Bihar : बिहार में आरजेडी के बड़े नेता को बदमाशों ने मारी गोली, सियासी गलियारे में मचा हड़कंप

Edited By:  |
 Big RJD leader shot by miscreants in Bihar  Big RJD leader shot by miscreants in Bihar

Munger :बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव बदस्तूर जारी है। बेलगाम बदमाशों ने एकबार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है और लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश महासचिव पंकज यादव को गोली मार दी है। इस घटना के बाद सियासी गलियारे में हड़कंप मच गया है। वहीं, आरजेडी नेताओं ने इस घटना को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधा है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई घटना

इस घटना के बाद तुरंत उन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक कासिम बाजार थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी आरजेडी नेता पंकज यादव को अपराधियों ने गोली मारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। जानकारी के मुताबिक आरजेडी नेता को बदमाशों ने उसवक्त गोली मारी, जब वे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। अपराधियों ने पंकज यादव को तीन गोली मारी। इनमें से एक गोली उनके सीने में लगी है। इलाज के लिए उन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती करवाया गया है।

गोली मारने के बाद बेखौफ अपराधी फरार हो गए। वहीं, मैदान में उनके साथ टहल रहे अन्य लोगों ने उन्हें तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने उनके सीने से गोली निकाल दी है। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं।

तफ्तीश में जुटी पुलिस

वहीं, इस वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गयी है। मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी जा रही है।

(मुंगेर से अमृतेश की रिपोर्ट)