हत्या या सुसाइड! : JDU के पूर्व विधायक बोगो सिंह के चालक की डेडबॉडी बरामद, पेड़ से लटका मिला शव, इलाके में मची सनसनी

Edited By:  |
 Dead body of driver of former JDU MLA Bogo Singh recovered  Dead body of driver of former JDU MLA Bogo Singh recovered

BEGUSARAI : बेगूसराय में जेडीयू के पूर्व विधायक बोगो सिंह के घर काम करने वाले चालक की डेडबॉडी बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। चालक का शव पेड़ से लटका मिला है। वहीं, परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

दरअसल, मंगलवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र कैथमा ढाला के पास स्थित एक बगीचे में लीची पेड़ से लटका चालक का शव बरामद किया गया जबकि उसकी बाइक बगीचे के बाहर खड़ी थी। मृतक की पहचान नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-45 छोटी एघु निवासी राम प्रकाश सिंह उर्फ मांगो सिंह के 27 वर्षीय पुत्र राजू कुमार सिंह के रूप में की गई है।

मृतक राजू कुमार सिंह मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बोगो सिंह का ड्राइवर था। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष फैजल अहमद अंसारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर मृतक की बाइक, एक जोड़ी हवाई चप्पल और टोपी बरामद किया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि लीची के पेड़ से लाल रंग की प्लास्टिक की रस्सी से लटके शव की हालत और घटनास्थल के आसपास की स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि पेड़ से करीब 50 मीटर दूर राजू कुमार सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। उसके बाद शव को बगीचे में घसीट कर लाया गया और लीची के पेड़ से लटका दिया गया है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि राजू कुमार बोगो सिंह के यहां ड्राइवर की नौकरी करता था और उसके पुत्र की गाड़ी चलाता था। कल भी वह ड्यूटी पर नहीं गया था और आज सुबह करीब 10 बजे अपनी पत्नी को खाना बनाने की बात कह घर से निकला था। काफी देर बाद भी वापस नहीं आने पर पत्नी ने फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ।

दोपहर में जब कुछ महिलाएं गेहूं की कटनी कर खेत से वापस लौट रही थीं तो लीची के पेड़ में शव लटका देखा। उसके बाद गांव जाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर स्थित राजू के मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो उसकी पहचान हुई। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी रमेश कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर 2 बजे मुफस्सिल थाना पुलिस को पेड़ से लटके शव होने की सूचना मिली थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।


Copy