Bihar : UP में कांग्रेस..झारखंड में RJD बना सहयोगियों का निवाला, मंत्री मंगल पाण्डेय का तीखा प्रहार, कहा : तेजस्वी-राहुल के दौरे का नहीं मिलने वाला है लाभ

Edited By:  |
 Health Minister Mangal Pandey sharp attack on Congress and JDU  Health Minister Mangal Pandey sharp attack on Congress and JDU

PATNA :बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा है कि उत्तरप्रदेश में कांग्रेस और झारखंड में आरजेडी अपने सहयोगियों का निवाला बन गयी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव जहां यूपी में होने वाली 10 सीटों के उपचुनाव में कांग्रेस को 2 सीटों पर निपटा रहे हैं, वहीं झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन 2019 में 7 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले राजद को 3-4 सीट से ज्यादा देने के लिए तैयार नहीं हैं।

मंगल पाण्डेय ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर जेएमएम-कांग्रेस और राजद में फंसे पेंच के कारण राजद कार्यकर्ताओं में विद्रोह की स्थिति है। दूसरी ओर एनडीए ने अपने सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे पर सैद्धांतिक और व्यवहारिक सहमति बनाकर चुनाव में अपनी बढ़त बना लिया है। झारखंड चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के बीच सीट शेयरिंग पर असमंजस और खींचतान का सीधा लाभ एनडीए को मिल रहा है।

जेएमएम-कांग्रेस-राजद के कुशासन, भ्रष्टाचार और लूट-खसोट की नीति से झारखंड की जनता भी इस बार निजात पाना चाह रही है। मंगल पाण्डेय ने कहा कि परजीवी बनी कांग्रेस को यूपी में अखिलेश यादव जहां उसकी वाजिब औकात बता रहे हैं, वहीं, झारखंड में हेमंत सोरेन आरजेडी की गिरती साख की वजह से उसे भाव देने के लिए तैयार नहीं है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद जेएमएम राहुल गांधी से भी कन्नी काटना शुरू कर दिया है। ऐसे में तेजस्वी यादव और राहुल गांधी के रांची दौरे का राजद और कांग्रेस को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है।

(पटना से नीलकमल की रिपोर्ट)