BIG BREAKING : RJD को लगा बड़ा झटका, रामा सिंह ने पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद को भेजा इस्तीफा, लगाया बड़ा आरोप

Edited By:  |
Reported By:
 Rama Singh sent resignation to party supremo Lalu Prasad  Rama Singh sent resignation to party supremo Lalu Prasad

PATNA :बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी ख़बर आ रही है कि पूर्व सांसद रामा सिंह ने आरजेडी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद को अपना त्याग-पत्र भेज दिया है।

रामा सिंह ने दिया इस्तीफा

राष्ट्रीय जनता दल से इस्तीफा देते हुए रामा सिंह ने बड़ा आरोप लगाया है और कहा है कि RJD अपनी नीति और सिद्धांत से भटक चुकी है। आरजेडी की नीतियों के कारण ही वे खुद को आहत और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। आरजेडी से इस्तीफा देने के बाद रामा सिंह ने कहा कि मैंने 30 वर्षो तक RJD के खिलाफ ही राजनीति की। मुझे लगा कि आरजेडी में नया युवा नेतृत्व आया है, कुछ परिवर्तन होगा लेकिन परिवर्तन नहीं दिखा। हालात पहले से ज्यादा बुरे हो गए हैं। RJD के खिलाफ जो भी उम्मीदवार मैदान में होंगे, उनको समर्थन करूंगा।

हालांकि, पत्नी वीणा सिंह आरजेडी छोड़ेंगी या नहीं, ये फैसला उन्हें लेना है। इसके साथ ही रामा सिंह ने कहा कि वे समर्थकों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद आगे की रणनीति बनाएंगे। आपको बता दें कि रामा सिंह की पत्नी वीणा सिंह आरजेडी की महनार से विधायक हैं।

पहले भी आरजेडी में हुआ था विरोध

गौरतलब है कि साल 2019 में RJD में रामा सिंह के नाम का जबरदस्त विरोध हुआ था। आरजेडी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने सीधे तौर पर रामा सिंह का पार्टी में आने का विरोध किया था।

रामा सिंह के मामले में रघुवंश प्रसाद सिंह ने आरजेडी से इस्तीफा भी दे दिया था और पूरे मामले में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद को को हस्तक्षेप करना पड़ा था लेकिन फिर रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन के बाद आखिरकार रामा सिंह पार्टी में शामिल हुए और उनकी पत्नी वीणा सिंह को महनार से टिकट भी मिला।


Copy