तिरंगे में लिपटा घर पहुंचा शहीद का शव : पार्थिव शरीर के साथ निकली अंतिम यात्रा, नम आंखों से हजारों लोगों ने दी विदाई

Edited By:  |
Reported By:
 Martyr's body reached home wrapped in tricolor  Martyr's body reached home wrapped in tricolor

NAWADA :नवादा के वारिसलीगंज प्रखंड के नारोमुरार गांव में शहीद जवान का पार्थिव शरीर पहुंचने से परिजनों में कोहराम मच गया। जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में सेना के गश्ती वाहन पर हुए आतंकी हमले में नवादा के चंदन अपने 5 साथियों के साथ शहीद हो गये थे।


तिरंगे में लिपटा घर पहुंचा शहीद का शव

उनका पार्थिव शरीर सेना के हेलीकॉप्टर से गया लाया गया, जहां गया एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा शहीद जवान का पार्थिव शरीर को गृहनगर नवादा जिले के वरिसलीगंज प्रखंड के नारोमुरार गांव लाया गया, जहां नम आंखों से हजारों लोग अंतिम विदाई देने के लिए एकत्रित हुए थे।


लोगों की आंखें हुई नम

शहीद जवान चंदन कुमार का पार्थिव शरीर सोमवार को जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरा माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगे के साथ शहीद की शवयात्रा निकाली और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस मौके पर सेना के कई जवान भी मौजूद रहे।

वहीं, शहीद जवान को गांव से सटे मुक्तिधाम में राजकीय सम्मान के साथ सलामी देते हुए अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान 'चंदन कुमार अमर रहे' के नारों से पूरा इलाका गुंजायमान हो गया। वहीं, बिहार पुलिस के अधिकारियों द्वारा भी पुष्पांजलि अर्पित की गई। पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उन्हें तोपों की सलामी भी दी गई।

शहीद चंदन नवादा जिले के वरिसलीगंज प्रखंड के कुटरी पंचायत के नारोमुरार गांव निवासी मौलेश्वर सिंह के पुत्र बताए जाते है। शहीद आर्मी का राइफल मैन चंदन कुमार 89 आर्म्ड रेजिमेंट के जवान थे। पिछले ढाई वर्षों से चंदन जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में तैनात थे। उनके बलिदान की ख़बर सुनते ही पूरे गांव में शोक का माहौल कायम हो गया। शहीद चंदन 5 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे जबकि एक साल पहले उनकी शादी हुई थी।

बिहार के लाल पर गर्व

मृतक शहीद के मां जयंती देवी ने बताया कि चंदन कहता था कि देशसेवा सर्वोपरि है। चंदन कहता था कि अगर देशसेवा करते मर भी गया तो तिरंगे में लिपटकर घर आऊंगा।

आतंकियों पर हो सख्त कार्रवाई

इधर, ग्रामीणों ने आतंकियों के सफाये के लिए अभियान चलाने की मांग की है। पुंछ के आतंकी हमले को काफी घृणित करार दिया है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। दानापुर कैंट के आर्मी कर्नल विनय कुमार ने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी।


Copy