आरा में रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा : जय श्रीराम के नारों से गूंजा पूरा शहर, रामभक्तों के लिए था विशेष इंतजाम

Edited By:  |
 Grand procession taken out on Ram Navami in Arrah  Grand procession taken out on Ram Navami in Arrah

ARA :श्रीरामनवमी शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिकालदर्शी, परमसिद्ध संत देवराहा शिवनाथ जी महाराज के नेतृत्व में आज आरा शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस भव्य शोभायात्रा की शुरुआत रामगढिय़ा में भगवान श्रीराम और संत श्री देवराहा शिवनाथ जी महाराज की महाआरती से हुई।

महाआरती के बाद संत श्री देवराहा शिवनाथ जी महाराज ने रामगढिय़ा में शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीरामनवमी शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत श्री देवराहा शिवनाथ दास जी महाराज ने रामभक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रेम की गंगा बहाते चलो। रामजी का रुप दिखाते चलो। रामजी का जन्मदिन मनाते चलो। रामजी के नाम को जगाते चलो।

संत श्री ने आगे कहा कि भगवान राम एक ऐसे शासक थे, जो अपनी प्रजा का और पुत्रों की तरह पालन करते थे। उनके राज में सभी जीव सुखपूर्वक और प्रेमपूर्वक रहते थे। भगवान राम का आदर्श और चरित्र यदि जीव थोड़ा सा भी अपना लें तो उसका जीव का उद्धार हो जाएगा।

तुलसीदास कहते हैं कि श्रीराम के समान शील के भंडार स्वामी और कहीं भी नहीं हैं। अतः यह हमारा सौभाग्य है कि हमें भगवान राम का जन्मोत्सव मनाने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। संत श्री ने आगे कहा कि एक लकड़ी हृदय है और एक लकड़ी भगवान राम का नाम। जैसे दो लकड़ियों के परस्पर रगड़ से अग्नि प्रज्वलित हो जाती है। ठीक उसी तरह से भगवान राम का नाम लेते रहने से राम प्रकट हो जाते हैं।

जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष के साथ यह भव्य शोभायात्रा रामगढिय़ा से बड़ी चौक, गोपाली चौक, जेल रोड, शिवगंज, बडी मठिया, महादेवा, धर्मन चौक, चित्रटोली रोड, रमना रोड, महावीर टोला, करमन टोला, नवादा, स्टेशन रोड, एसपी कोठी, ब्लॉक रोड, कतिरा, पकडी चौक, जज कोठी होते हुए रमना मैदान पहुंची।

वहीं, इस दौरान समिति के सचिव सुधीर जी, रथ सजावट प्रमुख अनिल जी, उपाध्यक्ष सह ग्रामीण अध्यक्ष सन्नी पाण्डेय, उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, शहर सजावट प्रमुख बादल जालान, सुरक्षा प्रमुख राजेश्वर पासवान, अशोक तिवारी, बच्चूजी,उदय आनंद, नवीन प्रकाश, हर्ष राज मंगलम, स्टार प्रचारक सरोज पांडेय,सहित समिति के सभी सदस्य थे।

जगह-जगह रामभक्तों के सेवार्थ विभिन्न जगहों पर पानी-शरबत, मिठाई, हलुआ आदि का प्रसाद रामभक्तों को खिला रहे थे। वहीं समिति के महासचिव शंभू प्रसाद चौरसिया ने कहा कि हमलोग मर्यादा पुरुषोत्तम राम का जन्मोत्सव मना रहे हैं।इस बार की शोभायात्रा में पिछले वर्षों की तुलना में काफी रामभक्त शामिल हुए हैं।इसके लिए मैं सबको धन्यवाद देता हूँ।साथ ही साथ मैं प्रशासन और मीडिया बंधुओं को धन्यवाद देता हूँ।

वहीं शोभायात्रा में शामिल हुए केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राजकुमार सिंह, विधायक अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने संत श्री देवराहा शिवनाथ दास जी महाराज के चरणों को स्पर्श कर अपने और समस्त जनता के लिए आशीर्वाद मांगा।

(आरा से विवेक कुमार की रिपोर्ट)


Copy