बुलो मंडल JDU में हुए शामिल : CM नीतीश ने दिलायी पार्टी की सदस्यता, कहा : RJD में खत्म हो चुका है आंतरिक लोकतंत्र

Edited By:  |
Reported By:
 Bulo Mandal joins JDU  Bulo Mandal joins JDU

PATNA :बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है कि बुधवार को आरजेडी को बाय-बाय बोलने वाले बुलो मंडल ने गुरुवार को जेडीयू का दामन थाम लिया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही बुलो मंडल को जेडीयू की सदस्यता दिलायी है।

फिलहाल बुलो मंडल के जेडीयू में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। सियासी गलियारे में इस बात की चर्चा है कि बुलो मंडल भागलपुर सीट से लड़ना चाहते थे लेकिन सीट शेयरिंग में भागलपुर सीट कांग्रेस को मिलने के बाद वो पार्टी से नाराज चल रहे थे। फिलहाल इस सीट पर जेडीयू ने अजय मंडल को उम्मीदवार बनाया है।

जेडीयू में शामिल होने के बाद बुलो मंडल ने कहा कि लालू प्रसाद वाली आरजेडी अब नहीं रही। पार्टी के अंदर आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 18 सालों से मुख्यमंत्री हैं। मैं विपक्ष में था और कटाव विरोधी कार्य के लिए मैंने मुख्यमंत्री से अपील की, जिसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 500 करोड़ की योजना दे दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मेरी जरूरत आरजेडी को नहीं रही। जेडीयू में काम करने वाली टीम है। 17 सालों में बिहार आगे बढ़ा है।

वहीं, जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि बुलो मंडल अतिपिछड़ा समाज से आते हैं। गांगोटा समाज से आते हैं। बुलो मण्डल ने अपने मन की पीड़ा कही है। भागलपुर से मेरा छात्र आंदोलन के समय से रिश्ता रहा है। 2019 में ही मैं चाहता था कि बुलो मंडल जेडीयू से जुड़े लेकिन इन्होंने मना कर दिया था लेकिन बुलो मंडल की पीड़ा ने आरजेडी का चरित्र उजागर कर दिया। अतिपिछड़ों को लेकर आरजेडी की सोच उजागर हो गई है। नीतीश कुमार ने अतिपिछड़ा समाज, दलित और महिलाओं के लिए जो काम किए हैं, कई राज्यों ने उसका अनुकरण किया है। जेडीयू एक पार्टी नहीं बल्कि परिवार है। यहां आंतरिक लोकतंत्र है।

वहीं, आरजेडी और तेजस्वी पर प्रहार करते हुए ललन सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव को किसने हाइजैक किया है, उनके परिवार ने ही उन्हें हाइजैक किया है।

वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पूर्णिया में पीएम मोदी के साथ प्रचार में नहीं जाने पर ललन सिंह ने दो टूक कहा कि प्रधानमंत्री ने फैसला लिया है कि NDA के नेता अलग-अलग बंटकर चुनाव प्रचार करें ताकि अधिक से अधिक जनता से हम कनेक्ट हो सकें।

गौरतलब है कि बुलो मंडल ने 2014 की मोदी लहर में भागलपुर से आरजेडी की टिकट पर चुनाव जीता था। उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन को हराया था। हालांकि इसके बाद वो 2019 में भागलपुर से चुनाव हार गए थे और अब 2024 में एक बार फिर इसी सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे।


Copy