर है.मामला चास प्रखंड के पिंडराजोरा स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय का है. वर्ष 1948 में स्थापित इस विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाई होती है। लेकिन वर्तमान में पूरे विद्यालय की जिम्मेदारी मात्र एक सहायक आचार्य के कंधों पर है.प्रतिनियुक्त सहायक शिक्षक कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ विद्यालय के अन्य प्रशासनिक कार्य भी संभाल रहे हैं. वहीं, कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इन कक्षाओं के छात्र स्कूल तो पहुंचते हैं, लेकिन नियमित पढ़ाई नहीं होने के कारण उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है.छात्रों का कहना है कि उनकी नियमित पढ़ाई नहीं हो रही है. मजबूरी में वे खुद से पढ़ाई करने का प्रयास करते हैं, लेकिन शिक्षकों के अभाव में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं,स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिलीप गोप का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है. कई बार शिक्षकों की मांग की गई,लेकिन अब तक पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं.विद्यालय में प्रतिनियुक्त सहायक शिक्षक युधिष्ठिर महतो ने बताया कि उन्हें करीब दो महीने पहले इस विद्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया है. वे कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई कराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कक्षा 6 से 8 तक मुख्य विषयों के शिक्षक नहीं होने के कारण उन बच्चों की पढ़ाई बाधिक हो रही है.वहीं,इस गंभीर मामले पर जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल चौबे का कहना है कि विद्यालय में शिक्षकों का पद स्वीकृत नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. हालांकि,उन्होंने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए जल्द विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था करने की बात कही है.
बोकारो: डुमरी विधायक जयराम महतो की पुलिस के साथ अभद्रता और पुलिस के आचरण को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दो विषय सामने आए हैं—एक पुलिस के आचरण का और दूसरा जनप्रतिनिधि के आचरण का. सुदेश महतो ने कहा कि पुलिस का वर्तमान आचरण झारखंड स्वीकार नहीं करेगा,वहीं जनप्रतिनिधि का ऐसा आचरण भी झारखंड की जनता स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या क्रांतिकारी बदलाव का रास्ता पुलिस को नियंत्रित करने के लिए इसी तरह अपनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस मुद्दें पर समाज में गंभीर बहस की जरूरत है.
बोकारो: राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने छात्रा के मुद्दें पर हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने सरकार द्वारा छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज और हो रही कार्रवाई को राज्य को लहू लुहान करने वाला कदम बताया है.अर्जुन मुंडा अपने दो दिवसीय दौरे पर बोकारो पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस राज्य को लहू लोहान करते हुए राज्य को पीछे धकेलना का काम किया है. हीरा भी पत्थर होता है,लेकिन उसको तरस कर लोग इसकी कीमत लगते हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं जिसे सरकार को मानकर उसे अनुशंसा करना चाहिए.उन्होंने कहा कि कोई भी केंद्रीय एजेंसी संवैधानिक एजेंसी के खिलाफ खुद से कार्रवाई नहीं कर सकती है.
बोकारो:चास थाना क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. घर की खिड़की तोड़कर ज्वेलरी, नगद और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया है.बता दें कि 22 जुलाई, 14 अगस्त और 15 अगस्त की रात चास थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. तीनों मामलों में चास थाना में अलग-अलग कांड दर्ज किए गए थे.घटनाओं के उद्भेदन के लिए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 7 मोबाइल, सोने जैसा सात पीस कंगन, 3.50 ग्राम का सोना जैसा धातु, लोहे का चॉपड़ बरामद किए गए है.पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. वहीं,गिरफ्तार आरोपी गौतम बाउरी का पहले से भी चोरी और सेंधमारी से जुड़े दो मामले चास थाना में दर्ज हैं.
बोकारो: पुलिस ने पिछले तीन महीनों के दौरान विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 1,665 मामलों का निष्पादन किया है. इस दौरान जिले के अलग-अलग थानों में 1023 मामले दर्ज किए गए. पुलिस के अनुसार मामलों के निष्पादन की दर 123 प्रतिशत रही.हेडक्वार्टर डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस प्रत्येक मामले की जांच तकनिकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कर रही है. पुलिस का फोकस महिला उत्पीड़न,साइबर क्राइम,गृह भेदन सहित कई गंभीर मामलों के त्वरित अनुसंधान और निष्पादन पर है.डीएसपी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाना और अपराधियों को कानून के दायरे में लाना है. उन्होंने पीड़ितों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें अब परेशान होने या बार-बार थाने आने की जरूरत नहीं है. वे अदालत में जाकर निर्भीक होकर अपनी गवाही दें, ताकि दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाई जा सके.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को मजबूत बनाया जा रहा है,जिससे मामलों के निष्पादन के साथ-साथ दोषियों को सजा दिलाने में भी मदद मिले.
बोकारो: जिले के सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आज जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया. रिहर्सल के दौरान डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली. वहीं,डीसी ने ध्वजारोहण कर समारोह की पूरी प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया.इस दौरान बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे जिले में ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत होगा. इसके बाद राष्ट्रगान होगा और कार्यक्रम की समाप्ति के बाद भी राष्ट्रीय गीत का गायन किया जाएगा. इसे लेकर पूरे जिले के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.वहीं, एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर परेड की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रिहर्सल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी त्रुटियों को लेकर जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर जिले के लॉज, होटल और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है.
बोकारो: पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है. मामला चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुपुनकी का है. महिला अपराध के विशेष न्यायाधीश ने आरोपी उमेश गोप को पत्नी की हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. साथ ही अदालत ने उस पर 20 हजार का जुर्माना भी लगाया है.मामले की जानकारी देते हुए विशेष लोक अभियोजक आरके राय ने बताया कि यह मामला वर्ष 2024 का है. आरोपी उमेश गोप की शादी वर्ष 2014 में महुदा थाना क्षेत्र की रहने वाली रिंकी देवी से हुई थी. एक बेटी के जन्म के बाद से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. आरोप है कि उमेश अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और उसे घर से निकाल देता था.घटना से कुछ दिन पहले भी मारपीट कर रिंकी देवी को घर से निकाल दिया गया था. इसके बाद 22 फरवरी 2024 को उमेश अपने ससुराल पहुंचा और पत्नी को ठीक से रखने का वादा करते हुए माफी मांगी.उसी रात करीब दस बजे उमेश ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने आरोपी उमेश गोप को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई.
बोकारो: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपने पूरे परिवार के साथ हवाई मार्ग से बोकारो एयरपोर्ट पहुंचे. जहां से वह को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित दंता क्लिनिक में दांत का इलाज कराने पहुंचे हैं. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बोकारो हवाई अड्डे पर आईजी, डीसी और एसपी ने सीएम का स्वागत किया. इस दौरान मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.मुख्यमंत्री इससे पहले भी सड़क मार्ग से दांत का इलाज कराने बोकारो पहुंच चुके हैं. एक अंतराल के बाद वे बुधवार को फिर बोकारो पहुंचे हैं. उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन भी साथ में मौजूद थी. साथ में उनके बच्चे भी बोकारो पहुंचे हैं. उनके आगमन को लेकर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था किया गया है. मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से इलाज के बाद रांची लौटे जाएंगे.
बोकारो: विधानसभा मार्च के दौरान रांची में छात्रों पर किए गए कथित बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को बीजेपी ने झारखंड बंद का आह्वान किया है. बोकारो में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला. बोकारो के नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया. इस दौरान व्यावसायिक वाहनों को पूरी तरह रोक दिया गया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.बीजेपी नेताओं ने कहा कि छात्रों के साथ इस तरह का बर्ताव भारतीय जनता पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी. बीजेपी छात्र हित में उनके साथ खड़ी है,क्योंकि छात्र देश के भविष्य हैं. वहीं,नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी सिर्फ सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं. बीजेपी नेताओं ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में छात्रों के साथ खड़े हैं तो उन्हें सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए.वहीं,बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि बंद के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और सड़क पर बाधित आवागमन को जल्द सुचारू कराया जाएगा.
बोकारो: विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर रविवार को कैंप टू स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन में आदिवासी महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया. महोत्सव का उद्घाटन सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद,चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक और बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने किया.महोत्सव में पारंपरिक हस्तशिल्प, आदिवासी लोकचित्रकला और जनजातीय खानपान की प्रदर्शनी लगाई गई. मांदर और नगाड़े की थाप पर पारंपरिक लोकनृत्य, आदिवासी परिधान फैशन शो और आदिवासी विचार-दर्शन पर परिचर्चा का भी आयोजन हुआ.कार्यक्रम में सभी लोग पारंपरिक आदिवासी परिधान में नजर आए. नेताओं ने आदिवासी संस्कृति और परंपरा को बचाने के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन की रक्षा पर जोर दिया.नेताओं ने कहा कि आदिवासी संस्कृति बचेगी तभी आदिवासी समाज और झारखंड की पहचान भी सुरक्षित रहेगी.आदिवासी दिवस के मौके पर लोगों से संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की गई.
बोकारो: प्रत्येक वर्ष दुनिया भर में 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है. इसी कड़ी में 6 अगस्त गुरुवार को अपराह्न 12:00 बजे मुस्कान हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सभागार में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विषय था– "जीवन में एक स्थायी शुरुआत के लिए स्तनपान: जो प्रभावी है,उसे मजबूत करें". सेमिनार में चिकित्सकों ने स्तनपान के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए माताओं और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.कार्यक्रम का शुभारंभ अस्पताल की वरिष्ठ प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उषा सिंह ने किया. इस अवसर पर वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एस. सी. मुंशी सहित अस्पताल के चिकित्सक,नर्सिंग स्टाफ,इंटर्न,स्वास्थ्यकर्मी एवं निदेशक मंडल के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.मुख्य वक्ता डॉ. हर्षिता ने अपने व्याख्यान में कहा कि नवजात शिशु के मानसिक,शारीरिक और रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास के लिए स्तनपान सबसे मजबूत आधार है. उन्होंने बताया कि जन्म के बाद शुरुआती छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही दिया जाना चाहिए. इससे न केवल शिशु का समुचित विकास होता है,बल्कि कई गंभीर बीमारियों से भी सुरक्षा मिलती है. उन्होंने कहा कि माताओं को स्तनपान के प्रति प्रेरित करने और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भूमिका बेहद आवश्यक है.सेमिनार के दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने स्तनपान को लेकर समाज में व्याप्त गलत धारणाओं को दूर करने तथा अधिक से अधिक माताओं को जागरूक करने का संकल्प लिया. अस्पताल के निदेशकों ने डॉ. हर्षिता के व्याख्यान की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों और स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है.सेमिनार में एक बात बड़ी चौंकाने वाली आई कि पूरे देश में अंडमान निकोबार स्तनपान करने वाले राज्यों की श्रेणी में 85.6% के साथ सर्वश्रेष्ठ आंकड़े पर है,तत्पश्चात स्थान छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी का है. साथ ही 34% के आंकड़े के साथ उत्तर प्रदेश का स्थान स्तनपान करने वाले राज्यों में सबसे निचले पायदान पर है.कार्यक्रम के अंत में मुस्कान हॉस्पिटल के उप चिकित्सा अधीक्षक वंदना सहाय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया. सेमिनार का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्तनपान को जन-आंदोलन का स्वरूप देना रहा.
बोकारो: सदर अस्पताल से दुखद खबर सामने आई है.सदर अस्पताल में कार्यरत फिजियोथैरेपिस्ट डॉ.वीरेंद्र महतो ने बीती रात कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई.मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है,जिसे सिटी थाना पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वहीं, परिजनों ने आत्महत्या पर सवाल उठाते हुए अस्पताल में साजिश की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.जानकारी के अनुसार,डॉ. वीरेंद्र महतो का शव अस्पताल परिसर में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है,जिसकी जांच की जा रही है.फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.इधर,मृतक के परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं थी और डॉ.वीरेंद्र महतो के आत्महत्या करने जैसी कोई स्थिति नहीं थी.उनका आरोप है कि अस्पताल में उनके साथ किसी तरह की साजिश हुई है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.वहीं, घटना के काफी समय बाद तक सदर अस्पताल के सिविल सर्जन या उपाधीक्षक के मौके पर नहीं पहुंचने से परिजनों में नाराजगी भी देखी गई. फिलहाल सिटी थाना पुलिस सुसाइड नोट समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है.इस मामले को लेकर सीटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टि या मामला आत्महत्या का लगता है.मृतक के मोबाइल में कई ट्रेडिंग से संबंधित मैसेज भी पाए गए हैं. शाम लगभग साढ़े पांच बजे पत्नी के अकाउंट में भी 95,000 मृतक ने ट्रांसफर किया था, सभी मामले की जांच की जा रही है.
बेरमो: शिक्षा की डगर को आसान बनाने और विद्यार्थियों के सपनों को नई रफ्तार देने वाली झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी 'उन्नति का पहिया' योजना के तहत शुक्रवार को रामरतन हाई स्कूल परिसर में 135 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया. जैसे ही छात्रों ने नई साइकिलों की हैंडल थामी, उनके चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की चमक साफ दिखाई दी.विद्यार्थियों ने कहा कि अब विद्यालय की दूरी उनके सपनों के बीच बाधा नहीं बनेगी, बल्कि यह साइकिल उन्हें समय पर स्कूल पहुंचने और अपने लक्ष्य तक पहुंचने की नई ऊर्जा देगी. कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि बेरमो प्रखंड के कुल 853 छात्र-छात्राओं को उन्नति का पहिया योजना के तहत साइकिलें प्रदान की जाएंगी. यह योजना विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जिन्हें विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.इस मौके पर मुख्य अतिथि बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि शिक्षा ही वह ताकत है जो समाज और राष्ट्र का भविष्य तय करती है. सरकार चाहती है कि संसाधनों की कमी किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने. उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सदुपयोग करते हुए पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया. इस अवसर पर बेरमो प्रमुख, फुसरो नगर परिषद अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि एवं बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक उपस्थित रहे. अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने वाला एक मजबूत कदम है. साइकिल वितरण समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा. नई साइकिलों के साथ छात्र-छात्राओं की मुस्कान मानो यह संदेश दे रही थी कि जब अवसर और सुविधाएं मिलती हैं, तो सपनों की मंजिल भी दूर नहीं रहती.बेरमो से पंकज कुमार की रिपोर्ट--