झारखंड में राहुल गांधी की आज 2 चुनावी सभा : रांची पहुंचने पर कांग्रेस नेता ने प्रत्याशी यशस्विनी सहाय को दिया जीत का मंत्र
रांची : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे. रांची हवाई अड्डा पर राहुल गांधी का पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, सुबोधकांत सहाय, विधायक अम्बा प्रसाद एवं रांची लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने जोरदार स्वागत किया. राहुल गांधी रांची पहुंचने के बाद चाईबासा में चुनावी सभा करने गये हैं. रांची एयरपोर्ट के वेटिंग एरीना में राहुल गांधी ने रांची से पार्टी कैंडिडेट यशस्विनी सहाय को जीत का मंत्र दिया.
आपको बता दें कि राहुल गांधी का आज झारखंड के चाईबासा और गुमला के बसिया में चुनावी सभा है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी रांची हवाई अड्डा पहुंचने के बाद वहां से चाईबासा के लिए रवाना हुए. चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में वे जोबा मांझी के पक्ष में चुनावी सभा करने गये हैं. चाईबासा में चुनावी जनसभा करने के बाद राहुल गांधी गुमला के बसिया जायेंगे. बसिया में राहुल गांधी कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत के पक्ष में चुनावी सभा करेंगे.