Bihar : जहरीली शराब मामले में महिला गिरफ्तार, जाम छलकाने के बाद 15 लोगों की हुई थी मौत

Edited By:  |
Reported By:
Woman arrested in poisonous liquor case in Nawada Woman arrested in poisonous liquor case in Nawada

NAWADA : बिहार में लगातार हो रही जहरीली शराब से मौत के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। नवादा नगर थाने की पुलिस ने ज़हरीली शराब कांड में पिछले साढ़े तीन सालों से फरार चल रही एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

ज़हरीली शराब मामले में महिला गिरफ्तार

तकनीकी व मानवीय सर्विलांस की मदद से नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने उसे देर रात शहर के खरीदी बिगहा इलाके से गिरफ्तार किया। ऊषा देवी नगर थाना क्षेत्र के खरीदी बिगहा के निवासी राजू चौधरी उर्फ राजो चौधरी की पत्नी बताई जाती है। उसके विरुद्ध नगर थाने में जहरीली शराब से संबंधित 19 मामले दर्ज हैं। इनमें 10 मामलों में वह जमानत पर थी। नगर थाना कांड संख्या 385/21 में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य मामलों में पुलिस उसे रिमांड पर लेगी।

गिरफ्तार महिला पर जहरीली शराब बेचने का है आरोप

उषा देवी पर जहरीली शराब बेचने का आरोप है, जिसके पीने से शहर में 15 लोगों की मौत हो गई थी। घटना 30-31 मार्च 2021 की है। लोगों ने होली के समय स्प्रिट से बनाई गई शराब का सेवन किया था। इस मामले में नगर थाने में 19 मामले दर्ज किए गए थे। सभी मामलों में उषा देवी आरोपित है।

जहरीली शराबकांड में अबतक पुलिस ने 40 लोगों से अधिक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नवादा पुलिस शराब धंधेबाजों के विरुद्ध एक्शन में दिख रही है। जिले में पुलिस के साथ-साथ एएलटीएफ एवं मद्य निषेध की टीम भी लगातार क्षेत्रों में छापेमारी कर शराबबंदी का सख्ती से पालन कराने के लिए विशेष अभियान चला रही है। एसपी अभिनव धीमान ने शराबबंदी का सख्ती से पालन कराने के लिए नवादा पुलिस अलर्ट मोड में काम कर रही है।