Rath Yatra 2024 : प्रभु जगन्नाथ आज लौटेंगे मुख्य मंदिर, बड़ी संख्या में भक्त घुरती रथ यात्रा में करेंगे भगवान का दर्शन

Edited By:  |
Reported By:
rath yatra 2024 rath yatra 2024

रांची: भगवान जगन्नाथ भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ बुधवार शाम को मुख्य मंदिर लौट जायेंगे. इस मौके पर रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर में घुरती रथ यात्रा का आयोजन किया गया है.

नौ दिनों तक मौसीबाड़ी में विश्राम करने के बाद भगवान जगन्नाथ आज शाम मुख्यमंदिर लौट जाएंगे. आषाढ़ माह की शुक्ल पक्ष एकादशी को पूजा अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा और भाई बलराम रथ से मंदिर लौटेंगे. इस दौरान प्रभु हजारों भक्तों को अपना दर्शन देंगे. फिर मंदिर के गर्भगृह में प्रभु को ले जाया जाएगा.इससे पहले मंगलवार को शाम में भगवान जगन्नाथ व अन्य विग्रहों को भोग लगाया गया. भगवान को खीर,खिचड़ी और सब्जी एक साथ परोसा गया. इस मौके पर मंदिर के प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव ने बताया कि साल में यही एक दिन ऐसा होता है, जब भगवान को खीर और खिचड़ी एक साथ भोग लगाया जाता है. भगवान को भोग लगाने के बाद भव्य आरती की गयी. इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीच भोग का वितरण किया गया.

बता दें कि भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा का आज सुबह पूजा की गई. इसके बाद भगवान को भोग लगाया गया. दोपहर 2.50 बजे भगवान का दर्शन बंद रहेगा. सभी मूर्तियों का रथ के लिए प्रस्थान होगा. दोपहर 3 बजे तक रथारुढ़ भगवान का श्रृंगार, दोपहर 3.05 बजे से रथ के ऊपर श्रीविष्णु सहस्त्रनाम, आरती, श्रीजगन्नाष्टकम गीता का द्वादश अध्याय का पाठ,शाम 4 बजे रथ का मुख्य मंदिर के लिए प्रस्थान होगा. घुरती रथ यात्रा में बड़ी संख्या में लोग भगवान जगन्नाथ का दर्शन करेंगे. शाम 5 बजे तक प्रभु जगन्नाथ रथ से मुख्य मंदिर पहुंचेंगे.