

बुधवार, 23 सितंबर 2026
Live
NAWADA : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 3 लाख लाभुकों के बैंक खातों में प्रथम किस्त के रूप में 1200 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर समाहरणालय सभागार नवादा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रसारण को दिखाया गया।नवादा जिले के अंतर्गत 10,071 लाभुकों को कुल 40 करोड़ 28 लाख 40 हजार रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी द्वारा छह लाभुकों को स्वीकृति-पत्र वितरित किए गए। इनमें गीता देवी, सुनैना देवी, पूजा देवी, प्रमिला देवी, सुनीता देवी एवं सीमा देवी व शेष लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा प्रदान किया गया। जिन लाभुकों के आवास निर्माण पूर्ण हो चुके थे, उन्हें चाबी भी सौंपी गई।योजना की विशेषताएंप्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का उद्देश्य राज्य के बेघर एवं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्का आवास प्रदान करना है। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को तीन किस्तों में कुल 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है, जिसमें केंद्रांश 60% (72,000 रुपये) तथा राज्यांश 40% (48,000 रुपये) शामिल है।इसके अतिरिक्त, अभिसरण के माध्यम से मनरेगा के तहत 90 दिनों की अकुशल मजदूरी के रूप में 22,050 रुपये दिए जाते हैं। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इस प्रकार लाभुकों को कुल 1,54,050 रुपये की सहायता राशि प्राप्त होती है।योजना की प्रगतिप्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत बिहार को 7,90,648 आवासों का लक्ष्य प्राप्त है, जिसमें से 6,75,915 लाभुकों को आवास की स्वीकृति दी जा चुकी है। अब तक 2,44,450 लाभुकों को प्रथम किश्त का भुगतान किया जा चुका है। इस योजना के तहत इन परिवारों को कुल 4,621.50 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्राप्त होगी।
NAWADA : नवादा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई है। अवैध हथियार की सूचना पर कौआकोल थाना एवं सशस्त्र सीमा बल एसएसबी की टीम ने गायघाट गांव के जंगल में दबिश दी। गायघाट के जंगल में जमीन के अंदर हथियार छुपा होने की सूचना पर कौआकोल थाना की पुलिस और एसएसबी की टीम ने डिप सर्च मेटल डिटेक्टर के जरिए अवैध हथियारों का पता लगाया और पहाड़ी के बगल में जमीन खोदकर अवैध हथियार को ज़ब्त किया । पुलिस ने मेटल डिटेक्टर से तलाश कर जमीन के अंदर खोदकर छिपाए गए 1 देशी रायफल और एक देशी कट्टा बरामद किया है । वहीं, पुलिस हथियार को जब्त कर थाना लाया और अज्ञात व्यक्तियों पर मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है ।
NAWADA : नवादा समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने प्रेस प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ प्रेस वार्ता की प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि 10 फरवरी 2025 को प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा नवादा जिले की जरूरतों के अनुरूप की गई सभी घोषणाओं को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए रिकार्ड समय में स्वीकृति दे दी गयी है। प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा नवादा जिले के लिए कुल 14 घोषणाएं की गयी थी। इन सभी योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति सक्षम प्राधिकार द्वारा दे दी गयी है। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इन योजनाओं में कुल 1244 करोड़ की राशि खर्च की जायेगी। शीघ्र ही इन योजनाओं का क्रियान्वयन प्रारम्भ कर दिया जायेगा। जिला पदाधिकारी द्वारा विस्तार पूर्वक एक-एक परियोजना के बारे में जानकारी दी गयी।जो निम्नवत है :1. नवादा जिला अन्तर्गत रोह एवं गोविंदपुर के बीच बहने वाली सकरी नदी पर पुल का निर्माण कार्य, जिसकी कुल लागत 54.8287 करोड़ है और इसकी स्वीकृति दिनांक-25.02.2025 को मंत्रीपरिषद की बैठक में दी गयी। इस पुल की लम्बाई 600 मीटर तथा चौड़ाई 12 मीटर होगी। इसके साथ ही 850 मीटर सम्पर्क पथ एवं 250 मीटर पहुंच पथ का निर्माण भी कराया जायेगा। 2 . हिसुआ-नवादा-जमुई राज्य उच्च पथ (स्टेट हाईवे-08) पर नवादा वाईपास जिसमें आरओबी (रेल ओवर ब्रीज) भी शामिल है, का निर्माण कार्य। इसकी कुल लागत 181.962 करोड़ है, जिसकी स्वीकृति दिनांक-25.02.2025 को मंत्रीपरिषद की बैठक में दी गयी। इस पथ की कुल लम्बाई-9.2 किलोमीटर होगी तथा चौड़ाई 11 मीटर होगी। यह एनएच-20 (नहर पर) से कादिरगंज सकरी नदी तक बनाया जायेगा तथा इसके अन्तर्गत सादीपुर के पास आरओबी का निर्माण भी किया जायेगा। इससे नवादा शहर में लगने वाले जाम की समस्या से आमजनों को निजात मिलेगी। 3. नवादा जिले के सदर प्रखंड अन्तर्गत नूतन नवादा बुधौल में बहुउद्देशीय प्रेक्षागृह (अटल कला भवन) का निर्माण कार्य, जिसकी कुल लागत-19.73 करोड़ है एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार द्वारा दिनांक-10.02.2025 को ही प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गयी। यहां विभिन्न प्रकार के गायन, वादन, नृत्य आदि विधाओं का भी प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। 4. नवादा जिला के पकरीबरावां प्रखंड अन्तर्गत आमजनों को निर्बाध रूप से विद्युत की आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पकरीबरावां अंचल के कचना मौजा में ग्रीड सब-स्टेशन का निर्माण कार्य, जिसकी कुल लागत राशि-191.26 करोड़ है एवं दिनांक-25.02.2025 की मंत्रीपरिषद की बैठक में दी गयी। इससे पकरीबरावां के साथ रोह, कौआकोल इत्यादि प्रखंडों में निवास करने वाले आम नागरिकों को विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा। 5. रजौली अनुमंडल में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। इसमें एडमिन ब्लॉक एवं एकेडमिक ब्लॉक होंगे साथ ही सेमिनार रूम, योगा रूम, डिजिटल लैब, लाइब्रेरी इत्यादि का भी निर्माण किया जायेगा। डिग्री कॉलेज के निर्माण से उस क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा प्राप्त करने में काफी सहूलियत मिलेगी। इसकी कुल लागत-14.25 करोड़ रू0 है एवं 05 एकड़ भूमि में अवस्थित होगा। 6 . नवादा नगर परिषद कुल 44 वार्डाें में से शेष 27 वार्ड में गंगाजल आपूर्ति, जिसकी कुल लागत राशि-200.61 करोड़ रूपये हैं, जिसकी स्वीकृति दिनांक-25.02.2025 को मंत्रीपरिषद की बैठक में दी गयी। इसके अन्तर्गत छूटे हुए एवं नव निर्मित घरों तक बुडको द्वारा पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जायेगा। 7. नवादा जिले में रजौली, हिसुआ, नरहट, गोविंदपुर, सिरदला एवं अकबरपुर प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण की घोषणा की गई। इसके पूरा होने से स्थानीय स्तर पर आमजनों एवं पदाधिकारियों को अपने कार्य में सुविधा होगी एवं स्थानीय प्रशासन को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। इसकी कुल लागत राशि 99.72 करोड़ रूपये है।8. नवादा जिले के रजौली में 81.35 एकड़ सरकारी एवं 139.48 एकड़ रैयती भूमि का अर्जन कर औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जायेगा, जिसकी कुल लागत राशि-31.24 करोड़ रूपये होगी एवं इसकी स्वीकृति दिनांक-25.02.2025 को मंत्रीपरिषद की बैठक में दी गयी। रजौली में औद्योगिक क्षेत्र का विकास होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा यह नवादा के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।9.नगर पंचायत रजौली में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कार्य, जिसकी कुल लागत-11.25 करोड़ रूपये है एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के द्वारा 13.02.2025 को ही प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गयी है। इसके अन्तर्गत कुल 3.7 किलोमीटर आरसीसी ड्रेन, 05 बॉक्स क्लवर्ट, 04 स्क्रीन प्लेट एवं 07 स्लुईस गेट का निर्माण कराया जायेगा, जिससे इस क्षेत्र में जलजमाव से निजात मिलेगा। 10. नवादा शहर में सिटी सर्विलांस सिस्टम की स्थापना होगी, जिसकी कुल लागत राशि-4.98 करोड़ रूपये है एवं इसकी प्रशासनिक स्वीकृति दिनांक-18.02.2025 को ही दे दी गयी है। इसके अन्तर्गत कुल 37 स्थानों पर 123 बुलेट कैमरे, 04 पीटीजेड कैमरे तथा 10 एएनपीआर कैमरा स्थापित किये जायेंगे साथ ही वीडियोवाल सहित कन्ट्रोल रूम का भी अधिष्ठापन किया जायेगा। यह विधि-व्यवस्था एवं अपराधिक घटनाओं के नियंत्रण में काफी कारगार सिद्ध होगा।11. नवादा में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कार्य, जिसकी कुल लागत राशि-401.68 करोड़ रूपये है। इसकी स्वीकृति दिनांक-25.02.2025 को मंत्रीपरिषद की बैठक में दी गयी। इसके भूखंड क्षेत्रफल 20 एकड़ में है। 430 बेड वाले अस्पताल में मेडिकल कॉलेज में नामांकन की क्षमता 100 है। इसमें छात्र एवं प्रशिक्षु छात्रावास, फैकल्टी एवं अन्य स्टाफ रेसिडेंस, रोगी संबंधी आवास, विद्युत सब स्टेशन, सर्विस ब्लॉक मेडिकल उपकरण आदि की व्यवस्था रहेगी। 12 . नवादा जिले के रजौली प्रखंड अन्तर्गत ग्राम पंचायत रजौली पश्चिमी में रजौली शिवाला से डीह रजौली को जोड़ने हेतु धनार्जय नदी पर पुल का निर्माण कार्य, जिसकी कुल लागत राशि-7.76 करोड़ रूपये है, जिसकी स्वीकृति दिनांक-15.02.2025 को दे दी गयी है। नवादा जिले के रजौली प्रखंड अन्तर्गत ग्राम पंचायत रजौली पश्चिमी में रजौली शिवाला से डीह रजौली को जोड़ने हेतु धनार्जय नदी पर पुल का निर्माण से स्थानीय लोगों के आवागमन में सुविधा होगी। 13 . नारदीगंज प्रखंड अन्तर्गत पांचू विगहा एवं आदमपुर गॉव के बीच तिलैया नदी पर पुल का निर्माण कार्य, जिसकी कुल लागत राशि-7.48 करोड़ रूपया है। इसकी स्वीकृति दिनांक- 15.02.2025 को ही दे दी गयी है। नारदीगंज प्रखंड अन्तर्गत पांचू विगहा एवं आदमपुर गॉव के बीच तिलैया नदी पर पुल का निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा होगी। 14 . नवादा जिले में गोविंदपुर से दर्शननाला (एस0एच0-103) का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जायेगा, जिसकी कुल लागत राशि-16.88 करोड़ रूपया है। इसकी स्वीकृति दिनांक-25.02.2025 को दे दी गयी है। नवादा जिले में गोविंदपुर से दर्शननाला (एस0एच0-103) का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से स्थानीय लोगों को यातायात की सुविधा में सुगमता प्रदान होगी। इसकी घोषणा से सरकार द्वारा स्थानीय लोगों के बहुप्रतिक्षित मांग को पूरा किया गया है। उपरोक्त परियोजनाओं की जानकारी देने के बाद जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि प्रगति यात्रा के दौरान रिकॉर्ड समय में उत्तर बिहार में 20 हजार करोड़ एवं दक्षिण बिहार में 30 हजार करोड, कुल राज्य भर में 50 हजार करोड़ से अधिक राशि की परियोजनाओं की स्वीकृति दी गयी है, जो अपने आप में अभूतपूर्व है। इसमें नवादा जिले को 14 परियोजनाओं के लिए कुल 12 सौ 44 करोड़ मिले हैं, जिससे नवादा के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। इसके बाद प्रेस प्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत हुए परियोजनाओं के बारे में सवाल पूछे गए जिसे जिला पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा जबाव दिया गया।
NAWADA : बिहार में 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है लेकिन शराब तस्कर अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। शराब की तस्करी के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। इस बार कोलकाता से बिहार के मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, रक्सौल तक चलने वाली लग्जरी यात्री बस में भारी मात्रा में शराब की खेप को बरामद किया गया है।वहीं, मौके से उत्पाद पुलिस ने यात्री बस पर सवार 8 शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। ज्यों-ज्यों होली का त्योहार नजदीक आते जा रहा है, वैसे-वैसे शराब माफिया शराब का परिवहन तथा भंडारण करने में तेजी से जुट गए हैं। उत्पाद पुलिस और स्थानीय पुलिस भी उनके मंसूबे पर पानी फेरने में लग गए हैं। इसी कड़ी में उत्पाद पुलिस ने एक यात्री बस से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त कर 8 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, शराब लदे यात्री बस को भी उत्पाद विभाग की पुलिस ने जब्त किया है।रजौली थाना क्षेत्र के बिहार-झारखंड के सीमावर्ती चितरकोली गांव स्थित समेकित जांच पर उत्पाद बलों द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान यात्री बस में विभिन्न जगहों पर रखे 384 बोतल विदेशी शराब और 10 केन बियर जब्त किया गया। इसके साथ उत्पाद पुलिस ने यात्री बस पर सवार आठ धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही बंगाल से झारखंड होते हुए बिहार जाने वाली एक बस को भी जब्त किया गया। बिहार में शराबबंदी के बाद से शराब धंधेबाज नायाब तरीकों से शराब परिवहन का प्रयास करते आ रहे हैं लेकिन शराब धंधेबाजों के नायाब से नायाब तरीकों पर उत्पाद बलों द्वारा पानी फेरा जा रहा है। उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार मद्यनिषेध को सफल बनाने को लेकर समेकित जांच चौकी पर उत्पाद एसआई बब्लू कुमार के नेतृत्व में उत्पाद बलों के सहयोग से झारखंड की ओर से आनेवाली प्रत्येक वाहनों की सघन जांच की जाती है। वहीं, विशेष अभियान के दौरान उत्पाद बलों ने कोलकाता से मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, रक्सौल जाने वाली बस संख्या बीआर 06 पीई 4951 की जांच के दौरान बस की डिक्की और अन्य जगहों में कई बोरे के अंदर से सैकड़ों बोतलों में बंद 180 लीटर कुल 384 बोतल विदेशी शराब को जब्त किया गया। इस दौरान बस को जब्त करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार लोगों में मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के सकरी सरैया गांव निवासी महादेव राय के पुत्र कृष्णा कुमार, वैशाली जिले के कुतुबपुर एकरा गांव निवासी स्व. शत्रुघ्न सिंह के पुत्र बृजेश सिंह एवं हरलोचनपुर थाना क्षेत्र के सुकी गांव निवासी स्व. सुरेश ठाकुर के पुत्र राजन कुमार, वैशाली जिले के दीनानाथ गिरी के पुत्र संजीत कुमार के पास से 1.125 लीटर विदेशी शराब, जहानाबाद जिले के मुरारी शर्मा के पुत्र भानु कुमार के पास से 8.5 लीटर विदेशी शराब व दिवाकर शर्मा के पुत्र हरिओम कुमार के पास से 8.5 लीटर विदेशी शराब, पटना जिले के उत्तम कुमार के पुत्र सौरभ कुमार एवं विनय प्रसाद के पुत्र दीपक कुमार के पास से 500 एमएल वाले 10 केन बियर बरामद किया गया है।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब, बियर व बस के अलावे गिरफ्तार आठों लोगों के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं, गिरफ्तार लोगों को स्वास्थ्य जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने कहा कि शराबबंदी के तहत हमारा यह अभियान जारी रहेगा।
NAWADA : नवादा के हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की लापरवाही से एक मरीज की मौत हो गई। बताया जा रहा है हिसुआ थाना क्षेत्र के बजरा गांव के विजय पासवान पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। नवादा में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर की लापरवाहीमृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ. ज्योति किशोर ने बिना जांच के मरीज को इंजेक्शन दे दिया। बताया जाता है कि मांसपेशियों में दिए जाने वाले इंजेक्शन को नस में देने से मरीज की मौत हो गई, जिसके बाद परिजन अस्पताल में हंगामा करने लगे। अस्पताल पहुंचीं विधायकचिकित्सक की लापरवाही की सूचना पर स्थानीय विधायक नीतू कुमारी अस्पताल पहुंचीं और सिविल सर्जन को चिकित्सक की लापरवाही से मरीज की मौत की सूचना दी, जिसके बाद सिविल सर्जन नीता अग्रवाल अस्पताल पहुंचे। वहीं, घटना के बाद चिकित्सक मौके से फरार बताया जा रहा है। विधायक नीतू कुमारी ने बताया कि इस अस्पताल में चिकित्सकों की लापरवाही की शिकायतें पहले भी मिली हैं। हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी अक्सर ड्यूटी से गायब रहते हैं। अप्रशिक्षित नर्स, आयुष चिकित्सक और ड्रेसर ही मरीजों का इलाज करते हैं, जिससे अस्पताल में आए मरीजों को राहत की जगह दर्द बढ़ता जाता है। विधायक ने चेतावनी दी है कि अगर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो मरीजों की जान का जोखिम बना रहेगा। अस्पताल में हंगामे के बाद पहुंची सिविल सर्जन डॉ. नीता अग्रवाल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल सर्जन ने मानी डॉक्टर से हुई गलतीसिविल सर्जन नीता अग्रवाल ने बताया कि हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ. ज्योति किशोर ने मरीज को इंजेक्शन सही दिया लेकिन इंजेक्शन देने का तरीका गलत था। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।बहरहाल, चिकित्सक पर कार्रवाई की जाएगी। हिसुआ थानाध्यक्ष अनिल कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, चिकित्सक की लापरवाही से मरीज की मौत के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है ।
NAWADA : नवादा में आपसी विवाद में दो समुदायों के बीच झड़प हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात पर काबू पाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों समुदाय के 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। नवादा में दो समुदायों के बीच झड़पये घटना हिसुआ थाना क्षेत्र के मटुक बीघा और नरहट थाना क्षेत्र के बभनौर गांव की बताई जाती है, जहां आपसी विवाद को लेकर दोनों समुदाय के लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों समुदायों के दर्जनों लोग मौके पर इकट्ठा हो गये। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों समुदायों के बीच रोड़ेबाजी शुरू हो गई।जमकर हुई रोड़ेबाजीइस दौरान असामाजिक तत्वों ने जमकर तोड़फोड़ भी की है। सिराज नगर बाजार में स्थित एक दर्जन से अधिक दुकान के आगे लगे बिजली मीटर को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वहीं, सड़क किनारे लगी चौकियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि, पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर किसी तरह विवाद को शांत कराया।पुलिस ने सात आरोपियों को दबोचासाथ ही पुलिस ने माहौल बिगाड़ने वाले दोनों समुदायों से सात लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हिसुआ थाना क्षेत्र के निवासी नरेश यादव का पुत्र राकेश कुमार, मधुसूदन शर्मा का पुत्र दीपक कुमार, नरेश कुमार निराला का पुत्र उज्ज्वल कुमार, छोटन यादव का पुत्र मुकेश कुमार, नरहट थाना क्षेत्र के बभनौर गांव के निवासी स्व. इदरीश का पुत्र मोहम्मद मूसा, मोहम्मद कलीम का पुत्र मोहम्मद नसीम और मोहम्मद कलीम का पुत्र मोहम्मद महफूज शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस विवाद में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। हिसुआ थाना के थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि इलाके में फिलहाल शांति है। पुलिस सतर्कता बरत रही है। मामला एक मामूली विवाद से शुरू हुआ लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने स्थिति को काबू कर लिया। माहौल बिगाड़ने और कानून को अपने हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के स्थानीय लोग डरे हुए है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।
NAWADA : नवादा जिले को नई पहचान दिलाने के लिए इस बार ककोलत जलप्रपात के नाम से भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 27 फरवरी से 1 मार्च 2025 तक तीन दिवसीय कला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 28 फरवरी को नवादा के हरिश्चंद्र स्टेडियम में ककोलत महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस महोत्सव को खास बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा हुआ है।ककोलत महोत्सव 2025 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं तैयारियों को लेकर आज डीएम रवि प्रकाश ने हरिश्चंद्र स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महोत्सव के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने आयोजन स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव के दौरान आने वाले आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुविधाओं को समय से पूरा किया जाए।उन्होंने हरिश्चंद्र स्टेडियम में प्रकाश व्यवस्था और शौचालय की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया ताकि आने वाले दर्शकों और कलाकारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव के दौरान पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।साथ ही सिविल सर्जन नीता अग्रवाल को निर्देश दिया गया कि महोत्सव के दौरान चिकित्सकीय सुविधा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके तहत एंबुलेंस में जीवन रक्षक दवाओं के साथ डॉक्टर एवं एएनएम की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।डीएम रवि प्रकाश ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि महोत्सव में भाग लेने वाले कलाकारों, अतिथियों एवं दर्शकों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आयोजन स्थल की स्वच्छता और पेयजल आपूर्ति के विशेष प्रबंध किए जाने पर भी बल दिया गया है।तीन दिन, बेमिसाल आयोजनककोलत महोत्सव में देश भर के नामी कलाकार प्रस्तुति देंगे। मशहूर गायक सलमान अली और मैथिली ठाकुर अपनी मधुर आवाज से नवादा के लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगे। यह पहली बार है कि ककोलत महोत्सव इतने बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे जिले के पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद है।27 फरवरी, 2025 कला महोत्सव का भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुभारंभ होगा। इस दिन मगधी सांस्कृतिक मेला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मगध की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही फरोगे-ए-उर्दू सेमिनार, कार्यशाला और मुशायरा का भी आयोजन होगा, जिसमें उर्दू भाषा और साहित्य के प्रति उत्साही लोग भाग लेंगे। एलईडी वैन प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण भी इस दिन के प्रमुख आकर्षण होंगे। शाम को सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक सलमान अली अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लेंगे।28 फरवरी 2025 ककोलत महोत्सव की धूम रहेगी। इस दिन ककोलत महोत्सव के साथ-साथ वसंत पंचमी और मकर संक्रांति महोत्सव भी मनाए जाएंगे। विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं जैसे सुलेख, मेहंदी, चित्रकला, रंगोली और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रतिभागी अपनी कला और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कबड्डी, पतंगबाजी और रेत कला प्रदर्शनी भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर अपनी मधुर आवाज से सभी को मंत्रमुग्ध कर देंगी।1 मार्च, 2025 मगही महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दिन मगही भाषा और साहित्य सम्मेलन-सह-कार्यशाला का आयोजन होगा, जिसमें मगही भाषा और साहित्य के विकास पर चर्चा की जाएगी। मगही फिल्म प्रदर्शनी में मगही सिनेमा की झलक देखने को मिलेगी। मगही नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जो मगध की सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करेंगे। जिला प्रशासन महोत्सव को खास बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। डीएम रवि प्रकाश ने लोगों से अपील है कि बड़ी संख्या में जुटकर इस महोत्सव को सफल और यादगार बनाएं।
NAWADA : नवादा के सरकारी स्कूल में पढ़ रहे बच्चों को घटिया खाना परोसा जा रहा है। कौआकोल प्रखंड में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मननपुर के बच्चों ने मिड-डे मील की सच्चाई खोल दी है। छात्रों ने खोल दी मिड-डे मील की सच्चाईअब सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे को अच्छा खाना भी नसीब नहीं हो पा रहा है, जिसके बाद उत्क्रमित मध्य विद्यालय मननपुर के बच्चे परोसे गए घटिया खाने की थाली लेकर 8 किलोमीटर पैदल चलकर प्रखंड कार्यालय कौआकोल पहुंचे, जहां थाली में घटिया खाना परोसे जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कौआकोल के बीडीओ डॉ. अखिलेश कुमार से बच्चों ने कहा कि विद्यालय के हेडमास्टर हम सब को घटिया खाना देते हैं, जिससे तंग आकर यह कदम उठाया गया है।थाली में परोसे गये घटिया खाना पर फूटा गुस्साबच्चों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें हर दिन खराब और अशुद्ध खाना खाने को मजबूर किया जाता है। बच्चों की समस्या सुनने के बाद बीडीओ डॉ. अखिलेश कुमार ने सभी बच्चों को समझा-बुझाकर वापस स्कूल भेजा। यह मामला स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़ा करता है और प्रशासनिक निगरानी की आवश्यकता को रेखांकित करता है।क्या है मिड-डे मील योजना?देश के स्कूली बच्चों को फ्री भोजन उपलब्ध कराने की केंद्र प्रायोजित योजना मिड-डे मील है। इस योजना का उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना और उन्हें नियमित स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना है। मिड-डे मील योजना को सितंबर 2021 में बदलकर पीएम पोषण योजना यानी प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण कर दिया गया है।
NAWADA : नवादा पुलिस ने लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हेडक्वार्टर डीएसपी इमरान परवेज ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरों ने 25 जनवरी को दिनदहाड़े कादिरगंज थाना क्षेत्र के माया बीघा गांव के पास गया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड के निवासी संजय प्रसाद के पुत्र प्रीतम कुमार व्यापारी से 3.23 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देकर सभी लुटेरे फरार हो गए थे। वहीं, पीड़ित की शिकायत पर कादिरगंज थाने में मामला दर्ज किया गया था और एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर कादिरगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और लुटेरों की पहचान के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का भी सहारा लिया। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया।लुटेरों के पास से पुलिस ने व्यापारी से लूट के 30 हजार रुपये नगद और दो बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि पीड़ित गया जिले के रहने वाले व्यापारी प्रीतम कुमार नवादा जिले के वारिसलीगंज बाजार में स्थित कई दुकानों में ड्राई फ्रूट एवं बर्तन दुकानदारों से बकाया राशि 3 लाख 23 हजार 90 रुपया को लेकर वापस जिला गया घर की ओर लौट रहे थे, तभी नवादा जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के माया बीघा गांव के पास दो बाइक पर सवार 4 की संख्या में रहे।बदमाशों ने व्यापारी के पास से 3 लाख 23 हजार 90 रुपये की लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार लुटेरों में वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बलवापर गांव के निवासी अजय प्रसाद का पुत्र गोलू यादव, वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव के निवासी सरयुग यादव का पुत्र धर्मेंद्र यादव और झारखंड के कोडरमा के नसरगंज थाना क्षेत्र के बासौडीह गांव के निवासी बाल्मीकि तिवारी का पुत्र पप्पू कुमार उर्फ पुरुषोत्तम शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, इस गिरोह ने शामिल अन्य लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
NAWADA : नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत् द्वितीय अपील की सुनवाई की। आज द्वितीय अपील के तहत 06 परिवादी उपस्थित हुए, जिसमें से 03 मामलों का ऑन स्पॉट निवारण कर दिया गया। अपीलवाद बुधन राजवंशी, ग्राम-पुरैनी, प्रखंड-गोविंदपुर के बुधन राजवंशी, अरूण कुमार सिंह प्रखंड-नवादा सदर के अरूण कुमार सिंह, प्रखंड-पकरीबरावां के सौरभ कुमार द्वारा शिकायत दायर किया गया था। आज द्वितीय अपील की सुनवाई की गई, जिसमें संबंधित पदाधिकारी द्वारा प्रश्नगत मामले का जांच कराया गया एवं जंचोपरांत मामले का निष्पादन कर दिया गया।बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम 2015 के तहत किसी भी मामले को दो माह के अंदर सुनवाई कर निवारण कर दिया जाता है। प्रखंडों/पंचायतों से संबंधित विवाद/समस्या को अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय, नवादा सदरध्रजौली में कोई भी व्यक्ति अपील कर सकते हैं जबकि जिला स्तरीय समस्याओं एवं परिवादों के निवारण कराने के लिए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नवादा का कार्यालय समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार के दाहिने तरफ लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम भवन में संचालित है। विवादों के सुनवाई और निवारण में दोनों पक्षों को बुलाकर की जाती है। इसके लिए किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। शिकायत दर्ज करने एवं निवारण की निःशुल्क व्यवस्था कार्यालय में की गयी है। आदेश से असंतुष्ट होने पर निःशुल्क कहीं भी अपील दायर की जा सकती है। शिकायत का निवारण अब और आसान हो गया है। अब ऑनलाइन भी शिकायत/अपील की जा सकती है। आप भी बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के अंतर्गत अपनी शिकायत दर्ज कराएं और निश्चित समाधान पाएं ।
NAWADA : नवादा में एक नाबालिग से रेप की वारदात सामने आई है। पड़ोसी युवक ने 10 साल की बच्ची को मीठे बेर खिलाने का लालच देकर घर से दूर गांव से सटे पोखर के पास सुनसान जगह पर ले जाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। जब बच्ची की हालत बिगड़ी तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया।10 साल की बच्ची से दरिंदगीलड़की ने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के परिजन उसे लेकर स्थानीय थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के बाद आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने के बाद आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग से दुष्कर्म की वारदात नरहट थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जाती है। दुष्कर्म के आरोपी युवक नरहट थाना क्षेत्र के जमुआरा गांव के निवासी विकास राजवंशी पिता सत्येंद्र राजवंशी बताया जाता है। पुलिस नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी गुनाहों को कबूल किया।दुष्कर्म की पीड़िता के परिजन के मुताबिक बच्ची घर के नजदीक खेल रही थी। इस दौरान पड़ोसी विकास कुमार वहां पहुंचा और बच्ची को मीठे बेर खिलाने के बहाने बहला फुसलाकर उसे अपने साथ गांव से सटे सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया।रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल की जांच की गई है। फॉरेंसिक टीम बुलाकर सबूत इकट्ठा किए गए हैं।
NAWADA : देश संविधान और कानून से चलता है और उसके लिए न्यायालय है। ऐसे ही एक मामले में न्यायालय ने संज्ञान लिया है। नवादा व्यवहार न्यायालय के सब जज प्रथम आशीष रंजन की कोर्ट ने नवादा समाहरणालय और जिला अतिथि गृह भवन को कुर्क करने का आदेश दिया है।नवादा व्यवहार न्यायालय का बड़ा फैसलाबता दें कि फुलवरिया जलाशय परियोजना रजौली में कई विस्थापितों की जमीन का मुआवजा अब तक नहीं दिया गया हैं, जिसको लेकर नवादा व्यवहार न्यायालय में कई वाद दर्ज हैं। नवादा व्यवहार न्यायालय सब जज प्रथम आशीष रंजन ने इजराइ वाद संख्या 3/2002 में शांति देवी वगैरह बनाम बिहार सरकार वगैरह जिला समाहर्ता नवादा, कार्यपालक अभियंता फुलवरिया जलाशय परियोजना रजौली नवादा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सह विशेष भूअर्जन पदाधिकारी नवादा मामले में नवादा समाहरणालय और नवादा परिसदन भवन (जिला अतिथि गृह भवन ) को कुर्क करने का आदेश दिया गया है।समाहरणालय और जिला अतिथि गृह भवन कुर्क करने का आदेशनवादा समाहरणालय और जिला अतिथि गृह भवन में ढोल बजाकर नवादा व्यवहार न्यायालय कर्मी ने वादी के अधिवक्ता रंजीत पटेल के साथ कुर्क का इश्तेहार चिपकाया। बता दें कि वादी के पक्ष से अधिवक्ता रंजीत कुमार पटेल इस मामले को देख रहे हैं। बता दें कि बिहार सरकार की उदासीनता के कारण साल 2015 में इस मामले में 10 लाख 27 हजार 388 रुपये 27 पैसे का भुगतान किया जाना था, जो भुगतान नहीं किए जाने के कारण प्रतिवर्ष 15% सूद की राशि के साथ भुगतान करना होगा, जो लगभग 25 लाख रुपये राशि भुगतान करना होगा। राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर नवादा समाहरणालय और जिला अतिथि गृह भवन की नीलामी का आदेश दिया जाएगा।
NAWADA : नवादा जिले के मेस्कौर प्रखंड के मिर्जापुर ग्राम पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक रणधीर कुमार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रियंका रानी द्वारा 18 फरवरी की तिथि में बर्खास्तगी का आदेश जारी किया गया है।अनैतिक आचरण, अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाह होने के आरोप में उन्हें सेवा मुक्त करने का आदेश जारी किया गया है। हालांकि, उस वायरल वीडियो/ऑडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं की जा रही है लेकिन जो बातें छनकर आ रही है, उसमें सेवा से बर्खास्तगी के आधार को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है।उक्त वायरल वीडियो/ऑडियो के बारे में कहा जा रहा है कि आवास सहायक रणधीर का किसी व्यक्ति से बातचीत हो रहा है, जिसमें रुपये लेनदेन यानी भ्रष्टाचार और अश्लीलता का जिक्र भी है। अय्याशी/भ्रष्टाचार से जुड़ा यह वीडियो/ऑडियो सामने आने के बाद ही यह कार्रवाई की गई। बर्खास्तगी के आदेश में इस बात का जिक्र है कि प्रखंड के बीडीओ की रिपोर्ट के आधार पर उक्त कदम उठाया गया है।बता दें कि जिले के सभी पंचायत में पीएम आवास योजना की प्रतीक्षा सूची में जरूरतमंद लाभार्थियों का नाम जोड़ने का काम किया जा रहा है। सर्वे करने का काम पंचायत स्तर पर ग्रामीण आवास सहायकों को दिया गया है। जिस पंचायत में ग्रामीण आवास सहायक नहीं है, वहां के पंचायत सचिव अथवा पंचायत रोजगार सेवक को जिम्मेदारी दी गई है। अब नाम जोड़ने की आड़ में अवैध वसूली और अय्याशी का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी भी हतप्रभ हैं। मामला सामने आने के बाद जांच हुई और प्रथमदृष्टया मामला सही पाया गया, तब जाकर बीडीओ की रिपोर्ट पर आवास सहायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई। उन्हें सेवा से ही बर्खास्त कर दिया गया। आवास सहायक संविदा के आधार पर नियुक्त थे।
NAWADA : नवादा में बिजली विभाग की टीम पर जानलेवा हमला हुआ है। ये पूरा मामला कशीचक थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर गांव का है, जहां बिजली चोरी की सूचना पर छापेमारी करने गए वारिसलीगंज विद्युत प्रमंडल के एसडीओ राजीव रंजन और लाइनमैन अनिल कुमार पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाने के लिए कर्मियों को मौके से भागना पड़ा।एसडीओ राजीव रंजन के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आयी हैं। वहीं, एक लाइनमैन चोटिल है। बताया जाता है कि कशीचक थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर गांव में अवैध रूप से बिजली चोरी की सूचना मिली थी। इसकी सूचना का सत्यापन करते हुए वारिसलीगंज विद्युत प्रमंडल के एसडीओ राजीव रंजन लाइन मैन अनिल कुमार को लेकर विश्वनाथपुर गांव में छापेमारी करने गए थे, जिस दौरान ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया।बताया जाता है कि पांच लोगों को विद्युत चोरी करते पकड़ने जाने के बाद बिजली विभाग के एसडीओ और लाइनमैन गए थे, जिसपर ग्रामीणों द्वारा हमला कर दिया गया, जिसमें एसडीओ और लाइनमैन गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। दोनों को इलाज के लिए अन्य विद्युत कर्मचारियों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काशीचक में भर्ती कराया गया है, जहां अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार बाद बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया है। वारिसलीगंज विद्युत प्रमंडल के एसडीओ राजीव रंजन ने बताया कि बिजली चोरी के सत्यापन के दौरान जानलेवा हमला किया गया है। स्थानीय थाना एवं अनुमंडल पदाधिकारी महेश चौधरी को इसकी सूचना दी गई है। मामले में काशीचक थाने में हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
NAWADA : नवादा में मैट्रिक परीक्षा के दौरान शहर के जेल रोड स्थित मध्य विद्यालय और कन्हाई इंटर विद्यालय परीक्षा केंद्र पर अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब कुछ छात्राओं के लिए महज कुछ मिनट देर से पहुंचने के कारण परीक्षा केंद्र पर एंट्री बंद कर दी गई, जिसके बाद छात्राएं परीक्षा केंद्र का बंद गेट और दीवार फांद कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने लगीं। इससे संबंधित वीडियो नवादा में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कई छात्राएं परीक्षा केंद्र का बंद गेट और दीवार फांद कर परीक्षा केंद्र में एंट्री लेती नजर आ रही हैं। कहते हैं कि जब इंसान पर मुसीबत आती है तो वह कहीं भी हाथ-पैर मारने लगता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसके अलावा इस वीडियो में एक और खास बात ये है कि अभिभावक उसे इस काम के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। वहीं, परीक्षा केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मी उन परीक्षार्थियों को ऐसा करने से रोकती भी दिख रही हैं लेकिन अभिभावक किसी तरह छात्रा को परीक्षा केंद्र के अंदर भेजने में लगे हैं। इस मामले में दो परीक्षार्थी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिले के रजौली में मैट्रिक परीक्षा के दौरान लेट से पहुंचे परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र की बाउंड्री पर चढ़कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करते दिखे। इस मामले में दो परीक्षार्थी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में दो परीक्षार्थियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। बता दें कि मैट्रिक परीक्षा शुरू होने से पहले नवादा डीएम रवि प्रकाश ने जिले के सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया था कि परीक्षा केंद्र पर विलंब से आने वाला कोई परीक्षार्थी अवैध रूप से परीक्षा केंद्र की बाउंड्री फांदकर अथवा गेट पर जबरदस्ती रूप से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करता हुआ पाया जाता है तो परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित किया जाएगा।
NAWADA : नवादा में नशे की खेती जोरों पर है। नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने नक्सल प्रभावित इलाके में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर सिरदला थाना की पुलिस ने थाना क्षेत्र के बहुआरा के जंगलों में 5 कट्ठे में फैली अफीम की खेती को नष्ट कर दिया है। तैयार अफीम की कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है।नक्सलियों के गढ़ में पहुंची नवादा पुलिसपुलिस को सूचना मिली थी कि सिरदला के बहुआरा जंगल में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती हो रही है। सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने मौके पर छापेमारी की, जहां उन्हें लगभग 5 कट्ठे में फैली अफीम की फसल मिली, जो कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी। पुलिस ने बिना देरी किए इस पूरी फसल को नष्ट कर दिया।नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिसपुलिस ने सिरदला थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव के निवासी बैजनाथ सिंह पिता लक्ष्मण सिंह, रामखेलावन सिंह पिता - महावीर सिंह, धनेश्वरी देवी, पति - बिरजू भोक्ता और अनीता देवी, पति - महेन्द्र सिंह के विरुद्ध अवैध रूप से अफीम की खेती करने के आरोप में सुसंगत धाराओं के प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां तक फैला है?लगातार की जा रही कार्रवाईथानाध्यक्ष संजीत राम ने कहा कि अगर समय रहते इसको नष्ट नहीं किया जाता तो लाखों मूल्य का नशा बाजार तक पहुंच जाता। उन्होंने कहा कि सटीक सूचना पर हमलोगों ने तुरंत छापेमारी कर कार्रवाई की है। अफीम की खेती के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती रही है। अफीम की खेती करने वाले लोगों की पहचान कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। अगर कोई भी व्यक्ति थाना क्षेत्र में अफीम की खेती कर रहा है तो उस पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
NAWADA : नवादा में नक्सल प्रभावित इलाका रजौली थाना क्षेत्र के पेलमो जंगल में एक एकड़ में लगी अफीम की फसल नष्ट की गई है। बताया जा रहा है कि अफीम की खेती करने के लिए माफिया और उग्रवादी संगठन जंगल में लगे हरे-भरे पेड़ों को काटकर और बर्बाद कर उस जगह पर अफीम की खेती कर रहे हैं।पुलिस ने अफीम की फसल को किया नष्टनवादा एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम और वन विभाग की टीम और भारी संख्या में पुलिस ने यह कार्रवाई की है। घने जंगलों के बीच की जमीन पर लगी अफीम की फसल लगभग तैयार हालत में थी। अगर समय रहते इसको ध्वस्त नहीं किया जाता तो करोड़ों के मूल्य का नशा बाजार तक पहुंच जाता।एक्शन में नवादा पुलिसरजौली थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि जंगली क्षेत्र में अफीम की बड़े पैमाने पर खेती की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई को लेकर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस बल और वन विभाग की टीम शामिल थी। काफी देर तक चले ऑपरेशन में एक एकड़ जमीन पर कच्ची अफीम की खेती को नष्ट किया गया, जिसकी बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ से ऊपर आंकी जा रही है।पुलिस अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। मादक पदार्थ अफीम की खेती करने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने मौके से एक शख़्स को अपने हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। बताया जा रहा है कि रजौली के घने जंगलों के बीच वन विभाग की कई एकड़ भूमि पर माफिया और उग्रवादी संगठन अफीम की खेती कर रहे हैं। जंगली क्षेत्र में अफीम की खेती को संरक्षण देने का काम उग्रवादी संगठन PLFI और भाकपा माओवादी के स्लीपर सेल के सदस्य इस काम को बड़ी सफाई से करते हैं।नक्सलियों को हुआ करोड़ों का नुकसानइससे मोटी रकम की प्राप्ति होती है और नक्सलियों का संगठन चलाने में यह राशि सहयोग करती है। ऐसे तो वन विभाग के अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण करते हैं लेकिन उन्हें अफीम का पौधा उनकी भूमि पर लगे होने की भनक भी कैसे नहीं लगी, ये सवाल उठ रहे हैं। जंगल में निवास कर रहे गरीब तबके के लोगों को धमका कर बहला-फुसला कर धन का लोभ देकर अफीम के खेती में उन लोगों को सम्मिलित करते हैं। उग्रवादी संगठन अफीम की खेती से अर्जित करोड़ों रुपए से अपने पार्टी को मजबूत करते हैं।पिछले कई साल से रजौली सिरदला और गोविंदपुर थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित इलाके में नक्सलियों की चहलकदमी पर पूरी तरह से विराम लगा हुआ है। इसका कारण यह है कि पुलिस पूरी तरह से नक्सल प्रभावित क्षेत्र में अपनी नजर बनाई हुई है और नक्सलियों की कोई मंसूबों को कामयाब नहीं होने दे रही है। इस बार पुलिस ने उग्रवादी संगठन को बड़ा नुकसान दिया है। नवादा पुलिस द्वारा अफीम की एक एकड़ फसल को पूरी तरह से बर्बाद करने के बाद नक्सलियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
NAWADA : नवादा में एक युवती की हत्या कर दी गई है और हत्या का आरोप युवती के ससुराल वालों पर लगा है। मृतका प्रियंका के परिवार के मुताबिक शादी के बाद से ससुराल के लोग प्रियंका को दहेज के लिए परेशान करते थे। वहीं, मांग नहीं पूरी होने पर आज उसे ससुराल वालों ने मार डाला।नवादा में दहेजलोभियों की भेंट चढ़ी एक और विवाहिताविवाहिता का शव बेड पर अचेत अवस्था में मिला है। मृतका प्रियंका की शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित करने के परिजनों ने आरोप लगाए हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि सुसराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है।मृतका के पिता देवेंद्र चौहान की शिकायत पर पुलिस ने पति रंजन सहित चाचा, सास और ससुर के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करना मामला दर्ज कराया है। जानकारी के मुताबिक कादिरगंज थाना क्षेत्र के सहजपुरा गांव के रहने वाले देवेन्द्र चौहान ने अपनी बेटी प्रियंका का विवाह बेलदलहा गांव के रहने वाले रंजन चौहान के साथ अप्रैल 2022 में किया था। आरोपी पति और चाचा गिरफ्तारमायके पक्ष का कहना है कि लड़के वालों को शादी के वक्त हैसियत से ज्यादा दान दहेज के सामान दिया था। उसके बाद भी नीलम को ससुराल के लोग परेशान करते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर अक्सर उसके साथ पति, सास और ससुर द्वारा मारपीट किया जाने लगा। अक्सर प्रियंका अपने माता-पिता को अपने सास-ससुर और पति की करतूत बताती थी और कहती थी कि ये लोग दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर उसकी हत्या भी कर देंगे, जिसके बाद प्रियंका के परिवार वालों ने इसे लेकर सामाजिक समझौता भी कराया था। सास-ससुर फरारइतने से भी दहेज लोभियों का मन नहीं भरा तो आज प्रियंका को मौत के घाट उतार दिया। प्रियंका का शव बेड पर अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी नजदीकी कादिरगंज पुलिस को दी। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। वहीं, कादिरगंज पुलिस ने हत्या के आरोपी प्रियंका के पति रंजन चौहान और उसके चाचा को गिरफ्तार किया है। सास-ससुर मौके से फरार हो चुका था। इंद्रदेव चौहान ने प्रियंका के सास-ससुर, पति और उसके चाचा पर हत्या का मामला दर्ज कराया है ।
NAWADA : नवादा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान नवादा विधायक विभा देवी ने जिले के चहुंमुखी विकास से संबंधित एक मॉंग पत्र मुख्यमंत्री को सौंप कर उसपर संवेदना पूर्वक विचार करने का आग्रह किया है। खासकर नवादा में केंद्रीय विद्यालय और मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए विधायक ने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि दोनों शिक्षण संस्थानों के लिए जितनी जमीन की आवश्यकता होगी, आम लोगों से चंदा करके भी सरकार को सुपुर्द करने के लिए तैयार हूं। चार पेज के मांग पत्र में कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई है, जिसमें बढ़ती बेरोजगारी, जनवितरण, पोषाहार, मध्याह्न भोजन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया गया है। नवादा में बढ़ते साइबर क्राइम का मुख्य कारण बेरोजगारी और संबंधित अधिकारियों के भ्रष्ट रवैये को बताया गया है। उन्होंने अवैध बालू के धंधे और उससे करोड़ों के राजस्व की क्षति पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया है। जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर आम लोगों की चिंता से भी अवगत कराते हुए कहा गया है कि तत्कालीन सांसद संजय पासवान, भोला सिंह, गिरिराज सिंह और चंदन सिंह के कार्यकाल में यह संभव नहीं हो पाया जबकि नवादा वासियों की यह बहुप्रतीक्षित मांग है। अब यहां के लोग वर्तमान सांसद विवेक ठाकुर से उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसी प्रकार नवादा को विकसित जिला बनाने के लिए मेडिकल कॉलेज की भी मांग की गई है और दोनों संस्थानों के लिए जमीन उपलब्ध कराने की जिम्मेवार स्वयं पर ले लिया है। मांग पत्र में नवादा के लिए रिंग रोड की मांग करते हुए प्रस्तावित बाइपास के विस्तारीकरण पर जोर दिया गया है और नहर पर शिलान्यास किए गए बाइपास को राजगीर-बोधगया में मिलाने की बात कही गई है ताकि बोधगया राजगीर के पर्यटक लछुआड़ तक आसानी से जा सके।विभा देवी ने अपने पत्र में हरिश्चंद्र स्टेडियम के उत्तर जलजमाव वाली जमीन को भव्य पार्क के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है, जिसकी अनुशंसा तत्कालीन जिलाधिकारी आशुतोष वर्मा ने भी की थी। नवादा नगर की स्वच्छता एवं सुलभ आवागमन के लिए शहर के बीच से गुजरने वाले बरहगैनियां पइन का मामला फिर से उठाया गया है। पत्र में कहा गया है कि 100 से 200 फीट चौड़ाई वाले इस पइन को अतिक्रमण मुक्त कराकर एक साथ कई विकास कार्य को अंजाम दिया जा सकता है। खासकर इस पर सड़क निर्माण कर दोनों तरफ सैकड़ों दुकानें बनाई जा सकती है, जिससे हजारों युवकों को रोजगार मिल सकता है और अच्छा-ख़ासा राजस्व भी प्राप्त हो सकता है। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और शहर के कचरे को बहा ले जाने का काम भी इसी पइन के सहारे संभव है। इसके अलावे 12 गांव के हजारों हेक्टेयर भूमि पूर्व की तरह सिंचित भी हो सकती है। विधायक विभा देवी ने बताया कि यह मांग पत्र जिले भर के कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों से मंत्रणा के बाद तैयार की गयी है, जिसे मैंने मुख्यमंत्री को सौंप दिया है और इसपर संवेदना पूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।