पटना में स्वाद और सियासत का अनोखा संगम : ‘लिट्टी विथ मांझी' पार्टी में पहुंचे राज्यपाल और CM नीतीश, NDA नेताओं का भी हुआ जुटान
PATNA :बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी द्वारा आयोजित ‘लिट्टी विथ मांझी' पार्टी में बिहार की सियासी हलचल तेज हो गई। इस आयोजन में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत NDA के कई बड़े नेता शामिल हुए। इस मौके पर सियासी गर्माहट के साथ-साथ बिहारी स्वाद का भी खास रंग देखने को मिला।
मंच पर जुटे NDA के दिग्गज नेता
‘लिट्टी विथ मांझी' पार्टी का आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के आवास पर किया गया है, जहां बिहार के राज्यपाल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा, जदयू और हम के कई वरिष्ठ नेता इस आयोजन में शामिल हुए।
कार्यक्रम में नेताओं ने लिट्टी-चोखा और घी के साथ-साथ चटनी का भी आनंद लिया और साथ ही राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर भी चर्चा हुई। यह आयोजन सिर्फ पारंपरिक भोज नहीं था बल्कि इसे राजनीतिक मेल-मिलाप और भविष्य की रणनीति तय करने के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
‘लिट्टी विथ मांझी' पार्टी के क्या हैं राजनीतिक मायने
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी की मौजूदगी को एनडीए गठबंधन में मजबूती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। बिहार की राजनीति में जहां नए समीकरण बनने और बिगड़ने की अटकलें तेज हैं, वहीं इस भोज को सियासी रिश्तों को और मजबूत करने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
बिहार के पारंपरिक स्वाद और राजनीति का अनोखा संगम
बिहार की राजनीति में भोज आयोजनों की पुरानी परंपरा रही है, जहां राजनीति और सामाजिक ताने-बाने को मजबूती देने का काम होता है। इस कार्यक्रम ने एनडीए के अंदर की एकजुटता को भी प्रदर्शित किया। अब देखना यह होगा कि इस भोज के बाद बिहार की सियासत में क्या नए समीकरण बनते हैं।
(पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट)